TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

कभी किराने की दुकान पर करता था सफाई, फिर ऐसे बना डाला WhatsApp, अब दुनिया पर करता है राज

आज करोड़ों लोग WhatsApp के जरिए अपने दोस्तों और परिवार से जुड़े हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस ऐप की शुरुआत एक साधारण स्टेटस ऐप के रूप में हुई थी. इसके संस्थापक जान कूम और ब्रायन एक्टन को कभी Facebook और Twitter ने नौकरी देने से मना कर दिया था. आगे चलकर Facebook ने इसी WhatsApp को 19 अरब डॉलर में खरीद लिया.

WhatsApp Image Credit: Unsplash

Highlights

  • कभी Facebook और Twitter ने किया था रिजेक्ट, बाद में Facebook ने WhatsApp को 19 अरब डॉलर में खरीदा.
  • एक साधारण स्टेटस ऐप से शुरू हुआ WhatsApp, आज दुनिया का सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म बन चुका है.
  • भारत में Jio की एंट्री, सस्ते स्मार्टफोन और कम डेटा खपत ने WhatsApp को घर-घर तक पहुंचाया.

WhatsApp आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म में शामिल है. सुबह की गुड मॉर्निंग से लेकर ऑफिस के काम और जरूरी दस्तावेज भेजने तक, इसका इस्तेमाल करोड़ों लोग करते हैं. लेकिन इसकी शुरुआत इतनी आसान नहीं थी. साल 2009 में याहू के पूर्व कर्मचारी जान कूम ने एक ऐसे ऐप का आइडिया तैयार किया था, जिससे लोग अपने फोन कॉन्टैक्ट्स में दूसरों का स्टेटस देख सकें. बाद में यही ऐप मैसेजिंग प्लेटफॉर्म बन गया. इस सफर में कई मुश्किलें आईं, लेकिन जान कूम और ब्रायन एक्टन की मेहनत ने WhatsApp को दुनिया भर में पहचान दिलाई. आइए जानते हैं कैसे एक छोटे से आइडिया ने 138 अरब डॉलर की कंपनी का रूप ले लिया और भारत में घर-घर तक पहुंच गया.

WhatsApp को किसने बनाया?

WhatsApp को Jan Koum और Brian Acton ने मिलकर बनाया था. दोनों Yahoo के पूर्व कर्मचारी थे. उन्होंने साल 2009 में WhatsApp की शुरुआत की थी.

गरीबी में बीता बचपन, अमेरिका पहुंचकर किया संघर्ष

WhatsApp के फाउंडर जान कूम का जन्म 24 फरवरी 1976 को यूक्रेन के कीव के पास फास्टिव नाम के गांव में हुआ था. उनका बचपन काफी मुश्किलों में बीता. परिवार के पास गर्म पानी और फोन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं. साल 1992 में 16 साल की उम्र में वह अपनी मां और दादी के साथ अमेरिका के कैलिफोर्निया आ गए. वहां परिवार सरकारी फूड स्टैम्प्स के सहारे गुजारा करता था. जान ने भी एक किराने की दुकान में सफाई का काम किया और खुद किताबें पढ़कर कंप्यूटर नेटवर्किंग सीखना शुरू किया.

Yahoo में हुई मुलाकात, Facebook और Twitter ने किया रिजेक्ट

साल 1997 में जान कूम की मुलाकात ब्रायन एक्टन से हुई. उस समय जान एक सिक्योरिटी टेस्टर के तौर पर काम कर रहे थे और ब्रायन Yahoo में इंजीनियर थे. बाद में जान ने भी Yahoo ज्वाइन कर लिया. दोनों ने करीब 9 साल तक एक साथ काम किया. सितंबर 2007 में दोनों ने नौकरी छोड़ दी और दक्षिण अमेरिका की यात्रा पर निकल गए.

साल 2009 में जब दोनों को नई नौकरी की जरूरत पड़ी, तो उन्होंने Facebook और Twitter में आवेदन किया. हालांकि, दोनों कंपनियों ने उन्हें नौकरी नहीं दी. उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि आगे चलकर Facebook ही उनके बनाए WhatsApp ऐप को अरबों डॉलर में खरीदेगा.

एक साधारण स्टेटस ऐप के रूप में हुई WhatsApp की शुरुआत

जनवरी 2009 में जान कूम ने अपना पहला iPhone खरीदा. उस समय Apple का App Store नया था और जान को लगा कि आने वाले समय में मोबाइल ऐप्स की दुनिया तेजी से आगे बढ़ेगी. इसी दौरान उनके मन में ऐसा ऐप बनाने का विचार आया, जिसमें फोन की कॉन्टैक्ट लिस्ट में लोगों के नाम के साथ उनका स्टेटस भी दिखाई दे.

