4000% तक का रिटर्न, अब फोकस में रहेगा ये छुटकू स्टॉक; ₹82.88 करोड़ के इस डील ने बढ़ाई चर्चा
इस कंपनी ने Baazar Style Retail में 82.88 करोड़ रुपये का रणनीतिक निवेश कर अपने FMCG बिजनेस को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इस डील से कंपनी को 260+ स्टोर्स के रिटेल नेटवर्क तक सीधी पहुंच मिलेगी, जिससे अगले तीन साल में 500 करोड़ रुपये तक अतिरिक्त रेवेन्यू की उम्मीद जताई जा रही है. जानें क्या है शेयर का हाल.

Cupid Share in Focus: 100 रुपये से कम कीमत वाला स्मॉल-कैप स्टॉक Cupid Limited सोमवार, 6 अप्रैल को बाजार में खास फोकस में रह सकता है. इसकी वजह है कंपनी की ओर से रिटेल सेक्टर में बड़ा दांव लगाते हुए Baazar Style Retail Limited (Style Baazar) में 82.88 करोड़ रुपये का रणनीतिक निवेश करना. यह कदम क्यूपिड के लिए सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि अपने FMCG बिजनेस को तेजी से विस्तार देने की दिशा में एक अहम रणनीति के रूप में देखा जा रहा है.
कैसे हुई डील?
कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह निवेश कुल प्रस्तावित 331.53 करोड़ रुपये के निवेश का लगभग 25 फीसदी हिस्सा है. बाकी 75 फीसदी राशि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से लगाई जाएगी. इस डील के तहत क्यूपिड को 1,01,00,000 वारंट्स आवंटित किए गए हैं, जिन्हें नियामकीय प्रक्रिया के अनुसार आगे चलकर इक्विटी शेयरों में बदला जाएगा.
क्या होगा क्यूपिड को फायदा?
इस निवेश का सबसे बड़ा फायदा क्यूपिड को Style Baazar के तेजी से बढ़ते रिटेल नेटवर्क के रूप में मिलेगा. फिलहाल Style Baazar के देशभर में 260 से ज्यादा स्टोर्स हैं, जो लगातार विस्तार कर रहे हैं. इस नेटवर्क के जरिए क्यूपिड को अपने FMCG प्रोडक्ट्स के लिए बेहतर मार्केट एक्सेस, ज्यादा शेल्फ विजिबिलिटी और मजबूत लास्ट-माइल डिलीवरी हासिल होगी. यानी कंपनी के प्रोडक्ट अब सीधे ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच सकेंगे. क्यूपिड को उम्मीद है कि इस साझेदारी के जरिए अगले तीन साल में उसे करीब 500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त सालाना रेवेन्यू मिल सकता है. कंपनी मानती है कि उसके FMCG प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और Style Baazar के मजबूत रिटेल प्लेटफॉर्म का संयोजन उसे नई ग्रोथ संभावनाओं तक ले जाएगा.
कंपनी ने क्या कहा?
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर आदित्य कुमार हलवासिया ने इस निवेश को लेकर कहा कि यह साझेदारी क्यूपिड की रिटेल उपस्थिति को मजबूत करेगी और उसके FMCG कारोबार को नई गति देगी. उनके मुताबिक, जैसे-जैसे यह सहयोग आगे बढ़ेगा, कंपनी बेहतर मार्केट पहुंच और उपभोक्ताओं से गहरे जुड़ाव के जरिए मजबूत ग्रोथ दर्ज कर सकेगी. आने वाले समय में Style Baazar अपने स्टोर नेटवर्क को 500 से ज्यादा लोकेशन्स तक बढ़ाने की योजना बना रहा है. अगर यह विस्तार तय समय पर होता है, तो क्यूपिड के लिए यह और बड़ा अवसर बन सकता है. इससे कंपनी की ब्रांड विजिबिलिटी बढ़ेगी और ग्राहकों के साथ उसके संपर्क बिंदु (consumer touchpoints) भी काफी बढ़ जाएंगे.
बाजार स्टाइल रिटेल ने क्या कहा?
Baazar Style Retail के मैनेजिंग डायरेक्टर श्रेयांस सुराना ने भी इस साझेदारी को सकारात्मक बताया. उन्होंने कहा कि क्यूपिड का मजबूत FMCG पोर्टफोलियो और उसकी कार्यान्वयन क्षमता उनके रिटेल प्लेटफॉर्म को और बेहतर बनाती है, जिससे ग्राहकों को बेहतर प्रोडक्ट उपलब्धता और अनुभव मिलता है. यह सहयोग कंपनी के विस्तार प्लान को भी मजबूती देगा.
मालूम हो कि 1993 में स्थापित क्यूपिड लिमिटेड ने अपने पारंपरिक कंडोम और पर्सनल केयर बिजनेस से आगे बढ़ते हुए अब FMCG सेगमेंट में भी तेजी से विस्तार किया है. कंपनी फ्रेगरेंस, पर्सनल हाइजीन और वेलनेस प्रोडक्ट्स जैसे कई नए कैटेगरी में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है. साथ ही, क्यूपिड का वैश्विक स्तर पर भी मजबूत नेटवर्क है और यह 125 से ज्यादा देशों में अपने उत्पाद निर्यात करता है.
कैसा है स्टॉक का प्रदर्शन?
स्टॉक परफॉर्मेंस की बात करें तो हाल के समय में बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक तनाव के बावजूद क्यूपिड ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिए हैं. पिछले एक साल में यह शेयर करीब 617 फीसदी चढ़ा है, जबकि 6 महीने में इसमें 100 फीसदी की तेजी आई है. पिछले 5 सालों में तो इसने लगभग 4000 फीसदी का उछाल दर्ज किया है, जो इसे मल्टीबैगर स्टॉक्स की श्रेणी में रखता है.
हालांकि, हाल के महीनों में इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी रही है. पिछले 3 महीनों में यह करीब 28 फीसदी और पिछले 1 महीने में 16 फीसदी चढ़ा है. गुरुवार, 2 अप्रैल को यह शेयर एनएसई पर 0.81 फीसदी की बढ़त के साथ 87.54 रुपये पर बंद हुआ. 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के चलते बाजार बंद रहा. कंपनी का मार्केट कैप 11,778 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- चढ़ते-गिरते बाजार के बीच नितिन कामथ की रिटेल निवेशकों को सलाह, बताया क्या है सबसे मजबूत रास्ता
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.