DMart Ready में होगा 500 करोड़ रुपये का निवेश, 307 करोड़ रुपये के घाटे के बावजूद कंपनी का बड़ा फैसला; 11 शहरों पर फोकस
DMart की पैरेंट कंपनी Avenue Supermarts ने अपने ऑनलाइन ग्रॉसरी बिजनेस DMart Ready की सब्सिडियरी Avenue E-Commerce में 500 करोड़ रुपये तक के अतिरिक्त इन्वेस्टमेंट को मंजूरी दी है. FY26 में Avenue E-Commerce का रेवेन्यू 17 फीसदी बढ़कर 4094 करोड़ रुपये हुआ, लेकिन कंपनी का लॉस बढ़कर 307 करोड़ रुपये पहुंच गया. नए निवेश के बाद Avenue E-Commerce में कुल पूंजी निवेश करीब 2000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है.

DMart की पैरेंट कंपनी Avenue Supermarts ने अपने ऑनलाइन ग्रॉसरी बिजनेस DMart Ready में बड़ा निवेश करने का फैसला किया है. कंपनी ने अपनी ऑनलाइन ग्रॉसरी सब्सिडियरी Avenue E-Commerce में 500 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त निवेश मंजूर किया है. यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब कंपनी का ऑनलाइन बिजनेस तेजी से बढ़ने के बावजूद घाटे में चल रहा है. कंपनी की एनुअल जनरल मीटिंग में बुधवार को इस निवेश को मंजूरी दी गई. इस नए निवेश के बाद Avenue E-Commerce में कुल पूंजी निवेश करीब 2000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. इसमें FY26 के दौरान किया गया 350 करोड़ रुपये का निवेश भी शामिल है.
17 फीसदी बढ़ा रेवेन्यू, लेकिन घाटा भी बढ़ा
Avenue E-Commerce, DMart Ready का संचालन करती है. कंपनी के फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के प्रदर्शन पर नजर डालें तो इसका रेवेन्यू 17 फीसदी बढ़कर 4094 करोड़ रुपये हो गया. FY25 में कंपनी का रेवेन्यू 3502 करोड़ रुपये था. हालांकि, रेवेन्यू में मजबूत वृद्धि के बावजूद कंपनी का घाटा कम नहीं हुआ. FY26 में Avenue E-Commerce का लॉस बढ़कर 307 करोड़ रुपये हो गया, जबकि FY25 में यह 247 करोड़ रुपये था.
यानी एक साल में कंपनी के घाटे में 60 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. इससे संकेत मिलता है कि DMart Ready के कारोबार में बिक्री और रेवेन्यू तो बढ़ रहा है, लेकिन डिलीवरी, टेक्नोलॉजी, फुलफिलमेंट सेंटर्स और अन्य ऑपरेशनल खर्चों के कारण कंपनी अभी प्रॉफिटेबिलिटी हासिल नहीं कर पाई है.
11 शहरों पर फोकस करेगा DMart Ready
Avenue Supermarts ने अब DMart Ready के विस्तार की रणनीति में बदलाव किया है. कंपनी ने ऑनलाइन ग्रॉसरी बिजनेस को देशभर में तेजी से फैलाने के बजाय 11 प्रमुख शहरों पर फोकस करने का फैसला किया है. कंपनी के मुताबिक, उसके ऑनलाइन बिजनेस का बड़ा हिस्सा इन्हीं शहरों से आता है.
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO Anshul Asawa ने इन्वेस्टर्स से कहा कि DMart Ready के लिए 11 प्रमुख शहरों पर फोकस करने का फैसला सोच-समझकर लिया गया है. कंपनी का लक्ष्य इन बाजारों में एक सस्टेनेबल और प्रॉफिटेबल ई-कॉमर्स मॉडल तैयार करना है.
18 शहरों तक पहुंचा था ऑनलाइन बिजनेस
FY26 के दौरान DMart Ready ने अपने होम डिलीवरी बिजनेस को मजबूत किया और अपनी सर्विस फुटप्रिंट को 18 शहरों तक बढ़ाया. इस दौरान कंपनी ने 8 नए फुलफिलमेंट सेंटर्स भी जोड़े. इसके अलावा टेक्नोलॉजी, कस्टमर इंटरफेस और डिलीवरी कैपेबिलिटीज में भी निवेश किया गया. हालांकि, अब कंपनी का फोकस विस्तार की गति बढ़ाने के बजाय चुनिंदा बाजारों में बिजनेस को मजबूत करने और प्रॉफिटेबिलिटी हासिल करने पर है.
घाटे के बावजूद निवेश जारी
Avenue Supermarts का 500 करोड़ रुपये तक का नया निवेश यह संकेत देता है कि कंपनी DMart Ready के ऑनलाइन ग्रॉसरी बिजनेस को लंबे समय के लिए महत्वपूर्ण मान रही है. कंपनी फिलहाल बढ़ते रेवेन्यू के आधार पर इस बिजनेस में आगे की संभावनाएं देख रही है.
हालांकि, बढ़ते घाटे के बीच आने वाले समय में कंपनी के लिए सबसे बड़ी चुनौती रेवेन्यू ग्रोथ को प्रॉफिटेबिलिटी में बदलना होगी. 11 प्रमुख शहरों पर फोकस और टेक्नोलॉजी तथा डिलीवरी इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश इसी दिशा में कंपनी की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: HDFC बैंक ने विदेश से 1.75 अरब डॉलर जुटाए, 2008 के फाइनेंशियल क्राइसिस के बाद सबसे बड़ी फंडरेजिंग