1 लीटर में 29km का माइलेज! लॉन्च हुई Renault Duster Strong Hybrid, यहां है सभी वेरिएंट्स की कीमत
Renault ने भारत में Duster Strong Hybrid E-Tech 160 को 16.99 लाख रुपए (एक्स शोरूम) की शुरुआती कीमत में ग्राहकों के लिए लॉन्च कर दिया है. 160PS हाइब्रिड इंजन के साथ उतारी गई ये एसयूवी एक लीटर में 29 किलोमीटर तक का माइलेज दे सकती है.

Renault Duster Strong Hybrid: रेनो इंडिया ने ग्राहकों के लिए डस्टर का स्ट्रांग हाइब्रिड E Tech 160 मॉडल लॉन्च कर दिया है. 16.99 लाख की शुरुआती कीमत में उतारे गए इस नए मॉडल में स्ट्रांग हाइब्रिड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हुआ है. स्ट्रांग हाइब्रिड वेरिएंट आपको तीन ऑप्शन्स में मिलेगा, इवोल्यूशन, टेक्नो और इमोशन में मिलेगा.
Renault Duster Hybrid Price in India
इवोल्यूशन वेरिएंट वाले स्ट्रांग हाइब्रिड मॉडल की कीमत 16.99 लाख, टेक्नो वेरिएंट वाले स्ट्रांग हाइब्रिड मॉडल की कीमत 18.99 लाख और इमोशन वेरिएंट वाले स्ट्रांग हाइब्रिड मॉडल की कीमत 19.49 लाख है. ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम प्राइस हैं.
यह लॉन्च भारत में रेनो की इलेक्ट्रिफिकेशन स्ट्रेटेजी के लिए एक अहम पड़ाव है. डस्टर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड E-Tech 160 में 1.8 लीटर पेट्रोल इंजन, दो इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4 kWh की बैटरी दी गई है जो कुल मिलाकर 160 PS की पावर देती है. प्लग-इन हाइब्रिड की तरह इस सिस्टम को बाहर से चार्ज करने की जरूरत नहीं होती, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और ड्राइविंग के दौरान एनर्जी रिकवरी से बैटरी खुद को चार्ज करती रहती है.
नए पावरट्रेन (इंजन) की एक खास बात रेनो का फॉर्मूला 1 से प्रेरित मल्टी-मोड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन है. गियरबॉक्स में दो इलेक्ट्रिक गियर और चार पेट्रोल गियर होते हैं, जिससे 15 ड्राइव कॉम्बिनेशन मिलते हैं, जिन्हें अलग-अलग ड्राइविंग कंडीशन में एफिशिएंसी और परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने के लिए डिजाइन किया गया है.
Renault Duster Strong Hybrid Mileage
रेनो का दावा है कि ARAI-सर्टिफाइड फ्यूल एफिशिएंसी 29 kmpl है, साथ ही यह भी कहा गया है कि सही कंडीशन में प्योर-इलेक्ट्रिक मोड में 80 फीसदी तक शहर में ड्राइविंग पूरी की जा सकती है. कंपनी के मुताबिक, हाइब्रिड सिस्टम डीजल से चलने वाली गाड़ी के मुकाबले 29 फीसदी तक फ्यूल बचा सकता है.
नए इंजन के अलावा डस्टर में 212mm का ग्राउंड क्लीयरेंस, एक पैनोरमिक सनरूफ, पावर्ड टेलगेट, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 10.1 इंच ओपनआर लिंक इंफोटेनमेंट सिस्टम है. दमदार परफॉर्मेंस, शानदार फ्यूल एफिशिएंसी और सेल्फ-चार्जिंग हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के कॉम्बिनेशन के साथ, नई डस्टर का मकसद पेट्रोल SUV और पूरी तरह से इलेक्ट्रिक गाड़ियों के बीच के अंतर को कम करना है.
ये भी पढ़ें- 75000 रुपए तक महंगी हो सकती है गाड़ियां, BS-VII लागू होने से पहले बढ़ने लगी चिंता!