FII ने खींचे हाथ तो धड़ाम हुए ये बड़े स्टॉक्स, पर इन 3 शेयरों ने जारी रखी उड़ान; क्या आपने भी लगाया है पैसा

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की गतिविधियों पर बाजार की हमेशा नजर रहती है, क्योंकि वे आमतौर पर गहन रिसर्च के बाद ही निवेश का फैसला लेते हैं. पिछले दो तिमाहियों में FIIs ने कई बड़े भारतीय शेयरों में अपनी हिस्सेदारी लगातार घटाई है. दिलचस्प बात यह है कि जिन 106 लार्ज-कैप कंपनियों में FII की हिस्सेदारी कम हुई.

बड़ी बिकवाली. Image Credit: Canva

शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की हर चाल पर घरेलू निवेशकों की नजर रहती है. माना जाता है कि FII किसी भी कंपनी में बेहद गहरी रिसर्च के बाद ही पैसा लगाते हैं. इसलिए, बाजार के जानकार सिर्फ यह नहीं देखते कि FII कहां खरीदारी कर रहे हैं, बल्कि उनका बिकवाली का ट्रेंड भी उतना ही अहम संकेत देता है.

हालिया आंकड़ों के मुताबिक, बीएसई (BSE) लार्ज-कैप स्पेस की करीब 106 कंपनियों में FII ने पिछले दो तिमाहियों (दिसंबर 2025 और मार्च 2026) से लगातार अपनी हिस्सेदारी घटाई है. डेटा प्रोवाइडर ‘ACE इक्विटी’ के मुताबिक, FII की इस बिकवाली का असर इन कंपनियों के प्रदर्शन पर साफ दिखा. पिछले छह महीनों में इनमें से ज्यादातर कंपनियों ने निवेशकों को निराश किया और करीब 13 बड़े स्टॉक्स ऐसे रहे जो 25% से 40% तक टूट गए. हालांकि, इस चौतरफा बिकवाली के बीच 3 शेयर ऐसे भी रहे, जिन्होंने FII के भागने के बाद भी 40% से ज्यादा का धमाकेदार रिटर्न दिया.

बिकवाली के दबाव में टूटने वाले प्रमुख शेयर

FII की लगातार बिकवाली के चलते पिछले छह महीनों में जिन बड़े शेयरों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा, उनकी स्थिति कुछ इस प्रकार रही:

  • KPIT टेक्नोलॉजी: इस शेयर में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई. छह महीनों में यह 39% टूटकर 1,266 रुपये से 777 रुपये पर आ गया. इस दौरान FII की हिस्सेदारी 14.31% से घटकर 13.25% रह गई.
  • वेदांत फैशन्स: कंपनी का स्टॉक 32% फिसलकर 597 रुपये से 406 रुपये पर बंद हुआ. FII ने यहां अपनी ओनरशिप 9.76% से घटाकर 8.28% कर दी.
  • HCL टेक्नोलॉजीज और ITC : इन दोनों ही दिग्गजों में निवेशकों को 31-31% का घाटा हुआ. HCL टेक का भाव 1,683 रुपये से गिरकर 1,154 रुपये पर आ गया (FII हिस्सेदारी 16.64% से घटकर 15.50% हुई). वहीं ITC का शेयर 405 रुपये से घटकर 281 रुपये पर आ गया (FII हिस्सेदारी 37.39% से गिरकर 34.83% रही).
  • हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज: FII ने मार्च तिमाही में यहां भारी बिकवाली की, जिससे उनकी हिस्सेदारी 8.31% से घटकर सीधे 4.20% रह गई. नतीजा यह हुआ कि शेयर छह महीने में 30% टूटकर 755 रुपये से 526 रुपये पर आ गया.
  • L&T टेक्नोलॉजी सर्विसेज और इन्फो एज: इन दोनों ही शेयरों में 29% की गिरावट दर्ज की गई. एलएंडटी टेक जहां 4,543 रुपये से गिरकर 3,215 रुपये पर आ गया, वहीं इन्फो एज 1,388 रुपये से लुढ़ककर 988 रुपये पर बंद हुआ. दोनों में ही FII ने लगातार शेयर बेचे.
  • केन्स टेक्नोलॉजी और जुबिलेंट फूडवर्क्स: इन दोनों स्टॉक्स में भी 28-28% की बड़ी गिरावट आई. केन्स का भाव 4,359 रुपये से घटकर 3,123 रुपये और जुबिलेंट का भाव 593 रुपये से गिरकर 427 रुपये पर आ गया.
  • अन्य बड़ी गिरावटें: इसके अलावा एजिस वोपाक टर्मिनल्स (27% डाउन), इमामी (27% डाउन), आईटीसी होटल्स (26% डाउन) और बैंकिंग दिग्गज एचडीएफसी बैंक (25% डाउन, 1003 रुपये से गिरकर 747 रुपये) के शेयरों को भी FII की बिकवाली का खामियाजा भुगतना पड़ा.

FII की बिकवाली बेअसर, इन 3 शेयर्स ने काटा गदर

जहां एक तरफ FII के हाथ खींचने से बड़े-बड़े दिग्गज धराशायी हो रहे थे, वहीं दूसरी तरफ तीन लार्ज-कैप स्टॉक्स ने बाजार के इस रुख को पूरी तरह चुनौती दी और छप्परफाड़ रिटर्न कमा कर दिया:

  • सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया: सितंबर 2025 में इस कंपनी में FII की हिस्सेदारी 7.11% थी, जो मार्च 2026 तक घटकर 6.59% रह गई. लेकिन इस बिकवाली के बावजूद शेयर ने 44% की जबरदस्त छलांग लगाई और 12,808 रुपये से बढ़कर 18,432 रुपये पर पहुंच गया.
  • बंधन बैंक: इस बैंकिंग स्टॉक में FII हिस्सेदारी 23.44% से घटकर 22.07% पर आ गई, लेकिन निवेशकों के लिए यह शेयर रॉकेट बन गया. छह महीनों में यह करीब 47% चढ़कर 140 रुपये से 206 रुपये पर पहुंच गया.
  • थर्मेक्स (सबसे बड़ा विनर): इस शेयर ने FII को पूरी तरह गलत साबित कर दिया. FII ने अपनी हिस्सेदारी 13.44% से घटाकर 11.25% कर ली, लेकिन कंपनी का स्टॉक पिछले छह महीने में करीब 70% का बंपर रिटर्न देते हुए 2,845 रुपये से सीधे 4,833 रुपये पर जा पहुंचा.

बाजार का यह ट्रेंड साफ दिखाता है कि FII की बिकवाली भले ही ज्यादातर शेयरों पर भारी पड़ती है, लेकिन मजबूत डोमेस्टिक सपोर्ट या कंपनी के दमदार फंडामेंटल्स के दम पर कुछ स्टॉक्स विदेशी निवेशकों के बिना भी लंबी रेस का घोड़ा साबित होते हैं.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.