ट्रांसफार्मर ऑयल का ये है छुपा रुस्‍तम खिलाड़ी, कंपनी पर नहीं एक रुपये का भी कर्ज, Q3 रिजल्‍ट से मिला बूस्‍ट, शेयर बना रॉकेट

Savita Oil Technologies Limited ने Q3 में बेहतर प्रदर्शन किया. इसके सालाना मुनाफे में जबरदस्‍त वृद्धि हुई. जिसके चलते गुरुवार को इसके शेयर 6.83% उछल गए. मजबूत ऑपरेटिंग प्रदर्शन और डबल डिजिट ग्रोथ से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.

Savita Oil Technologies Limited shares jump Image Credit: canva/chatgpt AI image

Savita Oil Technologies Share Price: ट्रांसफार्मर ऑयल सेक्टर की दुनिया में वैसे तो कई बड़े-बड़े नाम शामिल हैं. मगर इसी सेक्टर में एक और मजबूत खिलाड़ी तेजी से उभर रहा है, जिसका नाम Savita Oil Technologies Limited है. करीब 2487 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी के शेयरों में गुरुवार, 27 फरवरी को जबरदस्‍त उछाल देखने को मिली. इस तेजी की वजह कंपनी के बेहतर तिमाही नतीजे हैं.

गुरुवार को इसके शेयर 374.05 रुपये पर बंद हुए, जबकि इसका इंट्रा डे हाई 389.60 रुपये दर्ज की गई थी. शेयर इंट्रा डे में करीब 6.83% उछला. हालांकि पिछले एक साल में शेयर ने करीब 4 प्रतिशत का निगेटिव रिटर्न दिया है, लेकिन बीते एक महीने में लगभग 9 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है.

दमदार वित्तीय प्रदर्शन

  • Q3 FY26 में कंपनी ने 1,074 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू दर्ज किया, जो Q2 FY26 के 1,076 करोड़ रुपये के मुकाबले महज 0.2 प्रतिशत कम है. लेकिन साल-दर-साल आधार पर यह 945 करोड़ रुपये से करीब 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है.
  • मुनाफे के मोर्चे पर देखें तो Q3 FY26 में नेट प्रॉफिट 38 करोड़ रुपये रहा, जो पिछली तिमाही के 41 करोड़ रुपये से लगभग 7 प्रतिशत कम है. हालांकि Q3 FY25 के 12 करोड़ रुपये के मुकाबले इसमें करीब 217 प्रतिशत की जबरदस्त छलांग दर्ज की गई.
  • EBITDA भी 28.3 करोड़ रुपये से बढ़कर 60 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, यानी करीब 112 प्रतिशत की सालाना वृद्धि. EBITDA मार्जिन 3 प्रतिशत से बढ़कर 5.5 प्रतिशत हो गया, जो 250 बेसिस प्वाइंट्स का विस्तार दिखाता है.

कर्जमुक्‍त है कंपनी

कंपनी पूरी तरह कर्ज मुक्त है. इसका पीई 13.25 है, जबकि ROE 7.99 फीसदी है. तिमाही नतीजे में कंपनी के पेट्रोलियम स्पेशलिटी डिवीजन में मजबूत प्रदर्शन देखने को मिला, खासतौर पर घरेलू ट्रांसफार्मर ऑयल और व्हाइट ऑयल सेगमेंट में स्थिर वृद्धि रही. अंतरराष्ट्रीय कारोबार में भी तिमाही और नौ महीने की अवधि में डबल डिजिट ग्रोथ दर्ज की गई.

कंपनी का कारोबार

1961 में स्थापित Savita Oil Technologies Limited पेट्रोलियम स्पेशलिटी प्रोडक्ट्स की प्रमुख निर्माता है. कंपनी मुख्य रूप से दो सेगमेंट में काम करती है, जिनमें पेट्रोलियम स्पेशलिटी प्रोडक्ट्स का निर्माण और विंड पावर प्लांट्स के जरिए बिजली उत्पादन शामिल है. यह भारत की पहली लुब्रिकेंट कंपनी है जिसने “SAVSOL Ester5” नाम से एस्टर मॉलीक्यूल का निर्माण किया. कंपनी उन चुनिंदा वैश्विक कंपनियों में शामिल है जो ट्रांसफॉर्मर के लिए मिनरल, नेचुरल और सिंथेटिक एस्टर बेस्ड फ्लूड्स का निर्माण और मार्केटिंग करती हैं.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.