एक दिन में FIIs ने निकाले 20637 करोड़ रुपये, जानें शेयर बाजार में अचानक क्यों बढ़ी बिकवाली
शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशको ने बड़ी बिकवाली की और एक ही दिन में 20637 करोड़ रुपये निकाले. बाजार की इस गिरावट की बड़ी वजह MSCI इंडेक्स में हुआ बदलाव माना जा रहा है. इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी पर दबाव दिखा, जबकि घरेलू निवेशको ने खरीदारी कर बाजार को कुछ सहारा दिया.

FII Selling: शेयर बाजार में शुक्रवार को विदेशी निवेशकों की बड़ी बिकवाली देखने को मिली. FII ने एक ही दिन में 20637 करोड़ रुपये की निकासी की. यह हाल के साल की सबसे बड़ी एक दिन की बिकवाली में से एक रही. बाजार में इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी करीब 1.5 फीसदी तक गिरे. इस तेज बिकवाली के पीछे MSCI इंडेक्स में हुए बदलाव को बड़ी वजह माना जा रहा है. बाजार के जानकार इसे एक बार का तकनीकी असर बता रहे हैं, लेकिन ट्रेडिंग वॉल्यूम ने भी कई सवाल खड़े किए हैं.
एक दिन में FIIs की भारी बिकवाली
शुक्रवार को विदेशी निवेशक भारतीय शेयरों में बड़े विक्रेता बनकर उभरे. NSE के आंकड़ों के मुताबिक FIIs ने शुद्ध रूप से 20637 करोड़ रुपये की बिकवाली की. यह हाल के समय की सबसे बड़ी निकासी में शामिल है. इससे पहले अप्रैल 2026 में भी एक दिन में करीब 19837 करोड़ रुपये की निकासी दर्ज की गई थी. बाजार में इस बिकवाली का असर दिन के आखिरी कारोबार में ज्यादा दिखाई दिया.
MSCI इंडेक्स बदलाव बना बड़ी वजह
इकोनॉमिक्स टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, MSCI इंडेक्स की समीक्षा के चलते यह बिकवाली हुई. इंडेक्स में बदलाव के बाद कई ग्लोबल फंड अपने पोर्टफोलियो को नए वेटेज के हिसाब से बदलते हैं. इसी वजह से शुक्रवार को बड़े पैमाने पर खरीद और बिक्री देखने को मिली. Federal Bank, MCX, NALCO और Indian Bank को इंडेक्स में शामिल किया गया. वहीं Hyundai Motor India, Jubilant FoodWorks, Kalyan Jewellers और RVNL बाहर हुए.
ट्रेडिंग वॉल्यूम ने भी खड़े किए सवाल
शुक्रवार को ट्रेडिंग वॉल्यूम भी असामान्य रूप से बहुत ज्यादा रहा. NSE के कुल कारोबार में FIIs की हिस्सेदारी करीब 69 फीसदी रही. इससे बाजार जानकारों ने सवाल उठाए कि क्या यह सिर्फ इंडेक्स बदलाव का असर था या हाई फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग ने भी इसमें बड़ी भूमिका निभाई. कुछ जानकारों का मानना है कि तेज रफ्तार एल्गो ट्रेडिंग की वजह से वॉल्यूम और उतार चढ़ाव दोनों बढ़े.
यह भी पढ़ें- F&O ट्रेडर्स के लिए बड़ी खबर, अब NSE पर 10 मिनट ज्यादा होगी ट्रेडिंग; अगस्त से बदलेगी टाइमिंग
घरेलू निवेशकों ने संभाला मोर्चा
विदेशी बिकवाली के बीच घरेलू संस्थागत निवेशको ने बाजार को सहारा दिया. DIIs ने शुक्रवार को 16260 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी की. इससे बाजार में गिरावट और गहरी होने से कुछ हद तक बचाव हुआ. घरेलू फंड्स की खरीदारी ने बाजार में संतुलन बनाने में मदद की. हालांकि विदेशी बिकवाली का दबाव पूरे दिन बना रहा.