राधाकिशन दमानी का चला सिक्का! DMart ने छुआ 500 स्टोर्स का माइलस्टोन; 9% भागा शेयर, अभी भी 13 फीसदी का दिख रहा अपसाइड
Avenue Supermarts Ltd (DMart) ने 500 स्टोर्स का माइलस्टोन हासिल किया, जिससे शेयर में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया. मजबूत विस्तार और बेहतर तिमाही नतीजों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिससे स्टॉक में भारी खरीदारी देखने को मिली.

DMart share price: दिग्गज उद्योगपति और निवेशक राधाकिशन दमानी की कंपनी DMart आज खूब सुर्खियों में है. रिटेल सेक्टर की पॉपुलर कंपनी Avenue Supermarts Ltd (DMart) के शेयरों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. शेयर में करीब 9% तक की उछाल दर्ज की गई. शेयर में आई इस तेजी की वजह कंपनी का ऐलान है.
दरअसल डीमार्ट ने 500 स्टोर्स का आंकड़ा पार कर लिया है. कंपनी के इस माइलस्टोन को छूने की खबर ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिसके चलते शेयर गोली की रफ्तार से भागते नजर आए
कितने बढ़े भाव?
DMart का शेयर 2.9% की बढ़त के साथ ₹4,075 पर खुला और दिन के दौरान यह करीब 9 फीसदी चढ़कर ₹4,294.80 के हाई तक पहुंच गया. दोपहर तक यह करीब ₹4,255.60 के आसपास ट्रेड करता नजर आया, जो लगभग 8% की तेजी को दर्शाता है. BSE पर भी शेयर में 3.5 गुना से ज्यादा वॉल्यूम देखा गया, जो निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी को दिखाता है.
500 स्टोर्स का बड़ा मुकाम
कंपनी ने हाल ही में 12 नए स्टोर शुरू किए हैं, जिसके बाद कुल स्टोर की संख्या 500 हो गई है. यह DMart के लिए एक बड़ा माइलस्टोन है, जो उसके तेजी से विस्तार और मजबूत बिजनेस मॉडल को दर्शाता है.
वित्तीय प्रदर्शन भी मजबूत
कंपनी के नतीजे भी मजबूती दिखा रहे हैं. Q3FY26 में DMart का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 18.27% बढ़कर ₹855.78 करोड़ रहा, जबकि रेवेन्यू 13.32% बढ़कर ₹18,100.88 करोड़ तक पहुंच गया.
यह है शेयर प्राइस टारगेट
डीमार्ट का शेयर आज उछाल के साथ ट्रेड करता नजर आया. आने वाले दिनों में भी इसमें ग्रोथ के चांस है. यही वजह है कि मार्केट एक्सपर्ट अंशुल जैन ने इसके शेयर प्राइस का टारगेट 4800 रुपये दिया है. जबकि इसका करेंट मार्केट प्राइस ₹4,247.30 रुपये है. इस लिहाज से अभी भी इस शेयर में 13 फीसदी का अपसाइड यानी कमाई का दम दिख रहा है.
दमानी का विजन
DMart की स्थापना दिग्गज निवेशक Radhakishan Damani ने की थी. कंपनी देश के कई राज्यों जैसे महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, NCR और अन्य क्षेत्रों में ग्रॉसरी और दैनिक उपयोग के सामान की रिटेल चेन चलाती है.
शेयर का प्रदर्शन
DMart का शेयर 2026 में अब तक करीब 15% चढ़ चुका है, जबकि इस दौरान निफ्टी 50 इंडेक्स में गिरावट देखी गई है. पिछले एक साल में भी यह शेयर करीब 4% चढ़ा है. हालांकि लॉन्ग टर्म में देखें तो 3 साल में इसने 24 फीसदी और 5 साल मे 47 फीसदी का रिटर्न दिया है. कंपनी का 52 हफ्ते का हाई ₹4,949.50 और लो ₹3,529 है, जबकि मार्केट कैप करीब ₹2.7 लाख करोड़ है. DMart का लगातार विस्तार, मजबूत फाइनेंशियल्स और कंज्यूमर डिमांड इसे रिटेल सेक्टर का मजबूत खिलाड़ी हैं. ऐसे में यह 500 स्टोर का आंकड़ा पार करना कंपनी के आगे की ग्रोथ की राह को मजबूत कर सकती है.