12 दिनों में दूसरी बार महंगा हुआ प्रीमियम पेट्रोल, 2 रुपये बढ़े दाम; सामान्य पेट्रोल-डीजल के रेट में कोई बढ़ोतरी नहीं
सरकारी तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं. जहां एक ओर XP95 जैसे प्रीमियम ईंधन महंगे हुए हैं, वहीं सामान्य पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर रखे गए हैं. वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अस्थिरता का असर घरेलू ईंधन कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है.
Petrol-Diesel Price Hike: देश की सरकारी तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जिससे वाहन चालकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. हालांकि राहत की बात यह है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल के दामों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है. बीते 12 दिन यह दूसरा मौका है जब प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच घरेलू ईंधन बाजार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
प्रीमियम पेट्रोल और इंडस्ट्रियल डीजल के दाम बढ़े
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम में करीब 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है. IOCL का XP95 पेट्रोल अब 101.80 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. वहीं HPCL ने भी अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर 2 से 2.3 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. इसके अलावा IOCL ने इंडस्ट्रियल डीजल के दाम में 22 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी की है, जिससे इसकी कीमत 87.57 रुपये से बढ़कर 109.59 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
आम पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर
सरकार और कंपनियों ने फिलहाल सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है. वहीं मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में कीमतें ज्यादा हैं. मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपये और डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर है, जबकि बेंगलुरु में पेट्रोल 102.92 रुपये और डीजल 90.99 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं, जिससे ईंधन की कीमतों पर दबाव बना हुआ है. ब्रेंट क्रूड लगभग $118 प्रति बैरल और WTI करीब $103 प्रति बैरल के आसपास है. पश्चिम एशिया में तनाव और सप्लाई में रुकावट के चलते बाजार में अस्थिरता बनी हुई है.
पिछले महीने भी बढ़ी थी कीमत
ईरान अमेरिका इजरायल के बीच युद्ध शुरू होने के बाद यह कोई पहला मौका नहीं है जब प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई हो. बीते महीने 20 मार्च को प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में 2 से 2.3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई थी. HPCL का Power पेट्रोल और IOCL का ‘XP95’ जैसे ब्रांडेड फ्यूल महंगे हुए हैं. प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल आमतौर पर बेहतर इंजन परफॉर्मेंस और ज्यादा माइलेज के लिए किया जाता है. अब इस बढ़ोतरी के बाद, महीने भर के ईंधन के खर्च में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
