दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स 95000 या फिर 68,000? Morgan Stanley ने बताया कब आएगी तेजी और कब गिरावट!

शेयर बाजार में आगे तेजी आएगी या बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी? Morgan Stanley ने दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स के लिए तीन संभावित टारगेट दिए हैं. ब्रोकरेज के बेस केस में सेंसेक्स 95,000, बुल केस में 1,05,000 और बेयर केस में 68,000 तक पहुंच सकता है. ब्रोकरेज ने इन अनुमानों के पीछे घरेलू आर्थिक ग्रोथ, कंपनियों की कमाई, कच्चे तेल की कीमतों और ग्लोबल आर्थिक हालात को अहम वजह बताया है.

Morgan Stanley के बेस केस में दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स 95,000 तक पहुंच सकता है. Image Credit: canva

शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए आने वाला एक साल काफी अहम हो सकता है. ग्लोबल ब्रोकरेज Morgan Stanley ने दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स के लिए तीन संभावित टारगेट दिए हैं. ब्रोकरेज के बेस केस के मुताबिक, सेंसेक्स 95000 के स्तर तक पहुंच सकता है. वहीं, तेजी का माहौल बना तो यह 105000 तक भी जा सकता है. लेकिन अगर कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहीं और ग्लोबल इकोनॉमी की रफ्तार धीमी पड़ी तो सेंसेक्स 68000 तक फिसल सकता है. Morgan Stanley के मुताबिक, भारतीय बाजार में कॉरपोरेट कमाई में सुधार, घरेलू निवेश और बेहतर होते आर्थिक हालात से तेजी को सपोर्ट मिल सकता है. ऐसे में समझते हैं कि ब्रोकरेज ने बाजार के लिए क्या अनुमान लगाया है और किन वजहों से सेंसेक्स में तेजी या गिरावट आ सकती है.

सेंसेक्स के लिए Morgan Stanley के 3 टारगेट

Morgan Stanley ने दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स के लिए तीन संभावित स्थितियों का अनुमान लगाया है. ब्रोकरेज के मुताबिक, सबसे ज्यादा 50% संभावना बेस केस की है. इसमें सेंसेक्स 95000 तक पहुंच सकता है. मौजूदा संदर्भ स्तर के मुकाबले इसमें करीब 16% की तेजी का अनुमान है.

वहीं, बुल केस में सेंसेक्स के 105000 तक पहुंचने की संभावना 30% है. दूसरी तरफ, बेयर केस में इंडेक्स 68000 तक गिर सकता है. इस स्थिति की संभावना 20% बताई गई है.

बाजार की स्थितिसंभावनासेंसेक्स टारगेट
बेस केस50%95,000
बुल केस30%1,05,000
बेयर केस20%68,000

क्यों 95000 तक पहुंच सकता है सेंसेक्स?

Morgan Stanley का मानना है कि भारतीय शेयर बाजार को घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूती का फायदा मिल सकता है. ब्रोकरेज ने भारत की तीन खूबियों को ‘3D Edge’ नाम दिया है. इसमें टिकाऊ घरेलू ग्रोथ, अर्थव्यवस्था के अलग-अलग क्षेत्रों से मिलने वाला विकास और बाहरी परिस्थितियों पर अपेक्षाकृत कम निर्भरता शामिल है.

ब्रोकरेज के मुताबिक, देश में निवेश गतिविधियों में सुधार, मौद्रिक नीति से मिलने वाला समर्थन और उपभोक्ता मांग में मजबूती कंपनियों की कमाई बढ़ाने में मदद कर सकती है. अगले पांच साल में निवेश-से-जीडीपी रेशियो बढ़कर 37.5% तक पहुंचने का अनुमान है.

इसके अलावा, निजी क्षेत्र की ओर से नई क्षमता में निवेश, कंपनियों की मजबूत बैलेंस शीट और बैंकिंग सिस्टम की स्थिरता भी कमाई को सहारा दे सकती है. Morgan Stanley को उम्मीद है कि FY26 से FY29 के बीच सेंसेक्स की कंपनियों की कमाई 18.1% की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ सकती है.

किन शर्तों पर 105000 तक जाएगा सेंसेक्स?

Morgan Stanley के बुल केस के मुताबिक, सेंसेक्स दिसंबर 2027 तक 105000 तक पहुंच सकता है. हालांकि, इसके लिए कुछ अनुकूल परिस्थितियों का बने रहना जरूरी है.

ब्रोकरेज के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतें 75 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहनी चाहिए. इससे महंगाई का दबाव कम हो सकता है. इसके अलावा, निवेश को बढ़ावा देने वाले सुधार और बाजार में ज्यादा निवेशकों की भागीदारी भी तेजी को मजबूत कर सकती है.

बेस केस में ब्रोकरेज ने ग्लोबल ग्रोथ स्थिर रहने, ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहने और भारत-अमेरिका ट्रेड डील का समाधान निकलने की उम्मीद जताई है. इसके साथ बाजार में लिक्विडिटी का माहौल भी अनुकूल रहना जरूरी है.

किन हालात में 68000 तक गिर सकता है सेंसेक्स?

तेजी की संभावनाओं के साथ Morgan Stanley ने बाजार के लिए जोखिम भी गिनाए हैं. ब्रोकरेज के बेयर केस में सेंसेक्स दिसंबर 2027 तक 68000 तक फिसल सकता है. इसकी संभावना 20% बताई गई है.

इस स्थिति में सबसे बड़ा जोखिम कच्चे तेल की कीमतों से जुड़ा है. अगर ब्रेंट क्रूड कई महीनों तक 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना रहता है, तो भारत की अर्थव्यवस्था और कंपनियों की कमाई पर दबाव पड़ सकता है.

इसके अलावा, अगर भारतीय रिजर्व बैंक महंगाई को काबू में करने के लिए मौद्रिक नीति सख्त करता है और ग्लोबल इकोनॉमी की ग्रोथ में तेज गिरावट आती है, तो शेयर बाजार में बिकवाली बढ़ सकती है.

यह भी पढ़ें- बासमती चावल एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी का मुनाफा 24% उछला, रेवेन्यु में भी आई तेजी

किन सेक्टरों पर Morgan Stanley को भरोसा?

सेक्टर के लिहाज से Morgan Stanley घरेलू मांग पर निर्भर कारोबारों को प्राथमिकता दे रहा है. ब्रोकरेज फाइनेंशियल, कंज्यूमर डिस्क्रिशनरी और इंडस्ट्रियल सेक्टर पर ओवरवेट है.

फाइनेंशियल कंपनियों को कर्ज की मांग और मजबूत बैंकिंग सिस्टम से फायदा मिल सकता है. वहीं, कंज्यूमर डिस्क्रिशनरी कंपनियों को घरेलू खपत में सुधार और इंडस्ट्रियल कंपनियों को निवेश व इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च बढ़ने से अवसर मिल सकते हैं.

दूसरी तरफ, ब्रोकरेज एनर्जी, मटेरियल, यूटिलिटी और हेल्थकेयर सेक्टर पर अंडरवेट है. हालांकि, उसे IT सर्विसेज सेक्टर में संभावित अवसर दिख रहे हैं. Morgan Stanley का मानना है कि दुनिया में AI एप्लीकेशन और सॉल्यूशन बनाने की मांग बढ़ने से IT कंपनियों को फायदा मिल सकता है.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.