इससे किसी को कॉल करने से पहले पता चल सकता था कि वह व्यक्ति व्यस्त है या बात करने के लिए उपलब्ध है. इसी विचार से WhatsApp नाम चुना गया, जो अंग्रेजी के ‘What’s Up?’ से मिलता-जुलता था. 24 फरवरी 2009 को जान कूम ने कैलिफोर्निया में WhatsApp Inc. नाम से कंपनी रजिस्टर की.

ऐप में आईं मुश्किलें, Push Notifications ने बदल दी किस्मत

WhatsApp का शुरुआती वर्जन तैयार करना आसान नहीं था. ऐप बार-बार क्रैश होता था और फोन की बैटरी भी तेजी से खत्म करता था. यूजर्स की संख्या भी काफी कम थी. इन परेशानियों से निराश होकर जान कूम ने ऐप बंद करने तक का विचार कर लिया था. लेकिन ब्रायन एक्टन ने उन्हें कुछ महीने और कोशिश करने की सलाह दी.

जून 2009 में Apple ने Push Notifications फीचर लॉन्च किया. इसके बाद WhatsApp में ऐसा अपडेट किया गया कि किसी यूजर के स्टेटस बदलने पर उसके दोस्तों को नोटिफिकेशन मिलने लगा. धीरे-धीरे लोग स्टेटस के जरिए एक-दूसरे से बातचीत करने लगे. जान कूम को समझ आ गया कि लोग सिर्फ स्टेटस नहीं, बल्कि सीधे मैसेज भेजना चाहते हैं. अगस्त 2009 में WhatsApp 2.0 लॉन्च किया गया, जिसमें मैसेजिंग फीचर शामिल था. यह इतना पसंद किया गया कि जल्द ही इसके एक्टिव यूजर्स की संख्या 2.5 लाख तक पहुंच गई.

WhatsApp से जुड़ी जरूरी बातें

  • WhatsApp ने दिसंबर 2013 में 40 करोड़ मंथली यूजर्स का आंकड़ा पार किया था.
  • फरवरी 2016 में इसके यूजर्स की संख्या 100 करोड़ पहुंच गई.
  • फरवरी 2020 में WhatsApp ने 200 करोड़ यूजर्स का आंकड़ा पार किया.
  • अप्रैल 2025 में Meta ने बताया कि WhatsApp पर हर महीने 300 करोड़ से ज्यादा लोग सक्रिय हैं.
  • सितंबर 2025 में WhatsApp ने 180 से ज्यादा देशों में 300 करोड़ से अधिक यूजर्स होने की जानकारी दी.

WhatsApp Business का बढ़ता दायरा

  • 20 करोड़+ बिजनेस WhatsApp Business का इस्तेमाल करते हैं.
  • रोजाना 220 करोड़+ मैसेज बिजनेस और ग्राहकों के बीच भेजे जाते हैं.
  • 53% रिटेलर्स WhatsApp Business Platform पर मैसेजिंग ऑटोमेट करते हैं.
  • भारत में 2021 से 2025 के बीच Infobip प्लेटफॉर्म पर WhatsApp का इस्तेमाल 314% बढ़ा.

बिना विज्ञापन और आसान फीचर्स ने बनाया लोकप्रिय

WhatsApp की सफलता के पीछे इसकी सादगी सबसे बड़ी वजहों में से एक रही. उस समय SMS भेजने के लिए पैसे खर्च करने पड़ते थे, खासकर विदेश में मैसेज भेजना महंगा था. WhatsApp ने इंटरनेट के जरिए मैसेज भेजने की सुविधा दी. इसके लिए अलग यूजरनेम या पासवर्ड बनाने की भी जरूरत नहीं थी. मोबाइल नंबर ही यूजर की पहचान बन गया.

इसके अलावा WhatsApp ने अलग-अलग मोबाइल प्लेटफॉर्म पर अपनी पहुंच बनाई. iPhone के बाद BlackBerry, Nokia Symbian और Android के लिए भी इसे लॉन्च किया गया. कंपनी के फाउंडर्स विज्ञापनों के खिलाफ थे और ऐप को साफ-सुथरा रखना चाहते थे. ग्रुप चैट, वॉयस मैसेज, ब्लू टिक, वॉयस कॉलिंग और वीडियो कॉलिंग जैसे फीचर्स जुड़ने से इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई.

