LIC Q4 Results: मुनाफा 23% बढ़ा, कंपनी ने ₹10 डिविडेंड का किया ऐलान, शुक्रवार को शेयरों पर रखें नजर
LIC का एसेट अंडर मैनेजमेंट यानी AUM सालाना आधार पर 5.1 प्रतिशत बढ़कर 57.3 लाख करोड़ रुपये हो गया. वहीं वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस यानी VNB में जोरदार उछाल देखने को मिला. मार्च तिमाही में VNB 41.63 प्रतिशत बढ़कर 14,179 करोड़ रुपये पहुंच गया.

LIC Q4 Results : देश की सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी LIC ने मार्च तिमाही FY26 के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 23,467 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 19,039 करोड़ रुपये था. दमदार नतीजों के साथ कंपनी ने शेयरधारकों के लिए 10 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का भी ऐलान किया है. कंपनी के शेयरों में शुक्रवार को हलचल देखने को मिल सकती है.
सॉल्वेंसी रेशियो में सुधार
तिमाही के दौरान LIC का सॉल्वेंसी रेशियो बढ़कर 2.35 प्रतिशत पहुंच गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 2.11 प्रतिशत था. दिसंबर तिमाही में यह 2.19 प्रतिशत रहा था. सॉल्वेंसी रेशियो किसी बीमा कंपनी की वित्तीय मजबूती को दर्शाता है. हालांकि, कंपनी का 13वें महीने का पर्सिस्टेंसी रेशियो घटकर 67.77 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल 68.62 प्रतिशत और पिछली तिमाही में 69.36 प्रतिशत था.
AUM और VNB में मजबूत ग्रोथ
LIC का एसेट अंडर मैनेजमेंट यानी AUM सालाना आधार पर 5.1 प्रतिशत बढ़कर 57.3 लाख करोड़ रुपये हो गया. वहीं वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस यानी VNB में जोरदार उछाल देखने को मिला. मार्च तिमाही में VNB 41.63 प्रतिशत बढ़कर 14,179 करोड़ रुपये पहुंच गया.
नॉन-पार प्रोडक्ट्स पर बढ़ा फोकस
कंपनी लगातार अपने प्रॉफिटेबिलिटी मेट्रिक्स सुधारने और नॉन-पार्टिसिपेटिंग प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी बढ़ाने पर काम कर रही है, ताकि कमाई की गुणवत्ता मजबूत हो सके.
क्या बोले LIC के CEO?
LIC के CEO और MD ने कहा कि FY26 कंपनी के लिए शानदार साल रहा. सभी बिजनेस वर्टिकल में मजबूत ग्रोथ देखने को मिली और कई रिकॉर्ड प्रदर्शन दर्ज हुए. उन्होंने बताया कि इंडिविजुअल बिजनेस में Non-Par शेयर APE आधार पर 35 प्रतिशत से ज्यादा रहा, जबकि VNB मार्जिन 21 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया. इसके अलावा Banca और Alternate Channels यानी BAC से प्रीमियम कलेक्शन में 45 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई और FY26 में BAC प्रीमियम 5,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया.
IndAS लागू करने की तैयारी
LIC ने कहा कि कंपनी रेगुलेटरी गाइडेंस के तहत Indian Accounting Standards यानी IndAS लागू करने की तैयारी कर रही है और तय समयसीमा के भीतर इसे लागू करने को लेकर आश्वस्त है.
शेयर का हाल
LIC का शेयर गुरुवार को करीब 800 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था. पिछले एक हफ्ते में शेयर में करीब 1.7 प्रतिशत की तेजी आई है, हालांकि पिछले एक साल में शेयर करीब 6 प्रतिशत कमजोर रहा है.
इसे भी पढ़ें- Q4 में Mutual Funds ने बढ़ाया इन शेयरों में दांव, Adani Power से Ola Electric तक कई स्टॉक फोकस में, रखें नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.