3 साल से PF में नहीं आया पैसा? कहीं आपका अकाउंट इनऑपरेटिव तो नहीं, EPFO ने बताया नियम
अगर आपके PF अकाउंट में 3 साल से कोई नया पैसा जमा नहीं हुआ है, तो जरूरी नहीं कि आपका खाता इनऑपरेटिव हो गया हो. EPFO ने अलग-अलग स्थितियों में PF अकाउंट के इनऑपरेटिव होने का नियम बताया है. जानें कब तक मिलता है ब्याज और पुराने PF का पैसा कैसे क्लेम कर सकते हैं.
Highlights
- 55 साल या उससे ज्यादा उम्र में रिटायरमेंट के बाद लागू नियमों के तहत 36 महीने में PF अकाउंट इनऑपरेटिव हो सकता है.
- 55 साल से पहले नौकरी छोड़ने पर अकाउंट 58 साल की उम्र तक ब्याज कमाता रहता है.
- पुराने PF का पैसा क्लेम करने के लिए Form 19 और नई कंपनी में ट्रांसफर के लिए Form 13 का इस्तेमाल किया जाता है.
EPF Account: अगर आपने नौकरी छोड़ दी है और पिछले 3 साल से आपके PF अकाउंट में कोई नया पैसा जमा नहीं हुआ है, तो जरूरी नहीं कि आपका अकाउंट इनऑपरेटिव हो गया हो. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने बताया है कि अलग-अलग स्थितियों में PF अकाउंट कब इनऑपरेटिव माना जाता है. इसके साथ ही संगठन ने यह भी समझाया है कि पुराने PF का पैसा कैसे क्लेम किया जा सकता है.
EPFO ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर इस बारे में जानकारी साझा की. संगठन ने सदस्यों से यह जांचने की अपील की कि कहीं उनका PF अकाउंट इनऑपरेटिव तो नहीं हो गया है. इसके साथ ही EPFO ने एक वीडियो का लिंक भी शेयर किया है, जिसमें अकाउंट के इनऑपरेटिव होने से जुड़े नियम और पूरी प्रक्रिया समझाई गई है.
कब इनऑपरेटिव हो जाता है PF अकाउंट?
EPFO के मुताबिक, PF अकाउंट के इनऑपरेटिव होने का नियम हर स्थिति में एक जैसा नहीं है. यह इस बात पर निर्भर करता है कि सदस्य ने किस उम्र में रिटायरमेंट लिया है या नौकरी छोड़ी है.
अगर कोई सदस्य 55 साल या उससे ज्यादा उम्र में रिटायर होता है, तो लागू नियमों के मुताबिक आखिरी योगदान या रिटायरमेंट के बाद 36 महीने यानी 3 साल में अकाउंट इनऑपरेटिव हो सकता है.
वहीं, अगर कोई व्यक्ति 55 साल की उम्र से पहले नौकरी छोड़ देता है, तो उसका अकाउंट 58 साल की उम्र तक ब्याज कमाता रहता है. 58 साल की उम्र में रिटायरमेंट लेने वाले सदस्य का अकाउंट 61 साल की उम्र में यानी तीन साल बाद इनऑपरेटिव हो जाता है. इसी तरह, 70 साल की उम्र में रिटायर होने वाले सदस्य का अकाउंट 73 साल की उम्र में इनऑपरेटिव माना जाता है.
अगर कोई सदस्य हमेशा के लिए विदेश में बस जाता है, तो आखिरी PF योगदान के 36 महीने बाद उसका अकाउंट इनऑपरेटिव हो सकता है. सदस्य की मृत्यु होने पर अगर परिवार या नॉमिनी 36 महीने के भीतर क्लेम नहीं करता, तो अकाउंट इनऑपरेटिव हो सकता है.
इसके अलावा, अगर EPFO की ओर से फाइनल सेटलमेंट का पैसा भेजा जाता है, लेकिन भुगतान वापस लौट आता है और रकम का भुगतान नहीं हो पाता, तो 36 महीने बाद अकाउंट इनऑपरेटिव हो सकता है.
PF का पैसा कैसे क्लेम करें?
अगर आपका PF अकाउंट इनऑपरेटिव हो गया है, तब भी नियमों के तहत अपना पैसा क्लेम किया जा सकता है. इसके लिए सबसे पहले EPFO के Member e-Sewa पोर्टल पर अपने UAN और पासवर्ड की मदद से लॉग इन करना होगा.
लॉग इन करने के बाद अपनी जरूरी जानकारी जांच लें. इसमें आधार नंबर, नाम और बैंक अकाउंट की डिटेल शामिल हैं. यह सुनिश्चित करें कि सभी जानकारी सही और अपडेटेड हो. इसके बाद फाइनल सेटलमेंट के लिए ऑनलाइन Form 19 के जरिए क्लेम किया जा सकता है.
अगर आपने दूसरी ऐसी कंपनी में नौकरी शुरू कर दी है जहां PF की सुविधा मिलती है, तो पुराना PF निकालने के बजाय उसे नए PF अकाउंट में ट्रांसफर कराना चाहिए. इसके लिए Form 13 का इस्तेमाल किया जाता है. जरूरत पड़ने पर अपनी कंपनी के HR विभाग से भी मदद ली जा सकती है.
पुराने PF अकाउंट को नजरअंदाज न करें
नौकरी बदलने या छोड़ने के बाद पुराने PF अकाउंट को भूलना नहीं चाहिए. समय-समय पर अकाउंट का स्टेटस चेक करना और KYC की जानकारी अपडेट रखना जरूरी है. अगर आपने नई ऐसी कंपनी ज्वाइन की है जहां PF कटता है, तो पुराने PF बैलेंस को ट्रांसफर कराना बेहतर है. इससे रिटायरमेंट के लिए जमा आपकी बचत को सही तरीके से मैनेज करने में मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें- जारी है बाजार में तेजी का दौर! 26,000 के बेहद करीब पहुंचा Nifty, सेंसेक्स भी 84,000 पार, इन शेयरों ने दिखाया दम
Latest Stories
PF पर बड़ा बदलाव! अब अकाउंट से निकाल सकेंगे 90% पैसा, 35 से 50 साल वालों को कितना होगा फायदा?
डिजिटल अरेस्ट में पैसे डूबे तो बैंक देगा मुआवजा! RBI के नए नियमों में मिलेंगे 25 हजार रुपये तक
8th Pay Commission: अब 12 साल नहीं करना होगा प्रमोशन का इंतजार? 4 साल में प्रमोशन की मांग
