20/02/2026
Kumar Saket
क्रिकेट में खिलाड़ी अपनी बैटिंग, बॉलिंग और रिकॉर्ड्स से पहचाने जाते हैं, लेकिन कुछ क्रिकेटरों ने ऐसा फैसला लिया जिसने उनकी पहचान ही बदल दी. करियर के बीच में नाम बदलना आसान नहीं होता, फिर भी कई खिलाड़ियों ने धर्म, निजी सोच या सांस्कृतिक जुड़ाव की वजह से नया नाम अपनाया. हाल ही में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर के नाम बदलने के बाद यह चर्चा फिर तेज हुई है. आइए जानते हैं उन पांच क्रिकेटरों की कहानी, जिन्होंने नाम बदलकर नई पहचान बनाई.
इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान और विस्फोटक बल्लेबाज को लंबे समय तक दुनिया ‘जोस बटलर’ के नाम से जानती रही. लेकिन 2024 में उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपना नाम बदलकर ‘जोश बटलर’ कर लिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि परिवार और दोस्त हमेशा उन्हें ‘जोश’ ही बुलाते थे. यहां तक कि कई आधिकारिक दस्तावेजों में भी यही नाम इस्तेमाल होता था.
जोस बटलर से जोश बटलर
पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज यूसुफ योहाना का नाम बदलना क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक है. एक ईसाई परिवार में जन्मे योहाना ने 2005 में इस्लाम धर्म अपनाया और अपना नाम मोहम्मद यूसुफ रख लिया. नाम बदलने के बाद उनके खेल में शानदार निखार देखने को मिला. 2006 में उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में 1788 टेस्ट रन बनाकर रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने 90 टेस्ट में 7530 रन और 288 वनडे में 9720 रन बनाकर पाकिस्तान क्रिकेट में खास पहचान बनाई.
यूसुफ योहाना से मोहम्मद यूसुफ
श्रीलंका के आक्रामक ओपनर और ‘दिलस्कूप’ शॉट के जनक तिलकरत्ने दिलशान का शुरुआती नाम तवान मोहम्मद दिलशान था. उनका जन्म मुस्लिम परिवार में हुआ था, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के बाद उन्होंने अपनी मां के बौद्ध धर्म को अपनाया और नाम बदल लिया. उन्होंने 17 साल के इंटरनेशनल करियर में 330 वनडे खेलते हुए 10,290 रन बनाए और टीम की कई बड़ी जीतों में अहम भूमिका निभाई.
तवान मोहम्मद दिलशान से तिलकरत्ने दिलशान
श्रीलंका के ऑफ-स्पिनर सूरज रणदीव भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने करियर के दौरान नाम बदला. उनका जन्म मुस्लिम परिवार में हुआ था और शुरुआती नाम मोहम्मद मार्शुक मोहम्मद सूरज था.बाद में उन्होंने अपना नाम बदलकर सूरज रणदीव कर लिया. वह 2010 में भारत के खिलाफ नो-बॉल विवाद के कारण चर्चा में आए थे, जब उनकी गेंद पर भारत को जीत मिली और वीरेंद्र सहवाग शतक से चूक गए.
मोहम्मद सूरज से सूरज रणदीव
अफगानिस्तान क्रिकेट के सफल कप्तानों में से एक असगर स्टेनिकजई ने 2018 में अपना सरनेम बदलकर असगर अफगान कर लिया. उनका कहना था कि वह अपनी पहचान को देश के नाम से जोड़ना चाहते हैं.उनकी कप्तानी में अफगानिस्तान ने अपना पहला टेस्ट मैच खेला और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई. उन्होंने 114 वनडे और 75 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले.
असगर स्टेनिकजई से असगर अफगान