फोन छोड़िए जनाब, अब तो Fridge भी होने लगे हैक! हैकर्स ने इस कमजोरी का उठाया फायदा
एक बड़े साइबर अटैक ने पूरे फ्रांस में सैकड़ों सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम में रुकावट डाली, जिससे तापमान 50°C तक पहुंच गया, खाना खराब हो गया और कुछ दुकानों में आग लग गई. हैकर्स ने किस कमजोरी का फायदा उठाया, चलिए जानते हैं.

क्या सिर्फ फोन ही हैक होते हैं, जवाब है नहीं क्योंकि अभी हाल ही में फ्रांस में बड़े स्तर पर एक साइबरअटैक की घटना सामने आई है. इस अटैक में सैकड़ों सुपरमार्केट में लगे रेफ्रिजरेशन सिस्टम को हैक किया गया और सिस्टम के टेंपरेचर को 50 डिग्री तक पहुंचा दिया गया. इससे फ्रिज में पड़ा खाना तो खराब हुआ ही, लेकिन साथ ही कई स्टोर में तो आग भी लग गई, इस अटैक में हैकर्स ने कई बड़े रिटेलर्स को टारगेट किया.
कमजोरी का उठाया फायदा
रॉयटर्स और AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स ने दूर से ही रेफ्रिजरेशन सिस्टम को जबरदस्ती डीफ्रॉस्ट कर दिया, जिससे कुछ यूनिट्स में टेम्परेचर 50°C तक पहुंच गया. इस घटना ने बड़े रिटेल आउटलेट्स में खाना सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल होने वाले इंटरनेट से जुड़े सिस्टम में कमजोरियों को सामने ला दिया.
फ्रांस के प्रधानमंत्री Sébastien Lecornu ने देश की नेशनल साइबर सिक्योरिटी एजेंसी (ANSSI) को अटैक की जांच करने का निर्देश दिया. बॉर्डर पार से होने वाले खतरों के बारे में अधिकारी यूरोपियन काउंटरपार्ट्स के साथ भी कोऑर्डिनेट कर रहे हैं.
कौन सी कमजोरी का उठाया हैकर्स ने फायदा
डैनफॉस ने कहा कि उसे फ्रांस में कुछ रेफ्रिजरेशन मैनेजमेंट सिस्टम से जुड़ी घटनाओं के बारे में पता है. कंपनी ने कहा कि जिन यूनिट्स पर असर पड़ा है, उनमें पुराना फर्मवेयर चल रहा था और उसने कस्टमर्स से सपोर्टेड सिस्टम को अपग्रेड करने और पुराने इक्विपमेंट बदलने की अपील की है.
ये किस्सा ठीक वैसा ही है जैसे फोन में सिक्योरिटी अपडेट्स मिलने बंद हो जाते हैं तो सलाह दी जाती है कि फोन को अपग्रेड करें और ऐसे डिवाइस का इस्तेमाल करे जिसमें सिक्योरिटी अपडेट्स मिल रहे हो. सिक्योरिटी अपडेट्स न मिलने की सूरत में हैकर्स कमजोरी (खामी) का फायदा उठाकर डिवाइस का कंट्रोल हाथ में ले सकते हैं.
यह हमला 9 अगस्त को क्लारोटी द्वारा पब्लिश की गई साइबर सिक्योरिटी रिसर्च के बाद हुआ है, जिसमें डैनफॉस सिस्टम में उन कमजोरियों के बारे में बताया गया था जिनसे अटैकर ऑथेंटिकेशन कंट्रोल को बायपास कर सकते हैं.
पूरे फ्रांस में सैकड़ों स्टोर पर असर
AFP के आंकड़ों के मुताबिक, सुपरमार्केट इंटरमार्चे और नेट्टो के 300 से ज्यादा स्टोर पर हमला हुआ और कोऑपरेटिव यू सुपरमार्केट चेन के 100 से ज्यादा स्टोर पर हमला हुआ. फ्रेंच सुपरमार्केट चेन कैरेफोर ने कन्फर्म किया कि 80 सुपरमार्केट पर असर पड़ा और मोनोप्रिक्स ने कहा कि फ्रांस में उसके लगभग 490 स्टोर में से लगभग 5 फीसदी पर असर पड़ा.
हो रही है जांच
इस रुकावट के कारण होने वाली संभावित फूड सेफ्टी दिक्कतों से बचने के लिए प्रभावित रिटेलर्स को फ्रेश और फ्रोजन प्रोडक्ट्स को फेंकना पड़ा. डेनिश कंपनी डैनफॉस के दिए गए रेफ्रिजरेशन मैनेजमेंट सिस्टम की जांच की जा रही है. ये सभी सुपरमार्केट के फ्रिज/फ्रीजर सिस्टम में टेम्परेचर कंट्रोल करने के लिए कनेक्टेड सिस्टम हैं और टेक्नीशियन को दूर से इक्विपमेंट को मॉनिटर और मैनेज करने देते हैं.
ये भी पढ़ें- Airtel Plan: लॉन्च हुआ 348 रुपए वाला नया रिचार्ज प्लान, हर रोज मिलेगा 2GB डेटा