आईवियर मार्केट का Tanishq बनेगा Lenskart, ब्रोकरेज ने दी BUY रेटिंग; 18% तक उछल सकता है शेयर
भारत के आईवियर बाजार में तेजी से उभर रही Lenskart को लेकर Elara Capital ने BUY रेटिंग जारी की है. ब्रोकरेज का मानना है कि Lenskart भविष्य में Tanishq की तरह आईवियर इंडस्ट्री की सबसे मजबूत और भरोसेमंद कंपनी बन सकती है. कंपनी का फुल-स्टैक बिजनेस मॉडल, मजबूत रिटेल नेटवर्क, टेक्नोलॉजी आधारित आई टेस्टिंग और इंटरनेशनल विस्तार इसकी सबसे बड़ी ताकत माने जा रहे हैं.

Lenskart Share Price: भारत के आईवियर मार्केट में तेजी से उभर रही Lenskart को लेकर ब्रोकरेज फर्म Elara Capital ने बड़ा अनुमान जताया है. ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले समय में Lenskart उसी तरह आईवियर इंडस्ट्री की सबसे भरोसेमंद और मजबूत कंपनी बन सकती है, जैसे ज्वेलरी सेक्टर में Tanishq ने अपनी पहचान बनाई. इसी भरोसे के साथ Elara Capital ने कंपनी पर कवरेज शुरू करते हुए “BUY” रेटिंग दी है और 615 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है. बुधवार को कंपनी का शेयर इंट्रा-डे कारोबार में 1.87 फीसदी बढ़कर 520.45 रुपये पर पहुंच गया. ऐसे में यह मौजूदा स्तर से करीब 18 फीसदी की संभावित तेजी को दिखा रहा है.
मजबूत बिजनेस मॉडल बना सबसे बड़ी ताकत
ब्रोकरेज रिपोर्ट के अनुसार, Lenskart ने भारत में एक ऐसा फुल-स्टैक बिजनेस मॉडल तैयार किया है, जिसे कॉपी करना प्रतिस्पर्धियों के लिए आसान नहीं होगा. कंपनी डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन, आई टेस्टिंग और रिटेल नेटवर्क तक पूरी वैल्यू चेन को खुद संभालती है. यही वजह है कि कंपनी लगातार ग्रोथ और बेहतर मार्जिन हासिल कर रही है. Elara Capital का कहना है कि यह मॉडल Lenskart को लंबे समय तक बाजार में बढ़त दिला सकता है.
रिटेल सेक्टर में शानदार प्रदर्शन
रिपोर्ट में कहा गया है कि Lenskart की प्रति स्क्वायर फीट रेवेन्यू क्षमता इंडस्ट्री में सबसे मजबूत मानी जा रही है. कंपनी प्रति स्क्वायर फीट लगभग 25,000 से 30,000 रुपये तक का रेवेन्यू हासिल कर रही है. इसके अलावा, कंपनी का प्राइवेट लेबल मॉडल उसे बेहतर ग्रॉस मार्जिन देता है. खास बात यह है कि कंपनी के स्टोर लगभग 10 से 12 महीने में अपनी लागत निकाल लेते हैं, जिसे रिटेल सेक्टर में बेहद मजबूत प्रदर्शन माना जाता है.
फ्री आई टेस्टिंग और टेक्नोलॉजी पर फोकस
Lenskart ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए टेक्नोलॉजी और फ्री आई टेस्टिंग का बड़ा इस्तेमाल कर रही है. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी हर स्टोर पर हर महीने करीब 600 आई टेस्ट करती है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने कुल 23.7 मिलियन आई टेस्ट किए. कंपनी आने वाले समय में 100 मिलियन आई टेस्ट का लक्ष्य लेकर चल रही है. टेक्नोलॉजी आधारित रिमोट टेस्टिंग और तेज डिलीवरी सिस्टम कंपनी को प्रतिस्पर्धियों से अलग बनाता है.
इंटरनेशनल बाजार में भी बढ़ रही पकड़
Elara Capital ने कंपनी की इंटरनेशनल रणनीति को भी सकारात्मक बताया है. Lenskart अब 10 से ज्यादा देशों में मौजूद है और 600 से अधिक स्टोर ऑपरेट कर रही है. कंपनी ने 2022 में Owndays और 2025 में Meller ब्रांड का अधिग्रहण किया, जिससे उसे प्रीमियम बाजारों और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद मिली. वर्तमान में कंपनी के कुल रेवेन्यू में इंटरनेशनल बिजनेस की हिस्सेदारी 42 फीसदी तक पहुंच चुकी है.
वित्तीय नतीजों ने बढ़ाया भरोसा
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में Lenskart का रेवेन्यू 46 फीसदी बढ़कर 2,516 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पूरे वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 9,002 करोड़ रुपये रहा. EBITDA में 55.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और एडजस्टेड PAT 148 फीसदी उछलकर 530 करोड़ रुपये पहुंच गया. हालांकि तिमाही नेट प्रॉफिट में हल्की गिरावट देखने को मिली, लेकिन ब्रोकरेज फर्म्स अब भी कंपनी की लंबी अवधि की ग्रोथ स्टोरी को लेकर काफी आशावादी हैं.
यह भी पढ़ें: दूध, दवाई, कपड़े, गाड़ियां…घर चलाने वाली हर चीजें होंगी महंगी, 44 महीने के टॉप पर पहुंचा इनपुट कॉस्ट रेशियो
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.