12 रुपये है कीमत! AI प्लेटफॉर्म की खबर से इस पेनी स्टॉक में जबरदस्त जोश, लगातार 10 दिन से अपर सर्किट
एक छोटे टेक स्टॉक में हाल के दिनों में लगातार तेज हलचल देखने को मिली है. AI से जुड़े एक नए प्लेटफॉर्म और ग्रोथ संकेतों ने निवेशकों का ध्यान खींचा है. मजबूत वॉल्यूम और पॉजिटिव अपडेट के बीच यह शेयर बाजार में चर्चा का विषय बना हुआ है.
Share Markets news in Hindi: सोमवार को Silverline Technologies के शेयरों में एक बार फिर जबरदस्त तेजी देखने को मिली. यह लगातार दसवां कारोबारी सत्र रहा, जब कंपनी का शेयर 5 फीसदी के अपर सर्किट में बंद हुआ. मजबूत खरीदारी और AI प्लेटफॉर्म से जुड़ी पॉजिटिव खबरों के चलते यह पेनी स्टॉक निवेशकों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है.
9 फरवरी 2026 को बीएसई पर सिल्वरलाइन टेक्नोलॉजीज का शेयर 12.68 रुपये तक पहुंच गया और 5 फीसदी के अपर सर्किट में लॉक हो गया. बीते 10 ट्रेडिंग सेशंस में इस शेयर ने 50 फीसदी से ज्यादा की तेजी दिखाई है. लगातार अपर सर्किट लगने से यह साफ है कि शेयर में मजबूत डिमांड बनी हुई है.
कंपनी पर क्यों बढ़ा निवेशकों का भरोसा
कंपनी ने हाल ही में अपने AI-आधारित वेब प्लेटफॉर्म “SilverAI” को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. सिल्वरलाइन टेक्नोलॉजीज का कहना है कि इस प्लेटफॉर्म को बाजार से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और यह आगे चलकर सब्सक्रिप्शन बेस्ड रेवेन्यू का बड़ा जरिया बन सकता है. कंपनी का अनुमान है कि 45 दिनों में SilverAI के 5 लाख रजिस्टर्ड यूजर्स हो सकते हैं.
इसके अलावा फाइनेंशियल पर्फॉर्मेंस बेहतर होने की उम्मीद ने भी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ाई. कंपनी ने बताया कि वह बड़े पैमाने पर यूजर्स जोड़ने के लिए प्रो सब्सक्रिप्शन फीस को घटाकर 9 डॉलर प्रति यूजर प्रति माह करने की योजना बना रही है. अगर 5 लाख यूजर्स पूरी तरह प्रो सब्सक्रिप्शन लेते हैं, तो सालाना रेवेन्यू 430 से 450 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. वहीं अगर 10 फीसदी यूजर्स भी प्रो में कन्वर्ट होते हैं, तो सालाना रेवेन्यू करीब 43 करोड़ रुपये और 20 फीसदी कन्वर्जन पर 86 करोड़ रुपये तक हो सकता है.
छह महीने फ्री प्रो एक्सेस का फैसला
यूजर्स की संख्या और प्लेटफॉर्म की उपयोगिता बढ़ाने के लिए कंपनी ने बड़ा कदम उठाया है. सिल्वरलाइन ने अगले छह महीनों तक सभी यूजर्स को SilverAI के प्रो वर्जन का फ्री एक्सेस देने का फैसला किया है. कंपनी का कहना है कि इससे ज्यादा से ज्यादा लोग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करेंगे, फीडबैक मिलेगा और बड़े स्तर पर कमाई से पहले सिस्टम को और मजबूत किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें: HAL से ऑर्डर मिलते ही इस मल्टीबैगर स्टॉक में एकतरफा खरीदारी, लगा अपर सर्किट, अब तक दे चुका है 2155% रिटर्न
टेक्नोलॉजी और भविष्य की रणनीति
SilverAI को 30 दिनों के भीतर पांच चरणों में लॉन्च किया गया है. फिलहाल वेब प्लेटफॉर्म लाइव है, जबकि मोबाइल, मल्टीमॉडल AI और हेल्थकेयर से जुड़े एडवांस फीचर्स धीरे-धीरे जोड़े जाएंगे. कंपनी के एमडी याकिन जोशी के मुताबिक, यह लॉन्च सिल्वरलाइन को भारत में edge AI और डिजिटल हेल्थ जैसे तेजी से बढ़ते सेक्टर में फर्स्ट मूवर एडवांटेज दिला सकता है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




