दिल्ली-NCR में 3 दिन तक ऑटो और टैक्सी हड़ताल, CNG और डीजल महंगा होने से चालक नाराज; क्या बढ़ेगा किराया

Chalak Shakti Union ने दिल्ली NCR में 21 से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है. टैक्सी और ऑटो चालकों का कहना है कि CNG, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है लेकिन पिछले 15 साल से किराए में कोई बदलाव नहीं हुआ है. यूनियन ने Ola, Uber और Rapido जैसी कंपनियों पर आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है.

21 से 23 मई तक 3 दिन की हड़ताल है. Image Credit: CANVA

Chalak Shakti Union ने दिल्ली NCR में 21 मई से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है. टैक्सी और ऑटो चालकों का कहना है कि CNG, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है लेकिन किराए में पिछले 15 साल से कोई बदलाव नहीं हुआ है. चालक संगठनों ने सरकार पर उनकी मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है. यूनियन का कहना है कि बढ़ते खर्च के कारण ड्राइवरों के लिए परिवार चलाना मुश्किल हो गया है. अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज करने की चेतावनी भी दी गई है.

क्यों बुलाया गया तीन दिन का बंद

चालक संगठनों का कहना है कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से उनकी कमाई पर बुरा असर पड़ रहा है. हाल ही में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है. दिल्ली में पेट्रोल करीब 99 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है. वहीं CNG की कीमतों में भी लगातार इजाफा हुआ है. ड्राइवरों का कहना है कि बढ़ती महंगाई, वाहन रखरखाव, बीमा, परमिट और फिटनेस खर्च ने आर्थिक दबाव और बढ़ा दिया है.

किराया बढ़ाने की मांग पर अड़े चालक

टैक्सी और ऑटो यूनियन का कहना है कि दिल्ली NCR में पिछले 15 साल से किराए में कोई बदलाव नहीं हुआ है. ड्राइवरों ने सरकार से तुरंत किराया बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि पुराने किराए पर काम करना अब घाटे का सौदा बन गया है. यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है.

ऐप बेस्ड कंपनियों पर लगाए आरोप

चालक संगठनों ने Ola, Uber और Rapido जैसी ऐप बेस्ड कंपनियों पर आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है. यूनियन का कहना है कि ये कंपनियां मनमाने तरीके से काम कर रही हैं और ड्राइवरों की कमाई घट रही है. उनका आरोप है कि कमीशन और अन्य चार्ज के कारण चालकों को पर्याप्त आमदनी नहीं मिल पा रही है. यूनियन ने सरकार से इन कंपनियों के लिए नई नीतियां बनाने की भी मांग की है.

यह भी पढ़ें- एयर इंडिया ने कैंसिल कर दी हैं इंटरनेशनल फ्लाइट्स? पैसेंजर्स के पास क्या हैं ऑप्शन, जानें- पूरी डिटेल्स

हड़ताल का आम लोगों पर क्या असर होगा

अगर तीन दिन की यह हड़ताल पूरी तरह सफल रही तो दिल्ली NCR में लोगों को यात्रा के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. टैक्सी और ऑटो सर्विस प्रभावित होने से ऑफिस जाने वाले, स्कूल कॉलेज के छात्र और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कत होगी. एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन आने जाने वाले लोगों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है. सार्वजनिक परिवहन पर दबाव बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है.