TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

2026 में WhatsApp में आए सबसे काम के 5 फीचर्स, बिना अकाउंट कॉलिंग से लेकर ऑटोमैटिक मैसेज तक, ऐसे करें इस्तेमाल

WhatsApp ने 2026 में यूजर्स के लिए कई नए फीचर्स पेश किए हैं. अब बिना अकाउंट वाले लोगों को भी कॉल में जोड़ सकते हैं और जरूरी मैसेज पहले से शेड्यूल कर सकते हैं. चलिए ऐसे ही और काम के फीचर्स देखते हैं.

व्हाट्सएप फीचर्स

Highlights

  • WhatsApp के 2026 के नए फीचर्स से कॉलिंग, चैटिंग और प्राइवेसी पहले से बेहतर हुई है.
  • अब बिना WhatsApp अकाउंट के भी गेस्ट कॉल में जुड़ सकेंगे, तय समय पर खुद जाएगा मैसेज.
  • ग्रुप स्टेटस, व्यू वन्स टेक्स्ट और क्लाउड बैकअप से यूजर्स को मिलेंगी नई सुविधाएं

WhatsApp आज सिर्फ मैसेज भेजने और कॉल करने वाला ऐप नहीं रह गया है. कंपनी लगातार इसमें नए फीचर्स जोड़ रही है, ताकि यूजर्स को चैटिंग, कॉलिंग, डेटा सुरक्षा और ग्रुप मैनेज करने में आसानी हो. साल 2026 में WhatsApp ने कई ऐसे अपडेट पेश किए हैं, जिनका फायदा आम यूजर्स से लेकर ऑफिस में काम करने वाले लोगों तक को मिल सकता है. इनमें गेस्ट कॉलिंग, मैसेज शेड्यूलिंग, व्यू वन्स टेक्स्ट, ग्रुप स्टेटस, नेटिव क्लाउड बैकअप और बेहतर कार कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स शामिल हैं. आइए जानते हैं इन फीचर्स का इस्तेमाल कैसे करना है और इनसे आपको क्या फायदा मिलेगा.

तय समय पर अपने आप जाएगा WhatsApp मैसेज

WhatsApp के Scheduled Messages फीचर की मदद से अब यूजर्स पहले से मैसेज लिखकर भेजने का समय तय कर सकेंगे. इसके लिए संबंधित चैट खोलें, मैसेज टाइप करें और सेंड बटन को दबाकर रखें. इसके बाद Schedule Message का विकल्प चुनकर तारीख और समय सेट कर दें.

तय समय पर मैसेज अपने आप भेज दिया जाएगा. इसका फायदा यह होगा कि आप किसी का जन्मदिन, सालगिरह या ऑफिस से जुड़ा जरूरी मैसेज भेजना नहीं भूलेंगे. खास बात यह है कि इसके लिए तय समय पर ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी. आप 10 मिनट बाद से 15 दिन के भीतर किसी भी समय के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकते हैं.

बिना अकाउंट कॉलिंग और मैसेज शेड्यूलिंग

WhatsApp के Guest Calling फीचर से अब ऐसे लोगों को भी वॉयस और वीडियो कॉल में बुला सकते हैं, जिनका WhatsApp पर अकाउंट नहीं है. इसके लिए ऐप में Calls सेक्शन खोलें, + आइकन पर टैप करें और Create Call Link चुनें. लिंक सामने वाले को भेज दें. वह ब्राउजर से अपना नाम डालकर जुड़ने की रिक्वेस्ट भेज सकता है.  आपकी मंजूरी के बाद वह कॉल में शामिल हो जाएगा.

Silent Unknown Callers से अनजान कॉल से मिलेगी राहत

WhatsApp का Silent Unknown Callers फीचर अनजान नंबरों से आने वाली कॉल को अपने आप साइलेंट कर देता है. इसे चालू करने के लिए WhatsApp की Settings में जाएं, फिर Privacy और Calls विकल्प खोलें. यहां Silence Unknown Callers को ऑन कर दें. इसके बाद अनजान नंबरों से आने वाली कॉल की घंटी नहीं बजेगी, लेकिन उनकी जानकारी Calls लिस्ट में दिखाई देगी.

इसका फायदा यह है कि बार-बार आने वाली अनजान कॉल और स्पैम कॉल से परेशान नहीं होना पड़ेगा. हालांकि, जरूरी अनजान कॉल की जानकारी भी मिस न हो, इसलिए समय-समय पर कॉल लिस्ट जरूर चेक करें.

ग्रुप स्टेटस और मेंशन फिल्टर से आसान होगी चैटिंग

WhatsApp ने ग्रुप चैट को बेहतर बनाने के लिए कई अपडेट दिए हैं. Group Status की मदद से किसी खास ग्रुप के लिए अलग स्टेटस लगाया जा सकता है. इसे उसी ग्रुप के सदस्य देख सकते हैं और इस पर प्रतिक्रिया भी दे सकते हैं. यह स्टेटस 24 घंटे बाद हट जाता है. वहीं Mentions and Replies फिल्टर से उन ग्रुप चैट को अलग देखा जा सकता है, जहां किसी ने आपको टैग किया है या आपके मैसेज का जवाब दिया है. इससे बड़े ग्रुप में जरूरी मैसेज ढूंढने में समय नहीं लगेगा.

नए सदस्यों को मिलेगी पुरानी चैट की जानकारी

ग्रुप में किसी नए सदस्य के आने पर उसे पुरानी बातचीत समझने में परेशानी होती है. WhatsApp ने इस समस्या को कम करने के लिए चैट हिस्ट्री शेयर करने की सुविधा को बेहतर बनाया है. अब ग्रुप में पहले से जुड़ चुके किसी सदस्य के साथ भी हाल के पुराने मैसेज शेयर किए जा सकते हैं. इसके लिए ग्रुप चैट में उस सदस्य के नाम पर टैप करके चैट हिस्ट्री शेयर करने का विकल्प चुनना होगा. इससे नए सदस्य को जरूरी बातचीत का संदर्भ मिल सकेगा और बार-बार पुरानी बातें समझाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

कॉल और स्टेटस में नए इफेक्ट्स

WhatsApp ने कॉलिंग और स्टेटस को ज्यादा मजेदार बनाने के लिए नए इफेक्ट्स और एनिमेटेड स्टिकर्स जैसे विकल्प भी दिए हैं. वीडियो कॉल के दौरान उपलब्ध इफेक्ट्स का इस्तेमाल करके बातचीत को थोड़ा अलग अंदाज दिया जा सकता है. वहीं स्टेटस में एनिमेटेड स्टिकर्स और दूसरे क्रिएटिव विकल्पों से अपडेट को आकर्षक बनाया जा सकता है. इससे यूजर्स को अपनी भावनाएं और रोजमर्रा की गतिविधियां पहले से बेहतर तरीके से शेयर करने का मौका मिलता है.

यह भी पढ़ें: Jio का नया धमाका! अब AI पंडित बताएंगे आपका भविष्य, लॉन्च हुआ JioAstro ऐप, मिलेंगे ये खास फीचर्स