पेट्रोल- डीजल के खर्च से हैं परेशान, तो ये हैं देश की सबसे किफायती कारें; जानें हर बजट में सबसे बेस्ट विकल्प
भारत में कार खरीदते समय माइलेज फिर से सबसे अहम फैक्टर बन गया है. पेट्रोल और डीजल की कीमतों के बीच ग्राहक ऐसी कारें चुन रहे हैं जिनका मासिक खर्च कम हो. एंट्री सेगमेंट में Alto K10, वैल्यू सेगमेंट में Dzire CNG, एसयूवी में Toyota Hyryder, प्रीमियम सेगमेंट में Innova Hycross Hybrid और लग्जरी कैटेगरी में BMW iX1 LWB सबसे ज्यादा फ्यूल एफिशिएंट विकल्पों में शामिल हैं.

Fuel Efficient Cars: पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच लोग ऐसी कारों की तलाश में हैं जिनका मासिक खर्च कम हो. यही वजह है कि अलग-अलग सेगमेंट में सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली कारें चर्चा में हैं. एंट्री लेवल हैचबैक से लेकर लग्जरी ईवी तक हर कैटेगरी में एक ऐसा मॉडल है जो ईंधन बचत के मामले में आगे है. कुछ सेगमेंट में CNG कारें सबसे किफायती हैं तो कुछ में हाइब्रिड टेक्नोलॉजी ने बाजी मारी है. आइए जानते हैं किस सेगमेंट में कौन सी कार सबसे ज्यादा ईंधन बचाती है.
एंट्री सेगमेंट में कौन आगे
Maruti Suzuki की Alto K10 एंट्री लेवल सेगमेंट में सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली कार बनी हुई है. इसका पेट्रोल वर्जन 24.90 किलोमीटर प्रति लीटर तक माइलेज देता है. वहीं इसका CNG मॉडल करीब 33.40 किलोमीटर प्रति किलो तक जा सकता है. पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों और रोज शहर में चलाने वालों के लिए यह कम खर्च वाली कार मानी जाती है. हालांकि CNG वर्जन में बूट स्पेस थोड़ा कम हो जाता है.
वैल्यू सेगमेंट में किसका दबदबा
Maruti Suzuki Dzire 5 से 10 लाख रुपये के सेगमेंट में सबसे किफायती विकल्प बनकर सामने आती है. कंपनी के अनुसार इसका पेट्रोल मैनुअल वर्जन 24.79 किलोमीटर प्रति लीटर और एएमटी 25.71 किलोमीटर प्रति लीटर तक माइलेज देता है. CNG वर्जन 33.73 किलोमीटर प्रति किलो तक माइलेज देने का दावा करता है. परिवारों के लिए यह एक बेहतर विकल्प है क्योंकि इसमें माइलेज के साथ अच्छा केबिन स्पेस भी मिलता है.
| सेगमेंट | मॉडल | पेट्रोल माइलेज | CNG माइलेज | EV रेंज |
|---|---|---|---|---|
| एंट्री सेगमेंट | Maruti Suzuki Alto K10 | 24.90 kmpl तक | 33.40 km प्रति kg | लागू नहीं |
| वैल्यू सेगमेंट | Maruti Suzuki Dzire | 24.79 kmpl MT और 25.71 kmpl AMT | 33.73 km प्रति kg | लागू नहीं |
| एग्जीक्यूटिव सेगमेंट | Toyota Urban Cruiser Hyryder | 21.12 kmpl | 26.60 km प्रति kg | लागू नहीं |
| प्रीमियम सेगमेंट | Toyota Innova Hycross | 23.23 से 23.24 kmpl हाइब्रिड | लागू नहीं | लागू नहीं |
| लग्जरी सेगमेंट | BMW iX1 Long Wheelbase | लागू नहीं | लागू नहीं | 531 km तक MIDC |
एसयूवी सेगमेंट में कौन आगे
Toyota की Toyota Urban Cruiser Hyryder एसयूवी सेगमेंट में माइलेज के मामले में सबसे आगे है. इसका स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल करीब 27.97 किलोमीटर प्रति लीटर तक माइलेज देता है. जबकि CNG मॉडल 26.60 किलोमीटर प्रति किलो तक जा सकता है. पेट्रोल, CNG और हाइब्रिड तीनों विकल्प होने से ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से चुनाव करने की सुविधा मिलती है.
यह भी पढ़ें- भारत में लॉन्च हुई नई Royal Enfield Bullet 650! दमदार 650cc इंजन, ₹3.65 लाख है कीमत
प्रीमियम एमपीवी में कौन आगे
Toyota Innova Hycross बड़े परिवारों के लिए शानदार विकल्प बनकर उभरी है. इसका हाइब्रिड मॉडल 23.23 से 23.24 किलोमीटर प्रति लीटर तक माइलेज देता है. यह एक बड़ी थ्री रो कार होने के बावजूद कई छोटे एसयूवी मॉडल्स के बराबर या उनसे बेहतर ईंधन बचत देती है. लंबी दूरी की यात्रा और फैमिली यूज के लिए इसे मजबूत विकल्प माना जा रहा है.
लग्जरी सेगमेंट में क्या हाल
BMW की BMW iX1 LWB लग्जरी सेगमेंट में सबसे अलग है क्योंकि यह पूरी तरह इलेक्ट्रिक एसयूवी है. इसमें पेट्रोल या डीजल की जरूरत नहीं पड़ती. कंपनी के अनुसार यह एक बार चार्ज होने पर 531 किलोमीटर तक रेंज दे सकती है. जो ग्राहक पेट्रोल और डीजल से पूरी तरह दूरी बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह मजबूत विकल्प है.