NRI के लिए FCNR अकाउंट क्यों है खास, जानें टैक्स फ्री कमाई समेत और क्या मिलते हैं फायदे
विदेश में रहने वाले भारतीयों (NRI) के लिए भारत में निवेश के कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन उनमें FCNR अकाउंट एक बेहतर विकल्प है. ये NRI के लिए विदेशी मुद्रा में सुरक्षित और टैक्स-फ्री निवेश की सुविधा देता है. रुपये की कमजोरी का फायदा मिलने से इसमें लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न की संभावना रहती है.

What is FCNR: विदेश में रहने वाले भारतीयों (NRI) के लिए भारत में निवेश के कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन उनमें से एक खास और सुरक्षित विकल्प है FCNR, जिसे फॉरेन करेंसी नॉन-रेसिडेंट अकाउंट कहते हैं. रुपये की लंबी अवधि में गिरती वैल्यू और विदेशी मुद्रा में निवेश के फायदे इसे और आकर्षक बनाते हैं. फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत, किसी भी नॉन-रेजिडेंट व्यक्ति को अनुमति प्राप्त विदेशी मुद्राओं में बैंक अकाउंट रखने की इजाजत होती है.
क्या है FCNR अकाउंट?
FCNR अकाउंट एक ऐसा बैंक डिपॉजिट है, जिसमें पैसा विदेशी मुद्रा (जैसे डॉलर, यूरो, पाउंड) में रखा जाता है. इसे सिर्फ फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के रूप में ही खोला जा सकता है. यह अकाउंट NRI और PIO यानी पर्सन ऑफ इंडियन ऑरिजिन के लिए होता है. इस अकाउंट को RBI के नियमों के तहत संचालित किया जाता है और यह FEMA के तहत आता है.
किन करेंसी में खुलता है अकाउंट?
FCNR अकाउंट कुछ प्रमुख विदेशी मुद्राओं में खोला जा सकता है, जो इस प्रकार है.
- यूएस डॉलर(USD)
- यूरो (EUR)
- ब्रिटिश पाउंड (GBP)
- जापानीज येन (JPY)
- आस्ट्रेलियन डॉलर (AUD)
- कनाडियन डॉलर (CAD)
- सिंगापुर डॉलर (SGD)
कितने समय के लिए कर सकते हैं निवेश?
- न्यूनतम अवधि: 1 साल
- अधिकतम अवधि: 5 साल
- 1 साल से पहले पैसा निकालने पर कोई ब्याज नहीं मिलता है.
- वहीं समय से पहले पैसा निकालने पर पेनल्टी लग सकती है.
क्यों खास है FCNR अकाउंट?
FCNR अकाउंट में कोई एक्सचेंज रेट रिस्क नहीं होता है क्योंकि पैसा विदेशी मुद्रा में ही रहता है. इसमें टैक्स फ्री ब्याज (भारत में) होता है. ये पूरी तरह रेपैट्रिएबल होता है, यानी पैसा और ब्याज आसानी से विदेश भेज सकते हैं. इतना ही नहीं इसमें लोन की सुविधा मिलती है. इसमें आप FD के बदले लोन ले सकते हैं.
कौन खोल सकता है अकाउंट?
- NRI (नॉन रेसिडेंट इंडियन)
- PIO (पर्सन ऑफ इंडियन ओरिजिन)
- जॉइंट अकाउंट भी संभव (दूसरा व्यक्ति भी NRI होना चाहिए)
- आप इस अकाउंट को विदेश से ही खोल सकते हैं, भारत आने की जरूरत नहीं होती.
ब्याज दर और रिटर्न
FCNR अकाउंट पर मिलने वाला ब्याज भारत के FD से थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन विदेशी देशों के डिपॉजिट से आमतौर पर ज्यादा होता है. सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें रुपये की गिरावट का फायदा मिलता है, जिससे रिटर्न और बेहतर हो सकता है.
टैक्स का क्या नियम है?
भारत में FCNR अकाउंट पर मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्स फ्री होता है. हालांकि जिस देश में आप रहते हैं, वहां के नियमों के अनुसार टैक्स लग सकता है. अगर आप भारत लौटकर FEMA के तहत रेजिडेंट बन जाते हैं, तब भी FCNR अकाउंट पर मिलने वाला ब्याज उसकी मैच्योरिटी तक टैक्स फ्री बना रहता है.
लेखक एक टैक्स और इंवेस्टमेंट एक्सपर्ट हैं. यहां व्यक्त विचार उनके निजी हैं. आप उन्हें jainbalwant@gmail.com पर या ट्विटर हैंडल @jainbalwant पर संपर्क कर सकते हैं.