HCLTech का बड़ा ऐलान, Sarvam के साथ मिलकर ओडिशा में ₹14257 करोड़ से बनाएगी AI डेटा सेंटर; शेयरों में उछाल
एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि यह AI डेटा सेंटर उसके 'फुल-स्टैक AI मार्केट' में प्रवेश की योजना का हिस्सा होगा. यह निवेश 'HCLTech की फुल-स्टैक AI क्षमताओं और Sarvam के फाउंडेशन मॉडल का उपयोग करके भारत के सॉवरेन AI प्रयासों और लोकल डेवलपर इकोसिस्टम को बढ़ावा देगा.

देश की दिग्गज आईटी सर्विस कंपनी HCLTech ने शुक्रवार को ऐलान किया कि वह Sarvam और ओडिशा सरकार के साथ मिलकर आने वाले ‘ओडिशा सॉवरेन AI पार्क’ में अपना पहला AI डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना बना रही है. एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि यह AI डेटा सेंटर उसके ‘फुल-स्टैक AI मार्केट’ में प्रवेश की योजना का हिस्सा होगा.
कुल कितना होगा निवेश?
फाइलिंग में यह भी कहा गया कि इस प्रोजेक्ट के लिए कुल निवेश 14,257 करोड़ रुपये होगा, जिसमें ओडिशा सरकार से मिलने वाली वित्तीय सहायता भी शामिल है. इस अपडेट के बाद HCLTech के शेयरों में तेजी दर्ज की गई.
मिल सकेंगे खास AI एप्लिकेशन
कंपनी के अनुसार, यह निवेश ‘HCLTech की फुल-स्टैक AI क्षमताओं और Sarvam के फाउंडेशन मॉडल का उपयोग करके भारत के सॉवरेन AI प्रयासों और लोकल डेवलपर इकोसिस्टम को बढ़ावा देगा. इससे प्राइवेट और पब्लिक सेक्टर की कंपनियों को सेक्टर-खास AI एप्लिकेशन मिल सकेंगे और सरकार की सॉवरेनिटी (संप्रभुता) संबंधी जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा.’
इसमें यह भी कहा गया कि यह प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी के लाभ के लिए AI के आह्वान के अनुरूप, अंतिम छोर तक बहुभाषी AI-आधारित सेवाएं पहुंचाने में भी योगदान देगा.
डिजिटल इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत
इस अपडेट पर टिप्पणी करते हुए HCLTech की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने कहा, ‘HCLTech भारत के टेक्नोलॉजी उद्योग की अगुआ रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन के अनुरूप, हम केंद्रित निवेश और साझेदारी के माध्यम से वैल्यू चेन में अलग-अलग तरह की पेशकशों के साथ भारत के सॉवरेन AI इकोसिस्टम को सक्षम बनाने का प्रयास कर रहे हैं. हमें ओडिशा सरकार और Sarvam के साथ साझेदारी में इस प्रयास को शुरू करने की खुशी है.’
मील का पत्थर
CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर सी. विजयकुमार ने कहा, ‘यह हमारे फुल-स्टैक AI प्रयासों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और यह हमें सॉवरेन AI समाधानों की बड़ी मांग को पूरा करने और Sarvam के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारी के दायरे को बढ़ाने में सक्षम बनाएगा. ओडिशा बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ एक प्रगतिशील नीतिगत माहौल प्रदान करता है और हम Sarvam के सहयोग से उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं.’
Sarvam का प्लान
Sarvam के को-फाउंडर प्रत्युष कुमार ने कहा, ‘ओडिशा सॉवरेन AI पार्क हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूट को भारतीय मॉडल और वास्तविक दुनिया के एप्लिकेशन से जोड़ेगा. HCLTech के साथ मिलकर, हम बड़े पैमाने पर कंपनियों और पब्लिक सिस्टम तक Sarvam की फुल-स्टैक AI क्षमताओं को पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं.’
शेयर में हलचल
HCL टेक्नोलॉजीज़ के शेयरों में शुक्रवार को 1.28% की बढ़त हुई और दोपहर करीब 12:45 बजे BSE पर ये ₹,260.60 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे.