अब बिना OTP और UPI Pin के कर सकेंगे ऑनलाइन पेमेंट!

29/05/2026

Kumar Saket

बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने ग्राहकों के लिए डिजिटल पेमेंट को और आसान और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. बैंक ने अपने यूपीआई ऐप ‘बॉब ई पे’ में कई नई सुविधाएं शुरू की हैं. अब ग्राहक फिंगरप्रिंट और फेस रिकग्निशन यानी चेहरे की पहचान के जरिए भी यूपीआई पेमेंट कर सकेंगे.

डिजिटल पेमेंट

बैंक ऑफ बड़ौदा का कहना है कि ‘बॉब ई पे’ एक यूनिवर्सल यूपीआई ऐप है. इसका इस्तेमाल सिर्फ बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक ही नहीं, बल्कि किसी भी बैंक के ग्राहक कर सकते हैं. नई सुविधाओं का मकसद लोगों को तेज, आसान और ज्यादा सुरक्षित डिजिटल पेमेंट का अनुभव देना है. नई सुविधा के तहत अब ग्राहक अपने मोबाइल में पहले से मौजूद फिंगरप्रिंट या फेस लॉक का इस्तेमाल करके यूपीआई पेमेंट कर पाएंगे.

BoB

यह सुविधा पर्सन टू पर्सन यानी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को पैसे भेजने और पर्सन टू मर्चेंट यानी दुकानदार को पेमेंट करने दोनों में काम करेगी. इसके अलावा ग्राहक अपने अकाउंट का बैलेंस भी इसी तरीके से चेक कर पाएंगे. हालांकि बैंक ने यह भी साफ किया है कि जो लोग पहले की तरह यूपीआई पिन इस्तेमाल करना चाहते हैं, वे उसे भी जारी रख सकते हैं.

कैसे होगा काम?

बैंक ने एक और बड़ी सुविधा शुरू की है, जिसमें अब ग्राहक बिना डेबिट कार्ड के भी अपना यूपीआई पिन सेट या रिसेट कर सकेंगे. इसके लिए यूआईडीएआई का फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम इस्तेमाल किया जाएगा. यानी ग्राहक अपने चेहरे की पहचान और बैंक से आने वाले ओटीपी के जरिए नया यूपीआई पिन बना सकेंगे. अभी तक कई लोगों को यूपीआई पिन रिसेट करने में दिक्कत आती थी, क्योंकि इसके लिए डेबिट कार्ड की जरूरत पड़ती थी.

UPI PIN Reset

बैंक ऑफ बड़ौदा ने आईओटी आधारित पेमेंट सुविधा भी शुरू की है. आईओटी यानी इंटरनेट ऑफ थिंग्स ऐसी तकनीक है जिसमें स्मार्ट डिवाइस इंटरनेट के जरिए आपस में जुड़े रहते हैं. अब ग्राहक अपनी स्मार्ट कार, कनेक्टेड वाहन या स्मार्ट घरेलू उपकरणों को ‘बॉब ई पे’ ऐप से जोड़कर सीधे पेमेंट कर सकेंगे.

IOT

मार्च तिमाही में सरकारी क्षेत्र के इस बैंक का कुल कारोबार सालाना आधार पर 16.8% बढ़कर 21.77 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच चुका है. इस दौरान बैंक का कुल एडवांस सालाना आधार पर 19% और तिमाही आधार पर 5.45 बढ़कर 9.74 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच चुका है. डिपॉजिट भी सालाना आधार पर 15.1% और तिमाही आधार पर 4.7% बढ़कर 12.04 लाख करोड़ रुपए पर रहा है.

कारोबार