Tata Motors Q1 Results: मुनाफा 80% से ज्यादा गिरकर 775 करोड़ रुपये पहुंचा, EV बिक्री 112% बढ़ी
Tata Motors Passenger Vehicles का वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 80 फीसदी से ज्यादा गिरकर 775 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी अवधि में मुनाफा 3,924 करोड़ रुपये था. हालांकि कंपनी का रेवेन्यू 9 फीसदी बढ़कर 95,799 करोड़ रुपये हो गया. Jaguar Land Rover की बिक्री पर सप्लाई दिक्कतों और मिडिल ईस्ट तनाव का असर पड़ा.

Tata Motors PV ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. अप्रैल से जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 775 करोड़ रुपये रहा. यह पिछले साल की समान तिमाही के 3924 करोड़ रुपये के मुकाबले 80 फीसदी से ज्यादा कम है. कंपनी के मुनाफे पर सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों, मिडिल ईस्ट तनाव और Jaguar मॉडल की चरणबद्ध विदाई का असर पड़ा. हालांकि कंपनी का रेवेन्यू 9 फीसदी से ज्यादा बढ़ा. पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में बिक्री और इलेक्ट्रिक व्हीकल की मांग मजबूत रही.
मुनाफा 80 फीसदी से ज्यादा गिरा
Tata Motors पैसेंजर व्हीकल का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पहली तिमाही में 775 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 3,924 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था. इस तरह सालाना आधार पर मुनाफे में 80 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई. कंपनी के मुताबिक तिमाही के दौरान सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों और अन्य चुनौतियों का असर कमाई पर पड़ा. पहली तिमाही के मुनाफे में 32 करोड़ रुपये का एक्सेप्शनल लॉस भी शामिल रहा.
रेवेन्यू बढ़ा लेकिन EBITDA मार्जिन घटा
मुनाफे में बड़ी गिरावट के बावजूद कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू बढ़ा है. पहली तिमाही में रेवेन्यू 9 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 95,799 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल की समान तिमाही में यह 87,677 करोड़ रुपये था. हालांकि कंपनी का EBITDA मार्जिन 130 बेसिस प्वाइंट घटकर 7.4 फीसदी रह गया. कंपनी की प्रति शेयर इनकम भी 6.84 रुपये से घटकर 2.10 रुपये रह गई.
JLR की बिक्री पर सप्लाई संकट का असर
Jaguar Land Rover यानी JLR के होलसेल वॉल्यूम में पहली तिमाही के दौरान 9 फीसदी की गिरावट आई. कंपनी के मुताबिक तिमाही की शुरुआत में एक प्रमुख कंपोनेंट सप्लायर के यहां आग लगने से सप्लाई पर असर पड़ा. इसके अलावा मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष से बाजार में रुकावट आई. पुराने Jaguar मॉडल की चरणबद्ध विदाई का भी असर रहा. इन कारणों से JLR का रेवेन्यू करीब 10 फीसदी घटकर 6 अरब पाउंड रहा.
JLR का मुनाफा भी दबाव में रहा
JLR का प्रॉफिट पहली तिमाही में 73 फीसदी घटकर 66 मिलियन पाउंड रहा. हालांकि कंपनी ने कहा कि सप्लाई दिक्कतों और बाजार में रुकावट के बावजूद पहली तिमाही में कारोबार मुनाफे में रहा. कंपनी का पहला तिमाही प्रॉफिट 109 मिलियन पाउंड और एडजस्टेड EBIT मार्जिन 2.8 फीसदी रहा. JLR को आने वाले महीनों में Range Rover Electric, Range Rover Sport Electric, Range Rover GT और Jaguar Type 01 जैसे नए मॉडल से उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- Closing Bell: : सेंसेक्स 114 अंक चढ़ा, निफ्टी 24400 के नीचे बंद; ICICI Bank और Tata Steel फिसले
सेगमेंट की बिक्री 46 फीसदी बढ़ी
Tata Motors के पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट का प्रदर्शन दूसरी तरफ मजबूत रहा. पहली तिमाही में इस सेगमेंट का वॉल्यूम सालाना आधार पर 46 फीसदी बढ़ा. कंपनी के मुताबिक यह इंडस्ट्री की ग्रोथ से काफी बेहतर रहा. इलेक्ट्रिक व्हीकल की बिक्री में भी 112 फीसदी की तेजी आई. नए मॉडल और मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो से EV की मांग को फायदा मिला. सेगमेंट का रेवेन्यू भी 65 फीसदी बढ़ा.