बैंकिंग से रिन्यूएबल एनर्जी तक, 60 रुपये से कम के इन 3 शेयरों पर रखें नजर; मजबूत हैं फंडामेंटल्स
यदि आप 60 रुपये से कम कीमत वाले मजबूत फंडामेंटल्स वाले शेयरों की तलाश कर रहे हैं, तो South Indian Bank, Central Bank of India और Suzlon Energy पर नजर रख सकते हैं. इन कंपनियों ने वित्त वर्ष 2026 में कारोबार, रेवेन्यू और नेट प्रॉफिट में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है. साथ ही इनके वैल्यूएशन, एसेट क्वालिटी और भविष्य की ग्रोथ संभावनाएं भी निवेशकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं.

Stocks Under 60 Rupees: शेयर बाजार में अक्सर कम कीमत वाले शेयरों को निवेशक आकर्षक मानते हैं, लेकिन केवल कम भाव किसी शेयर को अच्छा निवेश नहीं बनाता. किसी भी कंपनी में निवेश से पहले उसके कारोबार, मुनाफे की बढ़ोतरी, बैलेंस शीट, कैश फ्लो और भविष्य की संभावनाओं का आकलन करना जरूरी होता है. इसी आधार पर कुछ ऐसे शेयर सामने आए हैं, जिनकी कीमत 60 रुपये से कम है, लेकिन उनके वैल्यूएशन और कारोबारी प्रदर्शन को देखते हुए इनमें संभावनाएं दिखाई दे रही हैं.
South Indian Bank
इस लिस्ट में पहला नाम South Indian Bank का है. केरल के त्रिशूर मुख्यालय वाला यह निजी क्षेत्र का बैंक लगातार अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत कर रहा है. बैंक का प्राइस-टू-अर्निंग्स (PE) अनुपात अपने इंडेक्स के मुकाबले काफी कम है, जबकि प्राइस-टू-बुक (PB) वैल्यू भी 1 से नीचे बनी हुई है. वित्त वर्ष 2026 में बैंक का कुल कारोबार 15 फीसदी बढ़कर 2,236.2 अरब रुपये तक पहुंच गया.
इसी दौरान जमा और लोन वितरण, दोनों में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई. बैंक का नेट प्रॉफिट बढ़कर 14.55 अरब रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 12 फीसदी अधिक है. इसके अलावा नेट एनपीए में भी गिरावट देखने को मिली है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.66 फीसदी बढ़कर 41.42 रुपये पर पहुंच गया है.
Central Bank of India
दूसरे स्थान पर Central Bank of India है. देश के सबसे पुराने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शामिल यह बैंक पिछले कुछ वर्षों में अपनी वित्तीय स्थिति सुधारने में सफल रहा है. बैंक का PE और PB अनुपात अपने इंडेक्स के औसत से कम है, जिससे वैल्यूएशन के लिहाज से यह आकर्षक माना जा रहा है. वित्त वर्ष 2026 में बैंक का कुल कारोबार 15.6 फीसदी बढ़कर 8,124.39 अरब रुपये हो गया.
वहीं, नेट प्रॉफिट में 15.43 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार हुआ है और सकल एनपीए घटकर 2.67 फीसदी पर आ गया है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.23 फीसदी गिरकर 30.77 रुपये पर पहुंच गया है.
Suzlon Energy
तीसरा नाम Suzlon Energy का है, जो देश की प्रमुख विंड एनर्जी कंपनी है. भारत में रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता बढ़ाने पर सरकार का जोर और बिजली की बढ़ती मांग कंपनी के लिए बड़े अवसर पैदा कर रही है. कंपनी की ऑर्डर बुक लगभग 5,892 मेगावाट तक पहुंच चुकी है, जो भविष्य की आय को लेकर मजबूत संकेत देती है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 54 फीसदी बढ़कर 166.8 अरब रुपये हो गया, जबकि PAT में 67 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.94 फीसदी गिरकर 56.99 रुपये पर पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें: 681.38 अरब डॉलर पर आया भारत का विदेशी मुद्रा भंडार, एक सप्ताह में 7.51 अरब डॉलर घटा; गोल्ड रिजर्व में भी आई कमी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.