इंटरनेट नहीं, सिर्फ कॉलिंग चाहिए? Airtel के नए प्लान लॉन्च, ₹185 से शुरू कीमत; प्लान में क्या-क्या मिलेगा?

एयरटेल ने 185 रुपये, 203 रुपये और 206 रुपये की कीमत वाले तीन नए प्रीपेड रिचार्ज प्लान पेश किए हैं. इन प्लान में अनलिमिटेड लोकल, STD और रोमिंग कॉलिंग के साथ 300 SMS मिलेंगे, लेकिन मोबाइल डेटा नहीं मिलेगा. इनकी वैलिडिटी 28 दिन से लेकर एक कैलेंडर महीने तक है. जानें किस प्लान में क्या सुविधा मिलेगी और किन यूजर्स के लिए ये फायदेमंद हैं.

Airtel का रिचार्ज Image Credit:

भारती एयरटेल ने अपने ग्राहकों के लिए तीन नए प्रीपेड रिचार्ज प्लान पेश किए हैं. इनकी कीमत 185 रुपये, 203 रुपये और 206 रुपये है. इन प्लान में मोबाइल डेटा नहीं मिलेगा, लेकिन अनलिमिटेड लोकल, STD और रोमिंग कॉलिंग के साथ 300 SMS की सुविधा मिलेगी. TRAI के नए नियमों के तहत ऐसे प्लान पेश करने वाली एयरटेल पहली टेलीकॉम कंपनी बन गई है. ये रिचार्ज उन ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकते हैं, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत कम पड़ती है और जिनका फोन मुख्य रूप से कॉलिंग और मैसेजिंग के लिए इस्तेमाल होता है.

Airtel के तीनों नए प्लान में क्या मिलेगा?

एयरटेल के नए वॉइस-ओनली रिचार्ज प्लान की कीमत और वैलिडिटी अलग-अलग है. PTI ने सूत्रों के हवाले से इन प्लान की जानकारी दी है.

₹185 वाला प्लान: यह तीनों प्लान में सबसे सस्ता है. इसमें 28 दिनों की वैलिडिटी मिलेगी. ग्राहक अनलिमिटेड लोकल, STD और रोमिंग कॉलिंग के साथ 300 SMS का इस्तेमाल कर सकेंगे.

₹203 वाला प्लान: इस प्लान की कीमत ₹203 है और इसमें 30 दिनों की वैलिडिटी मिलती है. यानी ₹185 वाले प्लान के मुकाबले ₹18 ज्यादा खर्च करने पर दो दिन अतिरिक्त वैलिडिटी मिलेगी.

₹206 वाला प्लान: इस रिचार्ज की वैलिडिटी एक कैलेंडर महीने की है. यह अगले महीने उसी तारीख को रिन्यू होगा. इसमें भी अनलिमिटेड लोकल, STD और रोमिंग कॉलिंग के साथ 300 SMS मिलेंगे.

एयरटेल के तीनों प्लान में फ्री HelloTunes की सुविधा भी शामिल है. इसके तहत ग्राहक हर 30 दिन में बिना अतिरिक्त शुल्क के नई कॉलर ट्यून सेट कर सकते हैं.

किन ग्राहकों को होगा फायदा?

एयरटेल के ये नए प्लान खास तौर पर उन लोगों के लिए हैं, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की ज्यादा जरूरत नहीं होती. फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहक, दूसरे सिम का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉलिंग के लिए करने वाले लोग और इंटरनेट के लिए वाई-फाई पर निर्भर रहने वाले यूजर्स इन प्लान पर विचार कर सकते हैं. ऐसे ग्राहकों को डेटा वाले रिचार्ज के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे, जबकि उन्हें कॉलिंग और SMS की सुविधा मिलती रहेगी. अलग-अलग वैलिडिटी के विकल्प होने से ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से रिचार्ज चुन सकते हैं.

TRAI ने वॉइस-ओनली प्लान पर क्या नियम बनाया है?

एयरटेल ने ये प्लान टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के नए नियमों के तहत पेश किए हैं. सितंबर में नियामक ने टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था, जिनमें सिर्फ वॉइस कॉलिंग और SMS की सुविधा हो और मोबाइल डेटा शामिल न हो. TRAI का मकसद ऐसे ग्राहकों को अलग रिचार्ज विकल्प देना है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं है. नियामक ने यह भी कहा था कि वॉइस और SMS वाले प्लान की कीमत में उचित कमी होनी चाहिए.

इसे भी पढ़ें- Stocks to Watch: ICICI, HDFC, Yes Bank से लेकर RailTel, ACME Solar तक, आज इन शेयरों पर रखें नजर

नए नियम के तहत कंपनियों को ऐसे वाउचर भी उपलब्ध कराने हैं, जिनकी वैलिडिटी 30 दिन या उससे कम हो. एयरटेल के तीनों नए प्लान इसी जरूरत को ध्यान में रखकर पेश किए गए हैं.