TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

8th Pay Commission: OPS बहाली से DA मर्जर तक, पेंशनर्स ने रखीं 11 बड़ी मांगें, ₹5000 मेडिकल भत्ता भी मांगा

8वें वेतन आयोग को लेकर पेंशनर्स संगठनों ने 11 मांगों का ज्ञापन सौंपा है. इसमें पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, पेंशन में कम से कम 20% अंतरिम राहत देने और 50% DA को मर्ज करने की मांग शामिल है. इसके अलावा मेडिकल भत्ता बढ़ाकर 5,000 रुपये करने और कम्यूटेड पेंशन की बहाली का समय घटाने की भी मांग की गई है.

8th पे कमीशन Image Credit: Money9

Highlights

  • 1 जनवरी 2004 या उसके बाद भर्ती हुए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने और NPS व UPS वापस लेने की मांग.
  • 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने तक पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को कम से कम 20% राहत देने की मांग.
  • CGHS सुविधाओं का विस्तार करने और फिक्स्ड मेडिकल अलाउंस (FMA) को बढ़ाकर ₹5,000 करने की मांग. कम्यूटेड पेंशन की बहाली का समय 15 साल से घटाकर 10 साल 8 महीने करने का प्रस्ताव भी रखा गया है.

8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर पेंशनर्स की मांगें तेज हो गई हैं. पेंशनर्स संगठनों ने ज्ञापन सौंपकर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, पेंशन में कम से कम 20% अंतरिम राहत देने और 50% महंगाई भत्ते (DA) को बेसिक पेंशन में मर्ज करने जैसी मांगें उठाई हैं. इसके अलावा, पेंशन में बदलाव, मेडिकल सुविधाओं और अलग-अलग श्रेणियों के पेंशनर्स के बीच समानता को लेकर भी सरकार से कदम उठाने की अपील की गई है.

इससे पहले संगठन ने नई दिल्ली के ईस्टर्न कोर्ट में बड़े स्तर पर धरना दिया था. संगठन ने केंद्र सरकार, रेलवे, रक्षा, BSNLऔर MTNL, बैंक और स्वायत्त संस्थाओं के पेंशनर्स के साथ-साथ पारिवारिक पेंशन पाने वालों से जुड़े मुद्दे भी उठाए हैं.

8वें वेतन आयोग में पुराने पेंशनर्स को शामिल करने की मांग

पेंशनर्स संगठन की प्रमुख मांग है कि 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) में 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन में बदलाव को साफ तौर पर शामिल किया जाए. संगठन का कहना है कि पुराने पेंशनर्स को भी पेंशन रिवीजन का लाभ मिलना चाहिए.

इसके साथ ही FCPA ने Validation of Pension Rules Act, 2025 को पूरी तरह वापस लेने की मांग की है. संगठन को आशंका है कि इस कानून के प्रावधान 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन में बदलाव को प्रभावित कर सकते हैं.

पेंशनर्स की सरकार से 11 बड़ी मांगें

1. Validation of Pension Rules Act, 2025 वापस हो: संगठन ने इस कानून को पूरी तरह कैंसिल करने की मांग की है.

2. 2026 से पहले रिटायर हुए पेंशनर्स को मिले लाभ: 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन में बदलाव को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए.

3. पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल हो: 1 जनवरी 2004 या उसके बाद भर्ती हुए कर्मचारियों के लिए OPS बहाल करने और NPS व UPS को वापस लेने की मांग की गई है.

4. BSNL और MTNL पेंशनर्स की समस्या दूर हो: BSNL और MTNL में समाहित हुए पेंशनर्स के 1 जनवरी 2017 से लंबित पेंशन रिवीजन के मुद्दों का समाधान किया जाए.

5. बैंक पेंशनर्स की पेंशन अपडेट हो: बैंक पेंशन को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पैटर्न पर अपडेट करने की मांग की गई है.

6. स्वायत्त संस्थाओं के पेंशनर्स को भी लाभ मिले: स्वायत्त संस्थाओं को 8वें वेतन आयोग के दायरे में लाने और उनके पेंशनर्स को CGHS की सुविधा देने की मांग की गई है.

7. 50% DA/DR का पेंशन में मर्जर हो: अंतरिम उपाय के तौर पर 50% महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) को वेतन और पेंशन में मर्ज करने की मांग की गई है.

8. पेंशन में कम से कम 20% अंतरिम राहत मिले: 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने तक पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को कम से कम 20% अंतरिम राहत दी जाए.

9. कम्यूटेड पेंशन की बहाली जल्दी हो: फिलहाल पेंशन का कम्यूट किया गया हिस्सा 15 साल बाद बहाल होता है. संगठन ने इसे घटाकर 10 साल 8 महीने करने की मांग की है.

10. CGHS की सुविधाओं का विस्तार हो: CGHS वेलनेस सेंटर की संख्या बढ़ाने, पर्याप्त डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने, ज्यादा अस्पतालों को पैनल में शामिल करने और बिना परेशानी कैशलेस इलाज की सुविधा देने की मांग की गई है. इसके अलावा फिक्स्ड मेडिकल अलाउंस (FMA) को बढ़ाकर ₹5,000 करने की मांग भी शामिल है.

11. सभी पेंशनर्स को समान लाभ मिले: संगठन ने 1 जनवरी 2026 से पहले और उसके बाद रिटायर हुए पेंशनर्स के बीच किसी तरह का भेदभाव किए बिना पेंशन में समानता की मांग की है.

पुराने पेंशनर्स को लेकर क्यों उठ रही है चिंता?

FCPA के ज्ञापन में सबसे अहम मुद्दों में से एक 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन का है. संगठन चाहता है कि 8वें वेतन आयोग के दायरे में इन पेंशनर्स को भी साफ तौर पर शामिल किया जाए.

संगठन को आशंका है कि रिटायरमेंट की तारीख के आधार पर पेंशनर्स के साथ अलग-अलग व्यवहार हो सकता है. इसी वजह से उसने Validation of Pension Rules Act, 2025 को वापस लेने और 8वें वेतन आयोग के अधिकार क्षेत्र में बदलाव करने की मांग की है.

अब आगे क्या होगा?

FCPA ने अपना ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौंपा है. इसकी एक कॉपी वित्त मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्री तथा पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग के सचिव को भी भेजी गई है. संगठन ने प्रधानमंत्री या वित्त मंत्री से जल्द बैठक का समय मांगा है, ताकि इन मांगों पर विस्तार से चर्चा की जा सके.

हालांकि, फिलहाल ये सभी पेंशनर्स संगठन की मांगें हैं. सरकार ने इन्हें मंजूरी नहीं दी है और न ही 8वें वेतन आयोग के तहत इन लाभों की पुष्टि हुई है. इन पर अंतिम फैसला सरकार की प्रतिक्रिया और संबंधित नियमों में बदलाव के बाद ही होगा.

इसे भी पढ़ें- कभी बल्ले से मचाया धमाल, अब 700 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं सौरव गांगुली, ये हैं कमाई के 8 बड़े सबक