डिफेंस स्टॉक में जंग! HAL, BEL, BDL या Mazagon Dock, कौन है स्टार परफॉर्मर, किसमें कमाई का सबसे बड़ा मौका?
रक्षा बजट में बड़ी बढ़ोतरी और मजबूत Q3 नतीजों के बाद डिफेंस सेक्टर एक बार फिर निवेशकों के रडार पर है. HAL, BEL, BDL और Mazagon Dock जैसे शेयरों में कमाई की तस्वीर अलग-अलग है. सवाल यही है कि कौन सा शेयर सबसे मजबूत है और कहां आगे बेहतर रिटर्न की संभावना बनती है.
Best Defense Stock to Buy: दुनिया के कई हिस्सों में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और नए युद्ध क्षेत्रों के उभरने से डिफेंस सेक्टर एक बार फिर निवेशकों के फोकस में आ गया है. भारत सरकार ने भी इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रक्षा बजट में 15.20% की बढ़ोतरी कर इसे ₹7.85 लाख करोड़ तक पहुंचा दिया है. ऐसे माहौल में सवाल यह है कि Q3FY26 के नतीजों के बाद HAL, BDL, BEL और Mazagon Dock जैसे बड़े डिफेंस शेयरों में से कौन सबसे मजबूत है और कहां आगे कमाई का बेहतर मौका दिखता है.
सेक्टर के लिए बजट में 15% की बढ़ोत्तरी, Q3FY26 में दिखा मजबूत रिपोर्ट कार्ड, अब कौन होगा डिफेंस सेक्टर का स्टार परफॉर्मर –
HAL Share
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड यानी HAL ने Q3FY26 में शानदार प्रदर्शन किया है. कंपनी का शुद्ध मुनाफा करीब 30% बढ़कर ₹1,867 करोड़ हो गया, जबकि तिमाही रेवेन्यू ₹7,699 करोड़ रहा.
HAL देश की सबसे बड़ी एयरक्राफ्ट और हेलिकॉप्टर निर्माता है. Tejas फाइटर जेट, हेलिकॉप्टर और इंजन निर्माण में इसकी अहम भूमिका है. सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ फोकस और डिफेंस एयरक्राफ्ट अपग्रेडेशन से HAL को लगातार नए ऑर्डर मिल रहे हैं. सप्लाई चेन की दिक्कतें भी अब कम हो रही हैं, ऐसे में मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाली तिमाहियों में कमाई और मजबूत रह सकती है.
BDL Share
Bharat Dynamics Limited (BDL) के Q3 नतीजे अपेक्षाकृत कमजोर रहे. कंपनी का नेट प्रॉफिट 50% गिरकर ₹73 करोड़ रह गया और रेवेन्यू में भी 32% की गिरावट दर्ज की गई. EBITDA और मार्जिन पर भी दबाव साफ दिखा.
हालांकि, BDL मिसाइल सिस्टम और रक्षा उपकरणों में एक अहम सरकारी कंपनी है. शेयर ने पिछले 5 साल में करीब 598% का रिटर्न दिया है. ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि ऑर्डर फ्लो सुधरने पर BDL फिर से ट्रैक पर आ सकती है, लेकिन फिलहाल यह शेयर हाई रिस्क-हाई रिवॉर्ड की कैटेगरी में दिखता है.
BEL Share
Bharat Electronics Limited (BEL) ने Q3FY26 में मजबूत और संतुलित प्रदर्शन दिखाया है. कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 20% बढ़कर ₹1,579.7 करोड़ हो गया, जबकि रेवेन्यू करीब 24% बढ़कर ₹7,153.85 करोड़ रहा.
BEL की सबसे बड़ी ताकत इसकी ₹73,015 करोड़ की मजबूत ऑर्डर बुक है, जो आने वाले कई क्वार्टर तक कमाई की अच्छी विजिबिलिटी देती है. जनवरी 2026 में ही कंपनी को ₹1,802 करोड़ के नए ऑर्डर मिले. मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि इलेक्ट्रॉनिक्स, रडार, कम्युनिकेशन और डिफेंस टेक्नोलॉजी में BEL की पकड़ इसे एक स्थिर लॉन्ग टर्म स्टॉक बनाती है.
Mazagon Dock Share
Mazagon Dock Shipbuilders ने Q3FY26 में स्थिर लेकिन अच्छा प्रदर्शन किया है. कंपनी का नेट प्रॉफिट 9% बढ़कर ₹879.8 करोड़ और रेवेन्यू 14.6% बढ़कर ₹3,601 करोड़ रहा.
हालांकि मार्जिन में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन ऑर्डर एग्जीक्यूशन मजबूत बना हुआ है. नौसेना के लिए सबमरीन और वॉरशिप बनाने में Mazagon Dock की भूमिका अहम है. पिछले 5 साल में इस शेयर ने 2000% से ज्यादा का रिटर्न दिया है, जो इसे सेक्टर का मल्टीबैगर बनाता है.
कमाई और वैल्यूएशन की एक नजर में तुलना
| कंपनी | Q3FY26 मुनाफा | 5 साल का रिटर्न | मौजूदा शेयर प्राइस | ब्रोकरेज टारगेट |
|---|---|---|---|---|
| HAL | ₹1,867 करोड़ | 708% | ₹4,212 | ₹5,507 (PL कैपिटल ब्रोकरेज ओपिनियन) |
| BDL | ₹73 करोड़ | 598% | ₹1,243 | ₹1,817 (SBI Securities ब्रोकरेज ओपिनियन) |
| BEL | ₹1,579 करोड़ | 851% | ₹435 | ₹502 (एंटीक स्टॉक ब्रोकरेज ओपिनियन) |
| Mazagon Dock | ₹879.8 करोड़ | 2017% | ₹2,350 | ₹3,407 (एंटीक स्टॉक ब्रोकरेज ओपिनियन) |
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
