हवाई सफर करने वालों को झटका! Air India ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, अब दूरी के हिसाब से देना होगा ज्यादा किराया
Air India ने बढ़ती ईंधन कीमतों के चलते फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया, जिससे हवाई यात्रा महंगी हो जाएगी. घरेलू उड़ानों में अब दूरी के हिसाब से सरचार्ज लगेगा, जबकि अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी शुल्क बढ़ाया गया है. जेट फ्यूल की कीमतें दोगुनी होने के कारण यह फैसला लिया गया, नई दरें 8 अप्रैल से लागू होंगी.

Air India Hike Fuel Surcharges: हवाई सफर करने वालों के लिए बुरी खबर है. एयरलाइन कंपनी Air India ने बढ़ती वैश्विक ई्ंधन कीमतों के चलते फ्यूल सरचार्ज को बढ़ा दिया है. ऐसे में हवाई यात्रा करने वालों को अब पहले के मुकाबले ज्यादा किराया चुकाना होगा, जिससे उनकी जेब पर ज्यादा बोझ पड़ेगा. नई दरें 8 अप्रैल 2026 यानी बुधवार से लागू होंगी. ये बदलाव घरेलू और इंटरनेशनल दोनों रूट्स के लिए लागू होगा.
कंपनी के मुताबिक कुछ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर यह सरचार्ज बदलाव 10 अप्रैल से प्रभावी होगा. कंपनी का कहना है कि हाल के हफ्तों में जेट फ्यूल की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं, जिससे लागत पर भारी दबाव पड़ा है. इसी के चलते फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है.
घरेलू उड़ानों में बड़ा बदलाव
अब तक फ्लैट सरचार्ज लेने वाली एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों के लिए दूरी आधारित (distance-based) सरचार्ज लागू कर दिया है. इसके तहत 500 किमी तक की उड़ान पर ₹299, जबकि 2,000 किमी से ज्यादा दूरी पर ₹899 तक का सरचार्ज देना होगा. यह नया स्ट्रक्चर सरकार की ओर से एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी को 25% तक सीमित करने के फैसले के बाद लागू किया गया है. यह नियम Air India Express सहित पूरे एयर इंडिया ग्रुप पर लागू होगा.
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ज्यादा बोझ
अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी यात्रियों की जेब पर असर पड़ेगा. यहां सरचार्ज क्षेत्र के हिसाब से तय किया गया है. SAARC देशों के लिए 24 डॉलर से शुरू होकर नॉर्थ अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के लिए 280 डॉलर तक देना होगा. इसके अलावा वेस्ट एशिया के लिए 50 डॉलर, दक्षिण-पूर्व एशिया के कुछ हिस्सों के लिए 100 डॉलर, सिंगापुर के लिए 60 डॉलर, अफ्रीका के लिए 130 डॉलर और यूरोप (यूके सहित) के लिए 205 डॉलर तक का सरचार्ज तय किया गया है.
नई टिकट पर लागू होंगी दरें
एयर इंडिया ने साफ किया है कि नई दरें केवल नई टिकट बुकिंग पर लागू होंगी. अगर किसी ने पहले टिकट बुक कर ली है, तो उस पर नया सरचार्ज तभी लगेगा जब टिकट में बदलाव किया जाएगा. कंपनी ने यह भी कहा है कि बाजार की स्थिति के अनुसार सरचार्ज की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी.
क्यों बढ़े दाम?
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के मुताबिक जेट फ्यूल की कीमत मार्च के अंत तक बढ़कर 195.19 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई थी, जो फरवरी के अंत में करीब 99.40 डॉलर थी. यानी कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं. बढ़ती क्रूड ऑयल कीमतें और रिफाइनिंग मार्जिन में इजाफा इसके पीछे बड़ी वजह हैं.