Triumph की नई बाइक में मिलेंगे रेसिंग वाले फीचर्स, सिर्फ 1,000 यूनिट होंगी तैयार

Triumph ने अपनी नई Street Triple 798 Moto2 Edition से पर्दा उठा दिया है. इसमें 135hp का इंजन, Ohlins सस्पेंशन और Brembo ब्रेक मिलेंगे. कंपनी दुनिया भर में इसकी सिर्फ 1,000 यूनिट बनाएगी. फिलहाल भारत में इसकी लॉन्चिंग की पुष्टि नहीं हुई है.

Triumph Street Triple 798 Moto2 Edition Image Credit: Triumph

Triumph Street Triple 798 Moto2 Edition: ब्रिटिश बाइक कंपनी Triumph ने अपनी नई 2027 Street Triple 798 Moto2 Edition पेश कर दी है. कंपनी ने इसे स्टैंडर्ड Street Triple 798 RS से ज्यादा ट्रैक फोकस्ड बनाया है. नई बाइक में बेहतर सस्पेंशन, दमदार ब्रेक और राइडिंग पोजीशन में बदलाव किए गए हैं. इसमें 798cc का इंजन मिलता है, जो 135hp की पावर देता है. इस खास एडिशन की दुनिया भर में सिर्फ 1,000 यूनिट बनाई जाएंगी. UK में इसकी कीमत 15,525 पाउंड यानी करीब 18.90 लाख रुपये रखी गई है. भारत में इसे लॉन्च करने को लेकर कंपनी ने अभी कोई जानकारी नहीं दी है.

सिर्फ 1,000 लोगों को मिलेगी यह बाइक

Triumph Street Triple 798 Moto2 Edition को कंपनी ने लिमिटेड एडिशन के तौर पर पेश किया है. दुनिया भर में इसकी सिर्फ 1,000 यूनिट बनाई जाएंगी. बाइक दो कलर ऑप्शन Yellow/Black और Black/White में मिलेगी. दोनों कलर की 500-500 यूनिट तैयार होंगी. कंपनी ने Valencia GP के दौरान इस बाइक को पेश किया है. इसकी बुकिंग UK में शुरू हो चुकी है और मई 2027 में डीलरशिप पर पहुंचने की उम्मीद है.

सस्पेंशन और ब्रेक में हुआ बड़ा बदलाव

नई Moto2 Edition में स्टैंडर्ड 798 RS के मुकाबले बेहतर हार्डवेयर दिया गया है. इसमें Showa Big Piston फ्रंट फोर्क की जगह Ohlins NIX30 फ्रंट फोर्क मिलता है. यह सस्पेंशन पूरी तरह एडजस्ट किया जा सकता है. वहीं, ब्रेकिंग के लिए Brembo Stylema की जगह Brembo Hypure फ्रंट ब्रेक कैलिपर्स दिए गए हैं. इन बदलावों का मकसद बाइक को ट्रैक पर बेहतर कंट्रोल और परफॉर्मेंस देना है.

राइडिंग पोजिशन भी हुई स्पोर्टी

Triumph ने इस बाइक की राइडिंग पोजीशन में भी बदलाव किया है. स्टैंडर्ड मॉडल में ट्यूबलर हैंडलबार मिलते हैं, जबकि Moto2 Edition में क्लिप-ऑन हैंडलबार दिए गए हैं. इसके अलावा फुटपेग को भी पीछे की तरफ शिफ्ट किया गया है. इससे राइडर को ज्यादा स्पोर्टी राइडिंग पोजीशन मिलती है. यह सेटअप उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जो सामान्य सड़कों के साथ ट्रैक पर भी बाइक चलाना चाहते हैं.

135hp की पावर वाला 798cc इंजन

इस बाइक में नया 798cc का थ्री-सिलेंडर इंजन दिया गया है. यह 11,500rpm पर 135hp की पावर और 9,250rpm पर 86Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसके मुकाबले पुराने Street Triple 765 RS में 130hp की पावर और 80Nm का टॉर्क मिलता था. यानी नए इंजन में पावर और टॉर्क दोनों बढ़ाए गए हैं. कंपनी के मुताबिक, इसका इंजन प्लेटफॉर्म अगले साल आने वाले नए Moto2 798cc इंजन के काफी करीब है.

कीमत और फीचर्स

UK में Triumph Street Triple 798 Moto2 Edition की कीमत 15,525 पाउंड रखी गई है, जो भारतीय रुपये में करीब 18.90 लाख रुपये होती है. वहीं, स्टैंडर्ड Street Triple 798 RS की UK कीमत 12,925 पाउंड यानी करीब 15.73 लाख रुपये है. इस तरह Moto2 Edition करीब 3.17 लाख रुपये महंगी है. बाइक में नया चेसिस, अपडेटेड डिजाइन, नया एग्जॉस्ट, 7 इंच की TFT स्क्रीन, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay सपोर्ट मिलता है. इसमें बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी स्टैंडर्ड दिया गया है.

क्या भारत में लॉन्च होगी यह बाइक?

भारतीय बाइक लवर्स के लिए सबसे बड़ा सवाल इसकी इंडिया लॉन्चिंग को लेकर है. फिलहाल Triumph ने भारत में Street Triple 798 Moto2 Edition लॉन्च करने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. कंपनी ने यह भी साफ नहीं किया है कि इसकी 1,000 यूनिट में से कितनी बाइक भारतीय बाजार के लिए रखी जाएंगी.

वहीं, स्टैंडर्ड Street Triple 798 RS की भारत में लिस्टेड कीमत 14.39 लाख रुपये है. इसके मुकाबले Street Triple 765 RS की कीमत 13.19 लाख रुपये है. ऐसे में Moto2 Edition के भारत आने पर इसकी कीमत और उपलब्धता पर नजर रहेगी.

यह भी पढ़ें: 16 जनवरी को आ रही Hyundai की नई इलेक्ट्रिक SUV! पहली बार मिलेगा ये खास फीचर