भारत में कैसे पॉपुलर हुआ WhatsApp?

भारत में WhatsApp की शुरुआत साल 2010 के आसपास हुई. उस समय Nokia के Symbian फोन और Android स्मार्टफोन के जरिए भारतीय यूजर्स इससे जुड़ने लगे थे. महंगे SMS पैक और मैसेज भेजने की सीमाओं से परेशान लोगों के लिए WhatsApp एक आसान विकल्प बनकर आया. कम इंटरनेट डेटा में चलने की वजह से यह 2G और 3G नेटवर्क पर भी उपयोगी साबित हुआ.

साल 2013-14 के दौरान भारत में सस्ते Android स्मार्टफोन की उपलब्धता बढ़ी. इसके बाद सितंबर 2016 में Reliance Jio की एंट्री ने इंटरनेट डेटा को काफी सस्ता कर दिया. इससे बड़ी संख्या में नए लोग इंटरनेट से जुड़े और WhatsApp की पहुंच छोटे शहरों और कस्बों तक बढ़ गई. वॉयस मैसेज, भारतीय भाषाओं का सपोर्ट और परिवार के ग्रुप जैसे फीचर्स ने भी इसे लोगों की रोजमर्रा की जरूरत बना दिया.

Facebook ने 19 अरब डॉलर में खरीदा WhatsApp

WhatsApp की बढ़ती लोकप्रियता ने बड़ी टेक कंपनियों का ध्यान खींचा. आखिरकार 19 फरवरी 2014 को Facebook ने इसे 19 अरब डॉलर में खरीदने का ऐलान किया. यह उस समय टेक्नोलॉजी की दुनिया की सबसे बड़ी डील में से एक थी. इस डील की एक दिलचस्प बात यह भी रही कि जान कूम ने उसी सरकारी इमारत के बाहर समझौते पर हस्ताक्षर किए, जहां कभी वह अपने परिवार के लिए सरकारी फूड स्टैम्प्स लेने जाते थे.

हालांकि, Facebook के साथ यह साझेदारी ज्यादा समय तक नहीं चली. WhatsApp से कमाई करने और यूजर्स के डेटा को लेकर दोनों संस्थापकों के विचार Facebook से अलग थे. इसी वजह से ब्रायन एक्टन ने सितंबर 2017 में कंपनी छोड़ दी. इसके बाद अप्रैल 2018 में जान कूम ने भी WhatsApp से विदाई ले ली.

आज Meta के अधीन है WhatsApp

आज WhatsApp, Meta के स्वामित्व में है और Resourcera की रिपोर्ट के अनुसार दुनिया भर में 3.3 अरब से ज्यादा लोगों के लिए बातचीत का अहम माध्यम बन चुका है. 2026 के आखिर तक WhatsApp के 3.5 बिलियन यूजर्स तक पहुंचने की उम्मीद है. इसका इस्तेमाल सिर्फ निजी चैट तक सीमित नहीं है. लोग इसके जरिए फोटो, वीडियो, जरूरी दस्तावेज और वॉयस मैसेज भेजते हैं. WhatsApp Business और WhatsApp Pay जैसे फीचर्स ने इसे कारोबार और डिजिटल पेमेंट से भी जोड़ दिया है.

अब क्या करते हैं Jan Koum और Brian Acton?

WhatsApp बनाने वाले जान कौम और ब्रायन एक्टन ने कंपनी से अलग होने के बाद अपनी-अपनी राह चुनी. जान कौम 2018 में WhatsApp और फेसबुक (अब मेटा) से अलग होने के बाद निवेश और परोपकारी (philanthropy) गतिविधियों पर ध्यान दे रहे हैं. वे Newlands के जरिए निवेश करते हैं. उनके पास मेटा के शेयर और कई स्टार्टअप में निवेश भी हैं.

वहीं, ब्रायन एक्टन ने WhatsApp छोड़ने के बाद Signal की शुरुआत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने 2018 में Signal Technology Foundation की सह-स्थापना की. Signal एक प्राइवेसी-केंद्रित मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है, जो विज्ञापनों के बिना काम करता है. एक्टन ने Signal को शुरू करने और चलाने के लिए 50 मिलियन डॉलर से अधिक का ब्याज-फ्री कर्ज भी दिया. 

यह भी पढ़ें: PC पर भी धमाल मचाएगा GTA 6! मिलेंगे बेहतर ग्राफिक्स और FPS, शुरुआती मिशन भी हुए प्लेएबल