TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

दिसंबर में बदलेंगे पैसों से जुड़े कई नियम! SBI, HDFC और ICICI बैंक के ग्राहकों को लगेगा झटका, NPS और ITR की भी जरूरी तारीखें

दिसंबर 2026 में SBI, HDFC और ICICI बैंक के ग्राहकों के लिए कई नियम बदलने जा रहे हैं. क्रेडिट कार्ड चार्ज बढ़ेंगे, कुछ मुफ्त सुविधाएं बंद होंगी और NPS स्कीमों का डिस्प्ले बदलेगा. वहीं, 15 दिसंबर एडवांस टैक्स की तीसरी किस्त और 31 दिसंबर बिलेटेड ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख है.

बैंक

Highlights

  • SBI और ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड और कैश ट्रांजैक्शन चार्ज बदलेंगे
  • 1 दिसंबर से NPS स्कीमों के वर्गीकरण और डिस्प्ले के नियम बदलेंगे
  • 15 दिसंबर एडवांस टैक्स और 31 दिसंबर बिलेटेड ITR की आखिरी तारीख है

दिसंबर 2026 में बैंक ग्राहकों, क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों, पेंशनर्स और टैक्सपेयर्स के लिए कई अहम बदलाव होने जा रहे हैं. भारतीय स्टेट बैंक (SBI), HDFC बैंक और ICICI बैंक अपने क्रेडिट कार्ड चार्ज, रिवॉर्ड पॉइंट और मुफ्त सुविधाओं से जुड़े नियम बदलने जा रहे हैं. इसके अलावा नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के नियमों में भी बदलाव होगा. वहीं, एडवांस टैक्स की तीसरी किस्त और बिलेटेड इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने की आखिरी तारीख भी दिसंबर में है. ऐसे में अगर आप इन बैंकों के ग्राहक हैं या टैक्स भरते हैं तो इन तारीखों को नजरअंदाज करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है.

1 दिसंबर से SBI क्रेडिट कार्ड पर लगेगा 1% अतिरिक्त चार्ज

SBI क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए 1 दिसंबर 2026 से ट्रांसपोर्टेशन और फ्यूल ट्रांजैक्शन से जुड़े नए चार्ज लागू होंगे. नए नियम के मुताबिक, क्रेडिट कार्ड से 30,000 रुपये से ज्यादा के प्रत्येक ट्रांसपोर्टेशन ट्रांजैक्शन पर 1% फीस देनी होगी. इसके अलावा, अगर एक बिलिंग साइकिल में SBI क्रेडिट कार्ड से कुल फ्यूल खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा हो जाता है तो पूरे फ्यूल खर्च पर 1% चार्ज लगेगा. उदाहरण के लिए, अगर आपने एक बिलिंग साइकिल में पेट्रोल पंप पर 60,000 रुपये खर्च किए हैं तो आपको 600 रुपये अतिरिक्त फीस देनी होगी. इस पर लागू टैक्स अलग से देना होगा.

21 दिसंबर से HDFC बैंक के BizBlack कार्ड के नियम बदलेंगे

HDFC बैंक के BizBlack Metal क्रेडिट कार्डधारकों के लिए भी दिसंबर में बदलाव होने जा रहा है. नए नियम 21 दिसंबर 2026 से लागू होंगे. अब एक्सीलरेटेड रिवॉर्ड पॉइंट पाने के लिए हर स्टेटमेंट साइकिल में कम से कम 50,000 रुपये का पात्र रिटेल खर्च करना होगा. वहीं, तिमाही माइलस्टोन वाउचर पाने के लिए जरूरी खर्च की सीमा 5 लाख रुपये से घटाकर 4 लाख रुपये कर दी गई है. इस कार्ड पर पात्र बिजनेस खर्च के लिए 5 गुना रिवॉर्ड पॉइंट और इनकम टैक्स व GST भुगतान पर भी रिवॉर्ड पॉइंट की सुविधा मिलेगी.

ICICI बैंक में कैश जमा और निकासी महंगी

ICICI बैंक के सेविंग अकाउंट ग्राहकों के लिए 1 दिसंबर से कैश जमा और निकासी से जुड़े चार्ज बदलेंगे. बैंक हर महीने तीन मुफ्त कैश डिपॉजिट और तीन मुफ्त कैश विड्रॉल ट्रांजैक्शन की सुविधा जारी रखेगा. हालांकि, जमा और निकासी के लिए निर्धारित 1 लाख रुपये की मासिक मुफ्त वैल्यू लिमिट पार होने पर चार्ज बढ़ जाएगा. अभी यह शुल्क हर 1,000 रुपये के ट्रांजैक्शन पर 3.50 रुपये है, जिसे बढ़ाकर 4 रुपये किया जा रहा है. न्यूनतम शुल्क 150 रुपये होगा.

