PF पर बड़ा बदलाव! अब अकाउंट से निकाल सकेंगे 90% पैसा, 35 से 50 साल वालों को कितना होगा फायदा?
EPFO ने PF अकाउंट्स से पैसे निकालने के नियमों में बदलाव को मंजूरी दी है. अब अकाउंट्स में पहले के मुकाबले कम पैसा रखना होगा और जरूरत पड़ने पर 90% तक रकम निकाली जा सकेगी.
Highlights
- EPFO ने PF खाते में जरूरी न्यूनतम बैलेंस 25% से घटाकर 10% करने का फैसला मंजूर किया है.
- नए नियम के तहत 35 साल की उम्र में 2.44 लाख और 50 साल में 16.45 लाख रुपये ज्यादा निकाल सकेंगे.
- PF से पैसे निकालने की वेटिंग अवधि भी 12 महीने से घटाकर सिर्फ 2 महीने करने का फैसला हुआ है.
नौकरी करने वाले लोगों के लिए PF से जुड़ी एक अहम खबर है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने PF अकाउंट्स में जरूरी न्यूनतम बैलेंस की लिमिट 25% से घटाकर 10% करने का फैसला किया है. इसका मतलब है कि अब कर्मचारी अपने PF फंड का 90% तक हिस्सा निकाल सकेंगे, जबकि पहले यह लिमिट 75% थी. इसके साथ ही पैसे निकालने के लिए जरूरी वेटिंग लिमिट भी 12 महीने से घटाकर 2 महीने कर दी गई है. उम्र बढ़ने और PF में जमा रकम बढ़ने के साथ 90% निकासी की नई लिमिट से मिलने वाला अतिरिक्त पैसा भी बढ़ता जाएगा.
PF अकाउंट्स में अब 10% पैसा रखना होगा
EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 240वीं बैठक में PF अकाउंट्स में न्यूनतम बैलेंस की सीमा घटाने का फैसला लिया गया. पहले कर्मचारी को अपने PF फंड का कम से कम 25% हिस्सा अकाउंट में रखना पड़ता था. इस वजह से वह अधिकतम 75% रकम ही निकाल सकता था. अब न्यूनतम बैलेंस 10% होने से निकासी की सीमा बढ़कर 90% हो जाएगी. यानी जरूरत पड़ने पर कर्मचारी पहले के मुकाबले ज्यादा पैसा इस्तेमाल कर सकेंगे.
35 साल की उम्र में कितना मिलेगा अतिरिक्त पैसा?
इकोनॉमिक टाइम्स के कैलकुलेशन के मुताबिक, अगर कोई कर्मचारी 25 साल की उम्र में नौकरी शुरू करता है और उसकी शुरुआती बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ता 30,000 रुपये महीने है, तो 35 साल की उम्र में उसका अनुमानित PF फंड 16.24 लाख रुपये होगा. पुराने 75% नियम के तहत वह 12.18 लाख रुपये निकाल सकता था. नई 90% सीमा के हिसाब से यह रकम 14.62 लाख रुपये होगी. यानी उसे 2.44 लाख रुपये ज्यादा निकालने का मौका मिलेगा.
40 और 50 साल की उम्र में कितना फायदा?
इसी कैलकुलेशन के अनुसार, 40 साल की उम्र में अनुमानित PF फंड 33.85 लाख रुपये हो सकता है. पहले 25.39 लाख रुपये निकाल सकते थे, जबकि नई सीमा के तहत 30.47 लाख रुपये मिल सकेंगे. यानी 5.08 लाख रुपये ज्यादा. वहीं 50 साल की उम्र में अनुमानित फंड 1.10 करोड़ रुपये होगा. इस पर पुरानी सीमा से 82.24 लाख और नई सीमा से 98.68 लाख रुपये निकाले जा सकेंगे. अंतर 16.45 लाख रुपये का होगा.
कैलकुलेशन में क्या रखी गई हैं शर्तें?
यह अनुमान 25 साल की उम्र में नौकरी शुरू करने वाले कर्मचारी के उदाहरण पर आधारित है. इसमें हर साल सैलरी में 5% बढ़ोतरी, कर्मचारी और नियोक्ता का 12-12% योगदान और PF पर 8.25% सालाना ब्याज माना गया है. कैलकुलेशन में यह भी माना गया है कि कर्मचारी के पास EPS खाता नहीं है. ब्याज दर में बदलाव होने पर PF फंड और निकासी की रकम भी बदल सकती है.
जरूरत पर ही निकालें PF का पैसा
नई व्यवस्था से कर्मचारियों को जरूरत के समय ज्यादा पैसा मिल सकेगा. हालांकि, PF का पैसा रिटायरमेंट के लिए जमा किया जाता है. केवल जरूरी स्थिति में ही इस रकम को निकालना चाहिए. बिना जरूरत PF निकालने से भविष्य के लिए जमा होने वाला रिटायरमेंट फंड कम हो सकता है.
यह भी पढ़ें: डिजिटल अरेस्ट में पैसे डूबे तो बैंक देगा मुआवजा! RBI के नए नियमों में मिलेंगे 25 हजार रुपये तक
Latest Stories
डिजिटल अरेस्ट में पैसे डूबे तो बैंक देगा मुआवजा! RBI के नए नियमों में मिलेंगे 25 हजार रुपये तक
8th Pay Commission: अब 12 साल नहीं करना होगा प्रमोशन का इंतजार? 4 साल में प्रमोशन की मांग
8th Pay Commission: ₹35,000 वालों की सैलरी होगी ₹1.40 लाख? समझिए नया कैलकुलेशन
