₹450 करोड़ के US डील से चमका इस कंपनी का शेयर, 13% उछला भाव; आपके पोर्टफोलियो में है शामिल?
इस कंपनी के शेयर में US डील की खबर से जोरदार उछाल देखने को मिला, हालांकि ऊपरी स्तरों पर बिकवाली भी हावी रही. मजबूत ऑर्डर बुक और ग्लोबल एक्सपैंशन के बीच अब नजर इस बात पर है कि क्या कंपनी इस ट्रिगर को टिकाऊ तेजी में बदल पाएगी.

PDS Ltd Bagged Order: ग्लोबल फैशन सप्लाई चेन से जुड़ी कंपनी PDS Ltd एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ गई है. अमेरिकी बाजार से मिले बड़े कॉन्ट्रैक्ट की खबर के बाद कंपनी के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. मंगलवार के कारोबार में स्टॉक करीब 13.5 फीसदी चढ़कर 328.65 रुपये के दिन के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया, जबकि पिछले सत्र में यह 289.35 रुपये पर बंद हुआ था. हालांकि, यह तेजी ऐसे समय में आई है जब पिछले एक साल में शेयर करीब 22 फीसदी तक टूट चुका है.
US डील बनी ट्रिगर
कंपनी को हाल ही में एक बड़े अमेरिकी रिटेलर से ‘Sourcing as a Service’ कॉन्ट्रैक्ट मिला है, जिसने बाजार का ध्यान खींचा है. इस डील के तहत PDS एंड-टू-एंड सोर्सिंग सॉल्यूशन प्रदान करेगी, जिसमें वेंडर मैनेजमेंट, कंप्लायंस और सप्लाई चेन ऑपरेशंस शामिल हैं. शुरुआती तौर पर इस प्रोजेक्ट से करीब 450 करोड़ रुपये (लगभग 50 मिलियन डॉलर) का बिजनेस मिलने का अनुमान है, जिसे आगे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जा सकता है.
यह कॉन्ट्रैक्ट कंपनी की सब्सिडियरी GSCL के जरिए पूरा किया जाएगा, जिसका नेतृत्व माइकल यी कर रहे हैं. यह डील PDS के लिए अमेरिकी बाजार में पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ उसकी ग्राउंड-लेवल एग्जीक्यूशन क्षमता को भी बढ़ाएगी.
मैनेजमेंट का भरोसा
कंपनी के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन पल्लक सेठ के मुताबिक, मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद यह साझेदारी PDS की मजबूत ग्लोबल नेटवर्क और बिजनेस मॉडल को दर्शाती है. वहीं ग्रुप CEO संजय जैन का कहना है कि डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कॉस्ट ऑप्टिमाइजेशन में किए गए निवेश कंपनी को स्केलेबल और इनोवेटिव सॉल्यूशंस देने में मदद कर रहे हैं.
कंपनी क्या करती है?
PDS Ltd एक ग्लोबल फैशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म है, जो बड़े ब्रांड्स और रिटेलर्स को डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग और डिस्ट्रीब्यूशन तक एंड-टू-एंड सेवाएं देता है. कंपनी का ऑपरेशन भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे देशों में फैला हुआ है और यह सालाना 2.2 अरब डॉलर से ज्यादा का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू हैंडल करती है.
ऑर्डर बुक मजबूत, लेकिन चुनौतियां बरकरार
वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही तक कंपनी का ऑर्डर बुक 5,179 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 6 फीसदी की बढ़त दर्शाता है. हालांकि, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं, टैरिफ से जुड़े दबाव और मांग में असमान रिकवरी के कारण कुछ ऑर्डर्स में देरी भी देखने को मिली है.
फाइनेंशियल परफॉर्मेंस मिला-जुला
अगर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें, तो Q3 FY26 में ऑपरेशंस से राजस्व 1.5 फीसदी बढ़कर 3,172 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, ऑपरेटिंग मार्जिन 3 फीसदी पर स्थिर रहा. मुनाफे के मोर्चे पर दबाव दिखा, जहां नेट प्रॉफिट 17.78 फीसदी घटकर 37 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 45 करोड़ रुपये था. इसी के चलते EPS भी करीब 29 फीसदी गिरकर 1.39 रुपये पर आ गया.
क्या है शेयर का हाल?
मगंलवार, 7 अप्रैल को PDS Ltd के शेयर बाजार बंद होने तक 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 288.45 रुपये पर थे. स्टॉक में शुरुआती कारोबारी सत्र के दौरान तेजी देखी गई थी जिसके बाद बिकवाली हावी हुई और भाव गिर गया. स्टॉक पिछले कई महीनों से दबाव में कारोबार कर रहा है. पिछले 5 साल में स्टॉक ने लगभग 116 फीसदी का रिटर्न दिया है. कंपनी का मार्केट कैप 4093 करोड़ रुपया दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- अनिल अंबानी की कंपनी के शेयर ने भरी उड़ान, लगा अपर सर्किट; 4 दिनों में इतना दिया प्रॉफिट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.