11 दिसंबर से ICICI क्रेडिट कार्ड बदलवाना होगा महंगा

ICICI बैंक के क्रेडिट कार्डधारकों को कार्ड रिप्लेसमेंट के लिए अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. 11 दिसंबर 2026 से क्रेडिट कार्ड रिप्लेसमेंट फीस 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी जाएगी. इस पर GST अलग से देना होगा. इसके अलावा, प्रायोरिटी पास क्रेडिट कार्ड को रिप्लेस कराने पर भी नया चार्ज लागू होगा.

15 दिसंबर से बंद होंगी ICICI बैंक की कुछ मुफ्त सुविधाएं

ICICI बैंक 15 दिसंबर 2026 से चुनिंदा डेबिट और क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाले मुफ्त INOX बेनिफिट बंद करने जा रहा है. इसके अलावा कुछ चुनिंदा क्रेडिट कार्ड से जुड़ी मुफ्त इंश्योरेंस सुविधाएं भी समाप्त हो जाएंगी. इसका असर उन ग्राहकों पर पड़ेगा जो अपने कार्ड के साथ मिलने वाले कॉम्प्लिमेंट्री इंश्योरेंस और एंटरटेनमेंट बेनिफिट का इस्तेमाल करते हैं.

1 दिसंबर से NPS के नियमों में बदलाव

नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के सब्सक्राइबर्स के लिए भी 1 दिसंबर 2026 से नए नियम लागू होंगे. पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने NPS स्कीमों के वर्गीकरण और उन्हें दिखाने के तरीके में बदलाव किया है. इसके तहत मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क (MSF) के अंतर्गत आने वाली पेंशन स्कीमों के नाम और उनकी जानकारी को अधिक स्पष्ट तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा. इसका असर उन वेबसाइट और प्लेटफॉर्म पर भी होगा, जहां से ग्राहक NPS अकाउंट खोलते हैं और अलग-अलग पेंशन स्कीमों की जानकारी लेते हैं.

15 दिसंबर तक जमा करनी होगी एडवांस टैक्स की तीसरी किस्त

टैक्सपेयर्स के लिए 15 दिसंबर 2026 एक अहम तारीख है. इस दिन एडवांस टैक्स की तीसरी किस्त जमा करने की आखिरी तारीख है. जिन टैक्सपेयर्स की TDS और TCS एडजस्ट करने के बाद सालाना टैक्स देनदारी 10,000 रुपये या इससे ज्यादा बनती है, उन्हें एडवांस टैक्स जमा करना होता है. 15 दिसंबर तक उन्हें वित्त वर्ष 2026-27 की अनुमानित सालाना टैक्स देनदारी का कम से कम 75% भुगतान कर देना चाहिए.

31 दिसंबर तक भर सकते हैं बिलेटेड ITR

अगर आप वित्त वर्ष 2025-26 का इनकम टैक्स रिटर्न तय समयसीमा में दाखिल नहीं कर पाए हैं तो आपके पास दिसंबर के आखिर तक मौका है. 31 दिसंबर 2026 बिलेटेड ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख है. इसके बाद रिटर्न दाखिल करने के विकल्प सीमित हो सकते हैं और लागू नियमों के तहत अतिरिक्त प्रक्रिया अपनानी पड़ सकती है. बिलेटेड ITR दाखिल करने पर टैक्सपेयर्स को 1,000 रुपये या 5,000 रुपये तक लेट फीस देनी पड़ सकती है. यह आपकी कुल आय पर निर्भर करेगा.

दिसंबर की ये तारीखें रखें याद

तारीखबदलाव या जरूरी काम
1 दिसंबरSBI क्रेडिट कार्ड पर नए चार्ज
1 दिसंबरICICI कैश ट्रांजैक्शन चार्ज में बदलाव
1 दिसंबरNPS स्कीम डिस्प्ले के नए नियम
11 दिसंबरICICI कार्ड रिप्लेसमेंट फीस बढ़ेगी
15 दिसंबरICICI के कुछ मुफ्त बेनिफिट बंद
15 दिसंबरएडवांस टैक्स की तीसरी किस्त
21 दिसंबरHDFC BizBlack कार्ड के नए नियम
31 दिसंबरबिलेटेड ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख

इस तरह दिसंबर का महीना बैंक ग्राहकों और टैक्सपेयर्स के लिए काफी अहम रहने वाला है. ऐसे में अपने क्रेडिट कार्ड के नियम, बैंक चार्ज और टैक्स से जुड़ी समयसीमा पहले ही चेक कर लें, ताकि आखिरी समय में किसी तरह की परेशानी या अतिरिक्त खर्च से बचा जा सके.

यह भी पढ़ें- ट्रस्ट के खिलाफ Tata Sons ने चली नई कानूनी चाल, कोर्ट में दाखिल की कैविएट; क्या है इसका मतलब?