Credit Score 630 पर अटका है? इन 5 तरीकों से सुधार सकते हैं अपना क्रेडिट स्कोर, लोन मिलने में होगी आसानी
क्रेडिट स्कोर 630 के आसपास अटका है तो नया लोन या क्रेडिट कार्ड लेने में परेशानी हो सकती है. कम क्रेडिट स्कोर के कारण बैंक ब्याज दर और लोन की शर्तों को लेकर सख्ती बरत सकते हैं. हालांकि, क्रेडिट रिपोर्ट की गलतियां ठीक करवाकर, EMI और क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर चुकाकर और क्रेडिट लिमिट का सही इस्तेमाल करके स्कोर को बेहतर बनाया जा सकता है.
Highlights
- क्रेडिट रिपोर्ट में गलत जानकारी और बकाया पेमेंट की जांच करें.
- EMI और क्रेडिट कार्ड का बिल हमेशा तय तारीख पर चुकाएं.
- क्रेडिट कार्ड की लिमिट का 30 फीसदी से कम इस्तेमाल करने की कोशिश करें.
How to Improve Credit Score: अगर आपका क्रेडिट स्कोर 630 के आसपास है और इसमें लंबे समय से सुधार नहीं हो रहा है, तो इसका असर आपकी लोन लेने की क्षमता पर पड़ सकता है. बैंक और दूसरी वित्तीय कंपनियां कम क्रेडिट स्कोर वाले लोगों को जोखिम भरा ग्राहक मान सकती हैं. ऐसे में उन्हें नया लोन या क्रेडिट कार्ड देने से पहले ज्यादा जांच-पड़ताल की जा सकती है.
कम क्रेडिट स्कोर का असर सिर्फ लोन मिलने पर ही नहीं पड़ता, बल्कि इससे लोन की ब्याज दर और दूसरी शर्तें भी प्रभावित हो सकती हैं. कई बार ऐसे ग्राहकों को लोन देने में बैंक ज्यादा सख्ती बरतते हैं. हालांकि, कुछ आदतों में बदलाव करके क्रेडिट स्कोर को धीरे-धीरे बेहतर किया जा सकता है.
इसके लिए सबसे जरूरी है कि आप अपनी क्रेडिट रिपोर्ट पर नजर रखें, समय पर EMI और क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाएं और उपलब्ध क्रेडिट लिमिट का इस्तेमाल सोच-समझकर करें. आइए जानते हैं ऐसे 5 तरीके, जिनकी मदद से 630 के आसपास अटके क्रेडिट स्कोर को सुधारने की कोशिश की जा सकती है.
1. सबसे पहले अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करें
क्रेडिट स्कोर सुधारने की शुरुआत अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करने से करें. इसके लिए आप संबंधित क्रेडिट ब्यूरो से अपनी रिपोर्ट हासिल कर सकते हैं. रिपोर्ट में देखें कि कहीं आपकी निजी जानकारी गलत तो नहीं है. इसके अलावा, किसी पुराने लोन या क्रेडिट कार्ड को गलती से बकाया तो नहीं दिखाया गया है.
कई बार रिपोर्ट में गलत जानकारी, एक ही खाते की दो एंट्री या भुगतान से जुड़ी गलत जानकारी दर्ज हो सकती है. ऐसी कोई गलती मिलने पर संबंधित क्रेडिट ब्यूरो के पास शिकायत दर्ज कराएं और उसे ठीक करवाने की प्रक्रिया शुरू करें.
2. EMI और क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर चुकाएं
क्रेडिट स्कोर सुधारने के लिए पेमेंट का रिकॉर्ड अच्छा रखना बेहद जरूरी है. इसलिए अपनी सभी EMI और क्रेडिट कार्ड के बिल तय तारीख पर चुकाएं. एक भी भुगतान में देरी होने से आपके क्रेडिट रिकॉर्ड पर असर पड़ सकता है.
