Stock Market Today: जंग खत्म होने की उम्मीद से हरा हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 1800 अंक चढ़ा, निफ्टी 22,900 के पार
ट्रंप के बयान के बाद जंग खत्म होने की उम्मीद से सेंसेक्स 1800 अंक और निफ्टी 22,900 के पार पहुंच गया. ग्लोबल और एशियाई बाजारों में तेजी के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स ने भी बेंचमार्क से बेहतर प्रदर्शन किया. हालांकि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर चिंता अभी भी बाजार के लिए जोखिम बनी हुई है.
Stock Market Today: वेस्ट एशिया में अमेरिका-ईरान युद्ध के जल्द खत्म होने की उम्मीद ने भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी ला दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 2 से 3 हफ्तों में जंग को खत्म किए जाने के बयान के बाद से ग्लोबल मार्केट में जबरदस्त उछाल आया. इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पडा. निवेशकों का भरोसा लौटा और नए वित्त वर्ष की आज से हुई शुरुआत धमाकेदार अंदाज में हुई.
बुधवार, 1 अप्रैल को बाजार खुलते ही सेंसेक्स 1,814.88 अंक यानी 2.52% की तेज बढ़त के साथ 73,762.43 पर खुला. वहीं निफ्टी 50 भी 567 अंक यानी 2.5% उछलकर 22,899 के स्तर पर पहुंच गया. बाद में ये और बढ़कर 22,903 पर पहुंच गया. यह तेजी ग्लोबल बाजारों में आई मजबूती के चलते देखने को मिली.
इंडेक्स का बेहतर प्रदर्शन
ब्रॉडर मार्केट ने बेंचमार्क इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2.9% की तेजी के साथ चढ़ा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 3.14% की जोरदार उछाल के साथ शानदार बढ़त दर्ज करता नजर आया.
ये रहे टॉपगेनर्स
एशियाई बाजार पॉजिटिव
एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक माहौल बना रहा. निवेशकों को उम्मीद है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होता है तो वैश्विक अर्थव्यवस्था को राहत मिलेगी. हालांकि इसके बावजूद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है.
कच्चे तेल में उछाल
ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) करीब 103 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने की आशंका अभी भी बनी हुई है, जिससे तेल सप्लाई पर खतरा बना हुआ है. इस संघर्ष का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी दिखने लगा है. अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें चार साल के उच्च स्तर 4 डॉलर प्रति गैलन के पार पहुंच गई हैं. वहीं यूरोप में महंगाई बढ़ रही है, जिससे सरकारों को राहत पैकेज लागू करने पड़ रहे हैं.
