हर शेयर पर ₹86 का डिविडेंड देने जा रही ये कंपनी, 2 अप्रैल है रिकॉर्ड डेट; 5 साल में 362% चढ़ चुका है भाव
इस कंपनी ने निवेशकों को बड़ा तोहफा देते हुए 1720 फीसदी का इंटरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. इसके लिए कंपनी ने 2 अप्रैल को बतौर रिकॉर्ड डेट भी तय किया है. जबकि कंपनी का शेयर लंबी अवधि में मल्टीबैगर साबित हुआ है. देखें डिटेल्स.
TVS Holdings Dividend Record Date: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच TVS Holdings ने अपने निवेशकों को शानदार तोहफा देने का ऐलान किया है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अंतरिम डिविडेंड का ऐलान करते हुए 1720 फीसदी का भारी-भरकम भुगतान मंजूर किया है. इसका सीधा मतलब है कि 5 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर शेयरधारकों को 86 रुपये मिलेंगे. यह डिविडेंड ऐलान ऐसे समय पर आया है जब बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हो सकता है.
रिकॉर्ड डेट भी तय
कंपनी ने इस डिविडेंड के लिए 2 अप्रैल 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. यानी जिन निवेशकों के डीमैट खाते में इस तारीख तक TVS Holdings के शेयर मौजूद होंगे, वही इस डिविडेंड के हकदार होंगे. एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, एलिजिबल शेयरधारकों को डिविडेंड का भुगतान तय समयसीमा के भीतर, यानी मंजूरी के 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा.
कंपनी ने NCDs भी किए जारी
डिविडेंड के साथ-साथ कंपनी अपनी फाइनेंशियल पोजिशन को भी मजबूत करने में जुटी है. हाल ही में TVS Holdings ने 650 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 65,000 नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) जारी किए हैं. 1 लाख रुपये फेस वैल्यू वाले ये डिबेंचर्स सीनियर, रेटेड और अनसिक्योर्ड कैटेगरी में आते हैं और इन्हें NSE के इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म के जरिए निवेशकों को आवंटित किया गया है.
कैसा है शेयरों का प्रदर्शन?
अगर शेयर के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो TVS Holdings ने लंबी अवधि में निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है. हालिया सत्र यानी शुक्रवार, 27 मार्च को स्टॉक 0.46 फीसदी टूटकर 14,021.50 रुपये पर बंद हुआ. वहीं, पिछले एक महीने में स्टॉक तकरीबन 10 फीसदी तक टूटा है लेकिन लंबी अवधि के आंकड़े बेहद मजबूत हैं. बीते एक साल में इसने 62.50 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया है, जबकि तीन साल में करीब 289 फीसदी और पांच साल में 362 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न देकर निवेशकों की पूंजी कई गुना बढ़ा दी है. कंपनी का मार्केट कैप 28,368 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- ताश के पत्तों की तरह गिरी टॉप 7 कंपनियों की वैल्यू, ₹1.75 लाख करोड़ डूबे, RIL को सबसे बड़ा झटका
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
