इन 2 रियल एस्टेट शेयरों में मुकुल अग्रवाल ने बढ़ाई हिस्सेदारी, तेजी से घट रहा है कंपनियों का कर्ज; रखें नजर
दिग्गज निवेशकMukul Agarwal औरPorinju Veliyath ने हालिया तिमाही में Valor Estate और Aurum PropTech में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. दोनों कंपनियों ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से कर्ज घटाकर बैलेंस शीट मजबूत की है. हालांकि अभी दोनों का मुख्य कारोबार लगातार मजबूत मुनाफा नहीं कमा रहा है और अन्य इनकम पर निर्भरता बनी हुई है.

Real Estate Stocks: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक Mukul Agarwal और Porinju Veliyath ने हाल ही में दो रियल एस्टेट कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. इनमें Valor Estate और Aurum PropTech शामिल हैं. दोनों कंपनियों का कारोबार अलग- अलग है, लेकिन एक बात समान है. दोनों ने पिछले कुछ वर्षों में अपनी बैलेंस शीट मजबूत करने और कर्ज कम करने पर जोर दिया है. यही वजह है कि बाजार की नजर अब इन दोनों शेयरों पर बनी हुई है.
मुकुल अग्रवाल ने Valor Estate में बढ़ाई हिस्सेदारी
मुकुल अग्रवाल लगातार एक साल से Valor Estate में निवेश बढ़ा रहे हैं. जून 2025 में उनके पास कंपनी की 1.21 फीसदी हिस्सेदारी थी, जो मार्च 2026 में बढ़कर 1.47 फीसदी और जून 2026 में 1.57 फीसदी हो गई. मौजूदा मार्केट वैल्यू के हिसाब से उनकी हिस्सेदारी करीब 97 करोड़ रुपये की है. दिलचस्प बात यह है कि पिछले एक साल में कंपनी का शेयर करीब 47 फीसदी गिरा है, इसके बावजूद उन्होंने निवेश बढ़ाया.
कर्ज घटाना बना सबसे बड़ी ताकत
Valor Estate की सबसे बड़ी उपलब्धि तेजी से कर्ज कम करना है. वित्त वर्ष 2023 में कंपनी पर 2978 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2026 के अंत तक घटकर 747 करोड़ रुपये रह गया. मैनेजमेंट का दावा है कि वित्त वर्ष 2027 तक कंपनी पूरी तरह कर्ज मुक्त हो सकती है. मजबूत ऑपरेटिंग कैश फ्लो भी इस बदलाव का संकेत देता है. हालांकि कंपनी का मुख्य कारोबार अभी भी लगातार मजबूत मुनाफा नहीं दे पा रहा है और कमाई का एक हिस्सा अन्य इनकम से आ रहा है.
पोरिंजू वेलियाथ ने Aurum PropTech पर बढ़ाया भरोसा
पोरिंजू वेलियाथ ने Aurum PropTech में अपनी हिस्सेदारी व्यक्तिगत निवेश और अपनी कंपनी इक्विटी इंटेलिजेंस इंडिया दोनों के जरिए बढ़ाई है. दोनों हिस्सेदारी मिलाकर उनके पास अब 6 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी है, जिसकी बाजार कीमत 100 करोड़ रुपये से ज्यादा है. कंपनी ने हाल ही में हाउसिंग डॉट कॉम की मूल कंपनी के अधिग्रहण को मंजूरी दी है, जिससे उसके डिजिटल रियल एस्टेट कारोबार को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- पूरी तरह कर्ज मुक्त, ₹728 करोड़ का ऑर्डर बुक; वाटर इंफ्रा सेक्टर में काम करती है कंपनी, शेयरों पर रखें नजर
दोनों कंपनियों में क्या है समान बात
Valor Estate और Aurum PropTech का कारोबार अलग है, लेकिन दोनों कंपनियों की रणनीति एक जैसी दिखती है. दोनों ने कर्ज कम किया है और बैलेंस शीट को मजबूत बनाने पर काम किया है. हालांकि दोनों कंपनियां अभी अपने मुख्य कारोबार से स्थिर और मजबूत मुनाफा कमाने की स्थिति में पूरी तरह नहीं पहुंची हैं. यही कारण है कि निवेशकों की नजर अब आने वाली तिमाहियों के नतीजों पर रहेगी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.