Toll से कमाई करता है यह फंड, डिविडेंड देने में माहिर, आप भी उठा सकते हैं फायदा, जानें कहां लगा रखा है पैसा
देश में बढ़ते टोल प्लाजा और उनसे होने वाली रिकॉर्ड कमाई ने निवेश के नए अवसर खोल दिए हैं. हर दिन लाखों वाहन चालकों द्वारा दिया जाने वाला टोल अब निवेशकों के लिए कमाई का जरिया बन रहा है. ऐसे में IRB InvIT Fund एक ऐसा विकल्प है, जो टोल आधारित आय में हिस्सेदारी देकर नियमित रिटर्न का अवसर प्रदान करता है.

IRB InvIT Fund: देश के राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) पर जब आपकी कारें फर्राटे भरती हैं और टोल गेट से गुजरती हैं, तो आपकी गाड़ी पर लगे टोल पास से हर बार एक निश्चित राशि कटती है. एक तरह से कहा जा सकता है कि यह वह शुल्क है जो आपको उस मार्ग से गुजरने के लिए चुकाना पड़ता है. लेकिन इस भुगतान के बदले आपको क्या मिलता है? केवल रास्ते का उपयोग करने की अनुमति. हालांकि बाजार में कुछ ऐसे फंड भी मौजूद हैं जो आपको टोल कलेक्शन से कमाई का मौका देते हैं.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 30 जून 2024 तक देश में कुल 983 टोल प्लाजा थे. वाहन चालकों द्वारा किए गए इन ट्रांजैक्शनों से वित्त वर्ष 2024 में 64,810 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ, जो वित्त वर्ष 2025 में लगभग 70,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है. जैसे-जैसे देश में टोल प्लाजा की संख्या बढ़ रही है, यह निवेशकों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनता जा रहा है. इस रिपोर्ट में IRB InvIT Fund के बारे में बताया गया है, जहां निवेश करने पर आपका पैसा एक ऐसे इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट में लगता है, जो टोल प्रोजेक्ट्स में निवेश करता है.
IRB InvIT Fund क्या है?
IRB InvIT Fund एक इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (InvIT) है, जिसे IRB Infrastructure Developers Ltd. ने स्थापित किया है. इसका मुख्य उद्देश्य सड़क एवं हाईवे प्रोजेक्ट्स में निवेश करके उनसे होने वाली आय (जैसे टोल कलेक्शन) को निवेशकों में बांटना है. यह म्यूचुअल फंड की तरह कार्य करता है, लेकिन इसमें निवेश इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट्स में किया जाता है, जिससे निवेशकों को नियमित आय (डिविडेंड/डिस्ट्रिब्यूशन) प्राप्त होती है. यह स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड है, इसलिए इसे आसानी से खरीदा और बेचा जा सकता है.
IRB InvIT Fund का हाल
IRB InvIT Fund का स्टॉक 10 अप्रैल को लगभग 60 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था. शुक्रवार को इसमें मामूली तेजी दर्ज की गई. बीते एक वर्ष में यह 12.5 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है, जबकि पिछले पांच वर्षों में इसमें लगभग 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
डिविडेंड देने के मामले में फंड माहिर है. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने ROC, Interest, Dividend और Misc.Incom मिलाकर 27 बार डिविडेंड दे चुका है.
मजबूत हैं फंडामेंटल्स
| पैरामीटर | वैल्यू |
|---|---|
| मार्केट कैप | ₹4,745 करोड़ |
| पी/ई अनुपात (TTM) | 14.15 |
| पी/बी अनुपात | 0.67 |
| इंडस्ट्री पी/ई | 23.89 |
| ऋण-इक्विटी अनुपात | 1.75 |
| आरओई (ROE) | 9.76% |
| ईपीएस (TTM) | 4.24 |
| डिविडेंड यील्ड | 9.79% |
| बुक वैल्यू | 89.61 |
| फेस वैल्यू | 102 |
कैसी है फंड की वित्तीय सेहत?
IRB InvIT Fund की वित्तीय सेहत मिश्रित दिखाई देती है. एक तरफ कंपनी का रेवेन्यू स्थिर रहते हुए हाल के क्वार्टर (Dec’25) में तेजी से बढ़कर ₹451 करोड़ तक पहुंच गया है, जो एक सकारात्मक संकेत है. वहीं दूसरी तरफ मुनाफा पहले बढ़ने के बाद लगातार गिरकर ₹59.67 करोड़ तक आ गया है, जो चिंता का विषय है. इसके अलावा डिविडेंड यील्ड अच्छा है, लेकिन बढ़ता कर्ज (Debt to Equity 1.75) और मध्यम ROE (9.76%) यह दर्शाते हैं कि कंपनी की आय तो मजबूत है, पर मुनाफे पर दबाव बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: Stocks in Focus: शेयर बाजार में इन 14 कंपनियों पर रहेगी नजर, TCS, Wipro, SAIL समेत इन स्टॉक में दिख सकती है हलचल
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.