बैंक में 5 लाख तो पोस्ट ऑफिस में कितना सेफ है आपका पैसा, जानें क्या कहता है भारत सरकार का नियम

बैंक में जमा पैसे पर डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन के तहत सिर्फ 5 लाख रुपये तक की सुरक्षा मिलती है, जबकि पोस्ट ऑफिस की योजनाएं भारत सरकार की सॉवरेन गारंटी से पूरी तरह सुरक्षित मानी जाती हैं. यानी पोस्ट ऑफिस में आपका पूरा पैसा सुरक्षित रहता है. इसलिए ज्यादा रकम के लिए पोस्ट ऑफिस निवेश को ज्यादा भरोसेमंद विकल्प माना जाता है.

बैंक बनाम पोस्ट ऑफिस Image Credit:

Bank deposit safety In India: आज के समय में हर व्यक्ति अपनी कमाई का एक हिस्सा बैंक या पोस्ट ऑफिस में सुरक्षित रखता है, ताकि जरूरत पड़ने पर काम आ सके. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर बैंक या पोस्ट ऑफिस ही डूब जाए तो आपको कितना पैसा मिलेगा. वैसे तो बैंक में जब हमारे पैसे डूब जाते हैं, तो बैंक हमें 5 लाख रुपये तक की गारंटी देता है. भारत में बैंकों में जमा पैसों की सुरक्षा की गारंटी डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (DICGC) देता है, जो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है. जिसके तहत अगर कोई बैंक डूब जाता है या दिवालिया हो जाता है, तो DICGC प्रत्येक जमाकर्ता के 5 लाख रुपये तक की राशि (मूलधन और ब्याज) की सुरक्षा की गारंटी देता है.

लेकिन पोस्ट ऑफिस ऐसी कंडिशन में हमें कितने रुपये की गारंटी देता है या फिर कितने रुपये हमें ऐसी कंडीशन में मिलता है चलिए जानते हैं.


पोस्ट ऑफिस में पैसा डूबे तो क्या होगा?

अब बड़ा सवाल यही है कि अगर पोस्ट ऑफिस में पैसा रखा है और कुछ गड़बड़ हो जाए तो क्या होगा. यहां स्थिति पूरी तरह अलग है. पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाएं सीधे भारत सरकार द्वारा संचालित और समर्थित होती हैं. इसका मतलब यह है कि आपके पैसे पर सॉवरेन गारंटी यानी भारत सरकार की पूरी गारंटी होती है.

आसान भाषा में समझें तो पोस्ट ऑफिस में जमा आपका पैसा 100 फीसदी सुरक्षित माना जाता है. यहां बैंक की तरह 5 लाख रुपये की कोई सीमा नहीं है.

पोस्ट ऑफिस की योजनाएं क्यों मानी जाती हैं सबसे सुरक्षित?

पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाएं जैसे पब्लिक प्रोविडेंट फंड, नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट, टाइम डिपॉजिट और सीनियर सिटिजन सेविंग्स स्कीम पूरी तरह सरकार द्वारा समर्थित होती हैं. यही वजह है कि इनमें निवेश करने पर डिफॉल्ट का जोखिम लगभग शून्य होता है. यानी आपका मूल पैसा डूबने का खतरा नहीं के बराबर है.

क्या पोस्ट ऑफिस में कोई लिमिट होती है?

हालांकि सुरक्षा 100 फीसदी है, लेकिन कुछ योजनाओं में निवेश की सीमा तय होती है. जैसे- PPF में सालाना अधिकतम 1.5 लाख जमा कर सकते हैं. SCSS में 30 लाख रुपये तक निवेश की सीमा है. पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम में 9 लाख (सिंगल) और 15 लाख रुपये (जॉइंट) की लिमिट है.

कहां ज्यादा सुरक्षित है पैसा?

अगर सीधे तुलना करें, तो बैंक और पोस्ट ऑफिस के बीच सबसे बड़ा फर्क गारंटी की सीमा का है. बैंक में जोखिम ज्यादा जरूर होता है, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं होता क्योंकि सुरक्षा सिर्फ 5 लाख तक ही सीमित है. वहीं पोस्ट ऑफिस में सरकार खुद गारंटर होती है, इसलिए पूरा पैसा सुरक्षित रहता है. ऐसे में अगर आपके पास 5 लाख रुपये से ज्यादा राशि है, तो उसे एक ही बैंक में रखने के बजाय पोस्ट ऑफिस या अलग-अलग जगहों पर निवेश करना ज्यादा सुरक्षित विकल्प हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद से 16% टूटा बैंक निफ्टी, लेकिन इन 3 शेयरों में वापसी की क्षमता, जानें- क्या है ताकत