Bajaj, Honda, TVS, Royal Enfield सभी दिग्गज हैं क्लाइंट, अब IPO लाएगी ये कंपनी, देखें इश्यू साइज
बैन कैपिटल समर्थित ऑटो कंपोनेंट निर्माता Dhoot Transmission ने अपने IPO के लिए सेबी के पास अपडेटेड ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल किए हैं. कंपनी ₹1,400 करोड़ के फ्रेश इश्यू और 1.63 करोड़ शेयरों के OFS के जरिए फंड जुटाने की तैयारी में है.

Upcoming IPO: ऑटोमोबाइल सेक्टर में निवेश करने वालों के लिए अच्छी खबर है. दिग्गज ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म ‘बेन कैपिटल’ के निवेश वाली ऑटो कंपोनेंट निर्माता कंपनी धूत ट्रांसमिशन अपना आईपीओ लाने की तैयारी में है. कंपनी ने बाजार नियामक सेबी के पास अपने अपडेटेड ड्राफ्ट पेपर्स (UDRHP) जमा करा दिए हैं. सेबी से हरी झंडी मिलने के बाद अब कंपनी जल्द ही प्राइमरी मार्केट में दस्तक दे सकती है.
₹1400 करोड़ के नए शेयर और बड़ा OFS
धूत ट्रांसमिशन का यह आईपीओ फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (OFS) का एक मिला-जुला रूप होगा. दस्तावेजों के मुताबिक:
- फ्रेश इश्यू: कंपनी ₹1,400 करोड़ मूल्य के नए इक्विटी शेयर जारी करेगी.
- ऑफर फॉर सेल (OFS): इसके तहत प्रमोटर और मौजूदा शेयरधारक 1.63 करोड़ तक इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे.
- बेन कैपिटल की हिस्सेदारी: बेन कैपिटल की सहयोगी कंपनी ‘बीसी एशिया इन्वेस्टमेंट्स XV लिमिटेड’ ओएफएस के जरिए अपने 1.32 करोड़ शेयर बेचेगी. बता दें कि बेन कैपिटल ने अप्रैल 2025 में ही कंपनी में 49% हिस्सेदारी खरीदी थी.
आईपीओ के पैसों का कहां होगा इस्तेमाल?
नए शेयरों से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने बिजनेस विस्तार और कर्ज को कम करने में करेगी:
- कर्ज भुगतान: कंपनी खुद का कर्ज चुकाने के लिए ₹493.9 करोड़ खर्च करेगी.
- सब्सिडियरीज में निवेश: धूत ऑटोकंपोनेंट्स और धूत इलेक्ट्रिकल्स जैसी सहयोगी कंपनियों का कर्ज चुकाने के लिए ₹272.58 करोड़ का निवेश किया जाएगा.
- नई फैक्ट्रियां: हरियाणा के झज्जर और तमिलनाडु के होसुर (शूलगिरी) में नई वायरिंग हार्नेस मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी लगाने के लिए ₹150 करोड़ खर्च किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: खुलने से पहले ही छाया ये IPO, ₹149 के शेयर पर ग्रे मार्केट में ₹85 का प्रीमियम, 1 लॉट पर सीधा ₹93000 का फायदा
बाजार में दबदबा और मजबूत फाइनेंशियल रिकॉर्ड
साल 1999 में शुरू हुई धूत ट्रांसमिशन गाड़ियों के लिए क्रिटिकल वायरिंग हार्नेस, इलेक्ट्रॉनिक सेंसर्स, स्विचेज और डेटा केबल्स जैसे जरूरी पार्ट्स बनाती है. कंपनी के ग्राहक बड़े ब्रांड्स हैं:
- मार्केट शेयर: वित्त वर्ष 2024-25 में वैल्यू के लिहाज से देश के टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर वायरिंग हार्नेस बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 44.64% थी.
- प्रमुख ग्राहक: इसके क्लाइंट्स में बजाज ऑटो, टीवीएस मोटर, होंडा मोटरसाइकिल और रॉयल एनफील्ड जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं.
- वित्तीय सेहत: कंपनी का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2023 के ₹2,125.86 करोड़ से 62% बढ़कर वित्त वर्ष 2025 में ₹3,444.86 करोड़ हो गया है. वहीं, इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा (PAT) दोगुने से अधिक बढ़कर ₹353.89 करोड़ पर पहुंच गया है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.