IPO के जरिये ये कंपनी जुटाएगी लगभग ₹10,000 करोड़, SEBI ने दिखाई हरी झंडी; दो और इश्यू को मंजूरी
सोलर सेक्टर की बड़ी कंपनी Avaada Electro को SEBI से IPO लॉन्च करने की मंजूरी मिल गई है. कंपनी 9,000-10,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना में है, वहीं Sonaselection India और Grand Housing को भी पब्लिक इश्यू के लिए अप्रूवल मिला है.

IPO SEBI Approves: कैपिटल मार्केट में एक और बड़ी हलचल देखने को मिल रही है, जहां सोलर सेक्टर की प्रमुख कंपनी Avaada Electro को अपने बहुप्रतीक्षित IPO के लिए SEBI से मंजूरी मिल गई है. यह कंपनी ब्रुकफील्ड समर्थित Avaada Group की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है और अब बाजार से करीब 9,000 से 10,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है. सेबी की ओर से 15 से 17 अप्रैल के बीच जारी ऑब्जर्वेशन के साथ ही कंपनी को पब्लिक इश्यू लॉन्च करने की हरी झंडी मिल गई है.
क्या है कंपनी की वैल्यूएशन?
Avaada Electro ने अपना ड्राफ्ट पेपर्स अक्टूबर में गोपनीय तरीके से दाखिल किए थे. इस IPO में फ्रेश इश्यू के साथ-साथ ऑफर फॉर सेल (OFS) भी शामिल होगा, जिसमें मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेच सकते हैं. इस इश्यू के जरिए कंपनी का वैल्यूएशन करीब 1.10 लाख करोड़ से 1.3 लाख करोड़ रुपये के बीच हो सकता है, जो इसे देश की बड़ी ग्रीन एनर्जी कंपनियों में शामिल करता है.
कहां होगा पैसे का इस्तेमाल?
IPO से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी अपने कारोबार के विस्तार में करेगी. खास तौर पर हाई-एफिशिएंसी सोलर सेल और मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने पर फोकस रहेगा. इसमें उत्तर प्रदेश में 5.1 गीगावॉट का एक इंटीग्रेटेड प्लांट विकसित करने और महाराष्ट्र के बुटीबोरी स्थित मौजूदा प्लांट की क्षमता बढ़ाने की योजना शामिल है. Avaada Group पहले से ही रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी स्टोरेज और ग्रीन डेटा सेंटर जैसे कई उभरते क्षेत्रों में सक्रिय है, जिससे इस IPO को लेकर निवेशकों में खासा उत्साह देखने को मिल सकता है.
दो और कंपनियों को मिली मंजूरी
इसी के साथ, दो अन्य कंपनियों, Sonaselection India और Grand Housing को भी सेबी से IPO लाने की मंजूरी मिल गई है. टेक्सटाइल सेक्टर की कंपनी Sonaselection India अपने इश्यू के जरिए 1.43 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी करेगी और इसमें OFS का कोई हिस्सा नहीं होगा. कंपनी इस फंड का इस्तेमाल मुख्य रूप से कर्ज चुकाने, नई मशीनरी खरीदने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए करेगी.
वहीं, चेन्नई स्थित रियल एस्टेट कंपनी Grand Housing पूरी तरह OFS के जरिए 3.55 करोड़ शेयर बाजार में पेश करेगी, यानी इस इश्यू से कंपनी को सीधे कोई नई पूंजी नहीं मिलेगी, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे. तीनों कंपनियां अपने शेयरों को बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) पर लिस्ट कराने की योजना बना रही हैं.
ये भी पढ़ें- JIO के IPO पर बड़ा अपडेट, इस महीने ड्राफ्ट पेपर फाइल कर सकती है RIL; जानें- क्या है तैयारी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.