गिरते बाजार में भी बादशाह बनीं ये 5 कंपनियां, 17% तक चढ़े शेयर; NTPC Green से लेकर Adani Gas शामिल
शेयर बाजार में इन दिनों उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. एक दिन तेजी तो दूसरे दिन बिकवाली देखने को मिल रही है. गुरुवार, 12 मार्च को भी सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ खुले. हालांकि कमजोर बाजार के बीच कुछ चुनिंदा शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली, जिनमें Regaal Resources, DOMS Industries और ग्रीन एनर्जी से जुड़ी कंपनियां प्रमुख रहीं.
Top Gainers of 12 March: शेयर बाजार इस समय रोलर-कोस्टर के दौर से गुजर रहा है. एक दिन बाजार में तेजी देखने को मिलती है, तो दूसरे दिन बिकवाली हावी हो जाती है. 12 मार्च, गुरुवार को बाजार लगातार दूसरे दिन मुनाफावसूली और बिकवाली के दबाव में नजर आया. बीएसई सेंसेक्स आज 76,369.65 अंक पर खुला, जो पिछले कारोबारी सत्र के 76,863.71 अंक के बंद स्तर से 494.06 अंक नीचे था. वहीं एनएसई निफ्टी 50 भी गिरावट के साथ 23,674.85 अंक पर खुला, जो पिछले बंद 23,866.85 अंक से 192 अंक नीचे था. हालांकि, इस गिरावट के दौर में भी बाजार में कुछ ऐसी दिग्गज कंपनियां हैं जिनके शेयरों में 17 फीसदी से अधिक तक की तेजी दर्ज की गई है.
Regaal Resources
इस सूची में सबसे पहला नाम पेपर और टेक्सटाइल इंडस्ट्री की कंपनी Regaal Resources का है. इसके शेयर गैपडाउन के साथ खुले, लेकिन इसके बाद स्टॉक में तुरंत ही जोरदार तेजी देखने को मिली. दोपहर 11 बजकर 58 मिनट पर इसमें 17 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई. इस बंपर तेजी के बाद कंपनी के शेयर 85 रुपये से अधिक पर कारोबार करते नजर आए. टेक्निकल इंडिकेटर RSI 74 से ऊपर है, जो संकेत देता है कि स्टॉक ओवरबॉट स्थिति में है.
DOMS Industries
स्टेशनरी सेक्टर की कंपनी Doms Industries के शेयरों में भी जोरदार तेजी देखने को मिली. कंपनी के शेयरों में 211 रुपये से अधिक यानी 10 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई. इस तेजी के बाद शेयर करीब 2,308 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया. टेक्निकल इंडिकेटर RSI 51 है, जो बताता है कि स्टॉक न्यूट्रल स्थिति में है.
Adani Total Gas
गैस डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर की कंपनी Adani Total Gas के शेयरों में लगभग 10 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. इसके शेयर गैपअप के साथ खुले और 651 रुपये का इंट्रा-डे हाई बनाया. दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर इसके शेयर 617.80 रुपये पर कारोबार कर रहे थे. टेक्निकल इंडिकेटर RSI 72.9 से अधिक है, जो दर्शाता है कि स्टॉक ओवरबॉट स्थिति में है.
NTPC Green Energy
ग्रीन एनर्जी सेक्टर की सरकारी कंपनी NTPC Green Energy के शेयरों में भी बंपर तेजी देखने को मिली. पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण पारंपरिक ऊर्जा संकट के बादल और गहराने की आशंका है. इसी वजह से ग्रीन एनर्जी कंपनियों के शेयरों पर निवेशकों का फोकस बढ़ गया है. कंपनी के शेयरों में 13 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई, जिसके बाद शेयर का भाव 98 रुपये से ऊपर पहुंच गया. टेक्निकल इंडिकेटर RSI 71 से अधिक है, यानी स्टॉक ओवरबॉट स्थिति में है.
KPI Green Energy
ग्रीन एनर्जी सेक्टर की एक और कंपनी KPI Green Energy के शेयरों में भी बंपर तेजी दर्ज की गई. कंपनी के शेयरों में 13 फीसदी से अधिक की बढ़त देखने को मिली, जिसके बाद शेयर का भाव 409 रुपये से ऊपर कारोबार करता नजर आया. टेक्निकल इंडिकेटर RSI 51 है, जो बताता है कि स्टॉक न्यूट्रल स्थिति में है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