अगर आपको भुगतान की तारीख याद नहीं रहती है, तो मोबाइल में रिमाइंडर लगा सकते हैं. इसके अलावा, ऑटो-पेमेंट की सुविधा भी शुरू कर सकते हैं. इससे समय पर भुगतान करने में मदद मिलेगी और देरी की आशंका कम होगी.
3. क्रेडिट कार्ड की लिमिट का पूरा इस्तेमाल न करें
क्रेडिट कार्ड की पूरी लिमिट इस्तेमाल करना आपके क्रेडिट स्कोर के लिए अच्छा संकेत नहीं माना जाता. कोशिश करें कि आपकी क्रेडिट लिमिट का इस्तेमाल 30 फीसदी से कम रहे. उदाहरण के लिए, अगर आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट 1 लाख रुपये है, तो कोशिश करें कि आपका बकाया 30,000 रुपये से ज्यादा न हो.
इसके लिए क्रेडिट कार्ड का बिल नियमित रूप से चुकाते रहें. स्टेटमेंट बनने से पहले बकाया कम करने से आपकी रिपोर्ट में कम क्रेडिट इस्तेमाल दर्ज हो सकता है.
4. कम समय में कई लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन न करें
अगर आप कम समय में कई बैंकों या वित्तीय कंपनियों के पास लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करते हैं, तो इससे आपकी क्रेडिट रिपोर्ट पर बार-बार हार्ड इन्क्वायरी दर्ज हो सकती है.
लगातार होने वाली ऐसी जांच से यह संकेत मिल सकता है कि आप एक साथ कई जगह से कर्ज लेने की कोशिश कर रहे हैं. इसका असर आपके क्रेडिट स्कोर पर पड़ सकता है. इसलिए जरूरत पड़ने पर ही नए लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करें.
5. पुराने क्रेडिट अकाउंट बंद करने से बचें
आपका क्रेडिट इतिहास जितना लंबा और अच्छा होगा, वह क्रेडिट प्रोफाइल के लिए उतना ही मददगार हो सकता है. पुराने क्रेडिट कार्ड और ऐसे लोन खाते, जिनका भुगतान आप लगातार समय पर करते रहे हैं, आपके क्रेडिट इतिहास को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं.
इसलिए जहां तक संभव हो, पुराने क्रेडिट अकाउंट खुले रखें और उनका जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें. हालांकि, किसी खाते को सिर्फ क्रेडिट स्कोर के लिए खुला रखने से पहले उससे जुड़ी फीस और दूसरी शर्तों को भी समझ लें.
क्रेडिट स्कोर सुधारने में लग सकता है समय
क्रेडिट स्कोर में सुधार रातोंरात नहीं होता. इसके लिए नियमित रूप से समय पर पेमेंट करना, क्रेडिट लिमिट का सही इस्तेमाल करना और अपनी क्रेडिट रिपोर्ट की गलतियों को ठीक करवाना जरूरी है. इन आदतों को लगातार अपनाने से कुछ क्रेडिट रिपोर्टिंग साइकल में सुधार दिख सकता है. इसलिए जल्दबाजी में कई नए लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने के बजाय अपनी मौजूदा क्रेडिट प्रोफाइल को बेहतर बनाने पर ध्यान दें.
इसे भी पढ़ें- ₹100 से कम के ये छुटकू स्टॉक बनेंगे मल्टीबैगर? दिया 389% तक रिटर्न, एक्सपर्ट की भी है नजर
Latest Stories
दिसंबर में बदलेंगे पैसों से जुड़े कई नियम! SBI, HDFC और ICICI बैंक के ग्राहकों को लगेगा झटका, NPS और ITR की भी जरूरी तारीखें
Google Pay और PhonePe चलाने वाले ध्यान दें! HDFC बैंक ने बदला UPI अलर्ट का नियम
8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! सैलरी में 14% बढ़ोतरी, हर महीने मिल सकते हैं ₹15,000 ज्यादा
