फिर भड़की अमेरिका-ईरान टेंशन! केशम और बंदर अब्बास पर अमेरिकी हमला, क्रूड 100 डॉलर के पार
ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में ईरान ने अमेरिकी युद्धपोतों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं. ईरानी सेना के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया कि मिसाइल हमलों में अमेरिकी यूनिट्स को भारी नुकसान पहुंचा और उन्हें इलाके से पीछे हटना पड़ा. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
अमेरिका और ईरान के बीच घोषित सीजफायर के बावजूद पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है. होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी नौसैनिक जहाजों पर कथित ईरानी हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप, बंदर अब्बास और मीनाब इलाके में सैन्य कार्रवाई की है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सेना ने उन ठिकानों को निशाना बनाया जिन्हें ईरान की मिसाइल और ड्रोन गतिविधियों से जुड़ा बताया गया है. इन हमलों के बाद तेहरान समेत कई इलाकों में एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए.
अमेरिका का दावा- जहाजों पर हुए हमले का दिया जवाब
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कार्रवाई की पुष्टि की. बयान में कहा गया कि 7 मई को अमेरिकी नौसेना के गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे थे, तभी ईरान की ओर से मिसाइलें दागी गईं और ड्रोन व छोटी नौकाओं के जरिए हमला करने की कोशिश की गई. सेंट्रल कमांड के मुताबिक अमेरिकी सेना ने सभी खतरों को नष्ट कर दिया और जवाबी कार्रवाई में ईरान के उन सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जो कथित तौर पर हमलों में शामिल थे. अमेरिका ने दावा किया है कि जिन ठिकानों पर हमला हुआ उनमें मिसाइल लॉन्च साइट, ड्रोन बेस, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और निगरानी इकाइयां शामिल थीं. साथ ही यह भी कहा गया कि अमेरिकी जहाजों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा.
ट्रंप का बयान- “ये सिर्फ लव टैप था”

अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिकी डिस्ट्रॉयर सफलतापूर्वक होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं और उन पर हुए हमलों को विफल कर दिया गया. ट्रंप ने दावा किया कि ईरानी मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया, जबकि कई ड्रोन और छोटी नौकाओं को समुद्र में नष्ट कर दिया गया. उन्होंने अमेरिकी जवाबी कार्रवाई को “लव टैप” बताते हुए कहा कि यह केवल एक चेतावनी के रूप में उठाया गया कदम था. ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “ईरान कोई सामान्य देश नहीं है और वहां सनकी लोग सत्ता चला रहे हैं.”

ईरान में कई जगह धमाकों की खबर
ईरानी समाचार एजेंसियों के मुताबिक, केशम द्वीप, बंदर अब्बास, सिरिक और मीनाब शहर में धमाकों की आवाजें सुनी गईं. ईरान ने दावा किया कि एयर डिफेंस सिस्टम ने कई छोटे ड्रोन इंटरसेप्ट किए और दो दुश्मन ड्रोन मार गिराए. ईरान की सरकारी एजेंसी मीजान के अनुसार, केशम में सुनाई दिए धमाके एयर डिफेंस की कार्रवाई के कारण हुए.
ईरान का आरोप- अमेरिका ने तोड़ा सीजफायर
ईरानी सैन्य अधिकारियों ने अमेरिका पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पहले अमेरिकी बलों ने होर्मुज क्षेत्र में एक ईरानी टैंकर को निशाना बनाया और बाद में नागरिक इलाकों पर हमले किए. ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि इन कार्रवाइयों का “कड़ा जवाब” दिया जाएगा.
ईरान ने भी अमेरिकी युद्धपोत पर हमले का दावा किया
ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में ईरान ने अमेरिकी युद्धपोतों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं. ईरानी सेना के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया कि मिसाइल हमलों में अमेरिकी यूनिट्स को भारी नुकसान पहुंचा और उन्हें इलाके से पीछे हटना पड़ा. हालांकि, इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है.
सुप्रीम लीडर की निगरानी में हालात
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरानी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा है कि देश का नेतृत्व लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. अधिकारियों के मुताबिक सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की अनुमति के बिना कोई बड़ा सैन्य या रणनीतिक फैसला नहीं लिया जा रहा है और सभी गतिविधियों की निगरानी शीर्ष स्तर पर की जा रही है.
ब्रेंट क्रूड में तेजी
हमले का असर ब्रेंट क्रूड पर देखने को मिल रहा है. ब्रेंट क्रूड में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है. यह 101 के पार निकल चुका है. वहीं, ग्लोबल मार्केट में भी गिरावट देखने को मिली है. गिफ्ट निफ्टी में सुबह 7 बजे 106 अंकों की गिरावट देखने को मिल रही है.
Latest Stories
रुपये को मिली राहत, डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत; जानिए क्या रही वजह
55 से 65 अरब डॉलर विदेशी निवेश की उम्मीद, RBI के फैसलों से पेमेंट बैलेंस होगा मजबूत; रिपोर्ट में दावा
Paytm में होंगी 4,000 भर्तियां, AI पर कंपनी का जोर; 3.91 फीसदी चढ़े शेयर
