ज्वेलरी सेक्टर का रिटर्न किंग! 3 साल में 20 गुना चढ़ा ये शेयर, 145% CAGR से बढ़ा प्रॉफिट; म्यूचुअल फंड का भी लगा पैसा
9 जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार Sky Gold लगभग 29 गुना ट्रेलिंग P/E पर कारोबार कर रहा था. दिलचस्प बात यह है कि यह कंपनी के पांच साल के औसत 34 गुना P/E से नीचे है. दूसरी ओर कंपनी की अर्निंग लगातार बढ़ रही है और हाल की तिमाहियों में EPS में भी सुधार देखने को मिला है.

अगर आप किसी CaratLane, Kalyan Jewellers, Reliance Jewels, Senco Gold या Indriya स्टोर से ज्वेलरी खरीदते हैं, तो संभव है कि वह ज्वेलरी बनाने वाली कंपनी का नाम आपने कभी सुना भी न हो. ऐसी ही एक कंपनी है Sky Gold & Diamonds Ltd, जो देश की कई बड़ी ज्वेलरी रिटेल चेन के लिए ज्वेलरी का निर्माण करती है. भारत के लगभग 7 लाख करोड़ रुपये के ज्वेलरी बाजार में Sky Gold एक महत्वपूर्ण B2B खिलाड़ी के रूप में उभर रही है. यही वजह है कि पिछले तीन वर्षों में कंपनी के शेयर ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. सबसे अहम बात ये है कि इसमें म्यूचुअल फंड ने 10.33 फीसदी की हिस्सेदारी अपने पास रखी है.
3 साल में 20 गुना से ज्यादा चढ़ा शेयर
Sky Gold का शेयर पिछले तीन वर्षों में करीब 30 रुपये के स्तर से बढ़कर 590 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच चुका है. इस दौरान निवेशकों को लगभग 20 गुना रिटर्न मिला है, जिससे यह शेयर बाजार के चर्चित मल्टीबैगर स्टॉक्स में शामिल हो गया है. कंपनी की बढ़ती कारोबारी क्षमता और मजबूत वित्तीय प्रदर्शन ने बाजार का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
तेजी से बढ़ा कारोबार
Sky Gold अक्टूबर 2018 में BSE SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुई थी और जनवरी 2023 में BSE के मेन बोर्ड पर स्थानांतरित हो गई. कंपनी के रेवेन्यू में पिछले कुछ वर्षों के दौरान जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. वित्त वर्ष 2023 में कंपनी का रेवेन्यू 1,154 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 6,295 करोड़ रुपये पहुंच गया.
पहली नजर में यह आंकड़ा कंपनी के करीब 8,000 करोड़ रुपये के मार्केट कैप की तुलना में काफी बड़ा दिखाई देता है, लेकिन इसके पीछे कारोबार की प्रकृति है. कंपनी सोना खरीदती है, उससे ज्वेलरी बनाती है और फिर उसे रिटेलर्स को बेचती है. इसलिए रेवेन्यू में सोने की कीमत का बड़ा हिस्सा शामिल होता है.
मुनाफे की रफ्तार और भी तेज
कंपनी की असली ताकत उसके मुनाफे में दिखाई देती है. पिछले तीन वर्षों में Sky Gold का शुद्ध मुनाफा 145 प्रतिशत CAGR की दर से बढ़ा है. वित्त वर्ष 2023 में कंपनी का मुनाफा 19 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2026 में बढ़कर 282 करोड़ रुपये पहुंच गया. लगातार बढ़ता मुनाफा और मजबूत ऑर्डर फ्लो कंपनी के कारोबार की मजबूती को दर्शाता है.
वैल्यूएशन सस्ता है या महंगा?
9 जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार Sky Gold लगभग 29 गुना ट्रेलिंग P/E पर कारोबार कर रहा था. दिलचस्प बात यह है कि यह कंपनी के पांच साल के औसत 34 गुना P/E से नीचे है. दूसरी ओर कंपनी की अर्निंग लगातार बढ़ रही है और हाल की तिमाहियों में EPS में भी सुधार देखने को मिला है.
शेयर का हालिया प्रदर्शन
गुरुवार के कारोबार में Sky Gold & Diamonds का शेयर 4.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 510.65 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
शेयर के हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें:
- पिछले 1 सप्ताह में: 10.63 प्रतिशत की गिरावट
- पिछले 3 महीनों में: 49.58 प्रतिशत की तेजी
- पिछले 1 वर्ष में: 36.92 प्रतिशत की बढ़त
हालांकि हाल के दिनों में मुनाफावसूली देखने को मिली है, लेकिन लंबी अवधि में शेयर का प्रदर्शन अब भी मजबूत बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें- 25 से ₹17000 पार पहुंचा ये डिफेंस स्टॉक, FY27 में 14000 करोड़ रेवेन्यू का टारगेट, रखें शेयरों पर नजर!
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.