Bajaj का बड़ा बाइक धमाका! दिवाली से पहले 6 नई मोटरसाइकिलें होंगी लॉन्च, Pulsar से ADV तक शामिल
Bajaj Auto दिवाली 2026 से पहले छह नई बाइक्स लॉन्च करने की तैयारी में है. इनमें Pulsar NS सीरीज के अपडेटेड मॉडल और नई 250cc ADV बाइक शामिल हो सकती है. कंपनी फेस्टिव सीजन में बिक्री बढ़ाने के लिए रेंज विस्तार करेगी.

बाइक खरीदने वालों के लिए Bajaj Auto बड़ी तैयारी कर रही है. कंपनी फेस्टिव सीजन से पहले अपनी बाइक रेंज में कई नए मॉडल और अपडेटेड मोटरसाइकिलें जोड़ने वाली है. रिपोर्ट के मुताबिक, Bajaj सितंबर 2026 तक कुल 10 नई बाइक्स पेश करने की योजना पर काम कर रही है. इनमें से चार मॉडल लॉन्च हो चुके हैं, जबकि छह बाइक अभी आनी बाकी हैं.
Pulsar रेंज पर रहेगा सबसे ज्यादा फोकस
Bajaj की नई लॉन्च रणनीति में Pulsar रेंज की अहम भूमिका रहने वाली है. कंपनी ने हाल ही में Pulsar N160 S, Pulsar N160 SS, Pulsar 125 और Pulsar 150 को बाजार में उतारा है. अब आने वाले दिनों में Pulsar NS सीरीज के कुछ मॉडल्स को अपडेट किया जा सकता है.
Pulsar NS परिवार में NS125, NS160, NS200 और टॉप मॉडल NS400Z शामिल हैं. माना जा रहा है कि कंपनी पहले NS125 और NS160 के अपडेटेड वर्जन पेश कर सकती है. इन बाइक्स में स्पोर्टी डिजाइन, मस्कुलर टैंक एक्सटेंशन और अंडरबेली एग्जॉस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं.
Pulsar क्यों है Bajaj के लिए खास?
Pulsar लंबे समय से Bajaj की सबसे महत्वपूर्ण बाइक सीरीज में शामिल है. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी की कुल मासिक टू-व्हीलर बिक्री में Pulsar रेंज की हिस्सेदारी करीब 44 फीसदी है. खासकर 125cc से 200cc सेगमेंट की Pulsar बाइक्स बिक्री में बड़ा योगदान देती हैं. जुलाई में Pulsar करीब 66,156 यूनिट बिक्री के साथ देश की टॉप-10 बाइक्स में तीसरे स्थान पर रही थी.
पहली ADV बाइक ला सकती है Bajaj
इन छह आगामी बाइक्स में सबसे ज्यादा चर्चा Bajaj की नई ADV मोटरसाइकिल की है. टेस्टिंग के दौरान इस बाइक को कई बार देखा जा चुका है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में इसे ब्राजील से पहले लॉन्च किया जा सकता है.
नई ADV बाइक को 250cc सेगमेंट में उतारे जाने की संभावना है. इसमें Pulsar N250 वाला 249cc एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन इस्तेमाल किए जाने की उम्मीद है, हालांकि Bajaj ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. बाइक में फुली डिजिटल TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क, रियर मोनोशॉक और ऊंचा एग्जॉस्ट जैसे फीचर्स देखने को मिल सकते हैं.
अगर यह बाइक बाजार में आती है तो इसका मुकाबला Hero Xpulse 210, Suzuki V-Strom SX और Yezdi Adventure जैसी मोटरसाइकिलों से हो सकता है.
उत्पादन क्षमता भी बढ़ाएगी कंपनी
बढ़ती मांग को देखते हुए Bajaj अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रही है. कंपनी की मौजूदा क्षमता करीब 72 लाख यूनिट सालाना है, जिसे बढ़ाकर 90 लाख से ज्यादा यूनिट करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए मौजूदा प्लांट का विस्तार और नई फैक्ट्री लगाने, दोनों विकल्पों पर विचार किया जा रहा है.
अप्रैल-जून तिमाही में Bajaj की स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल रेंज में सालाना आधार पर करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई. Pulsar, Avenger और Dominar मॉडल्स में भी डबल-डिजिट ग्रोथ देखने को मिली. ऐसे में फेस्टिव सीजन से पहले छह नई बाइक्स की लॉन्चिंग कंपनी की बिक्री को और रफ्तार दे सकती है.
यह भी पढ़ें- इलेक्ट्रिक गाड़ियों का आएगा तूफान! 2030 तक बनेंगी 5 करोड़ नौकरियां