TCS Q4 Results 2026: मुनाफा 12 फीसदी उछलकर 13718 करोड़ हुआ, रेवेन्यू में 9% से अधिक की बढ़ोतरी; डिविडेंड का ऐलान

TCS ने वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 12.22 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की, जो 13,718 करोड़ रुपये रहा. TCS बोर्ड ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है. तिमाही-दर-तिमाही आधार पर, कंपनी का रेवेन्यू 5.4% बढ़ा, जिसमें उत्तरी अमेरिकी और UK के बाजारों का मुख्य योगदान रहा.

टीसीएस Image Credit: Getty image

TCS Q4 Results: भारत की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सर्विस एक्सपोर्टर कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 26 की आखिरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए. TCS ने वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 12.22 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की, जो 13,718 करोड़ रुपये रहा. जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 12,224 करोड़ रुपये था.

TCS ने Q4FY26 के दौरान सालाना आधार पर 9.6 फीसदी का कंसोलिडेटेडल रेवेन्यू बढ़ोतरी दर्ज करते हुए 70,698 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया. पिछले वर्ष इसी अवधि में रेवेन्यू 64,479 करोड़ रुपये था.

डिविडेंड का ऐलान

TCS बोर्ड ने कंपनी के 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 31 रुपये का अंतिम डिविडेंड देने की सिफारिश की है,जिसका भुगतान 31वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) के समापन के तीसरे दिन किया जाएगा. यह भुगतान कंपनी के शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा.

तिमाही-दर-तिमाही आधार पर, कंपनी का रेवेन्यू 5.4% बढ़ा, जिसमें उत्तरी अमेरिकी और UK के बाजारों का मुख्य योगदान रहा. वहीं, पिछली तिमाही में कम आधार (Lower Base) होने के कारण मुनाफा 28.72% (QoQ) बढ़ा. पिछली तिमाही नए श्रम संहिता नियमों से प्रभावित हुई थी.

मार्जिन परफॉर्मेंस मजबूत

TCS ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि Q4 में उसका ऑपरेटिंग मार्जिन QoQ आधार पर 1 bps बढ़कर 25.3% हो गया. पूरे फाइनेंशियल ईयर के लिए, ऑपरेटिंग मार्जिन 25 फीसदी रहा, जो 70 bps अधिक है और पिछले चार साल में सबसे अच्छा है.

डील पाइपलाइन मजबूत

FY26 के लिए 40.7 अरब डॉलर और Q4 के लिए 12 अरब डॉलर का मजबूत TCV प्रदर्शन, जो अब तक के सबसे ऊंचे TCV आंकड़ों में से एक है. इस तिमाही में 3 मेगा डील और पूरे साल में 5 मेगा डील हुई हैं.

कॉन्स्टैंट करेंसी

क्रमिक आधार पर, रेवेन्यू में 5.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि कॉन्स्टैंट करेंसी (CC) 1.2 फीसदी रही, जो काफी हद तक उम्मीद के मुताबिक ही थी. TCS ने जनवरी-मार्च तिमाही में 25.3 फीसदी का ऑपरेटिंग मार्जिन दर्ज किया, जो पिछली तिमाही (QoQ) के मुकाबले 10 बेसिस पॉइंट ज्यादा है.

TCS ने कहा, ‘HyperVault में हमारा निवेश OpenAI, AMD और ABB के साथ रणनीतिक साझेदारी बनाने में एक उत्प्रेरक साबित हुआ, जिससे ‘इंफ्रास्ट्रक्चर-टू-इंटेलिजेंस’ के क्षेत्र में हमारी स्थिति और मजबूत हुई है.’

यह भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका-कतर सबके डूबे पैसे, लेकिन रूस की हो गई मौज, पुतिन के खजाने में आएंगे 9 अरब डॉलर