Jio का नया धमाका! अब AI पंडित बताएंगे आपका भविष्य, लॉन्च हुआ JioAstro ऐप, मिलेंगे ये खास फीचर्स
Jio ने ज्योतिष की दुनिया में कदम रखते हुए JioAstro ऐप लॉन्च कर दिया है. इसमें AI पंडित आपकी जन्म कुंडली देखकर भविष्य से जुड़ी जानकारी देंगे. ऐप में 40 से ज्यादा योग, दोष, रोजाना राशिफल और परिवार के सदस्यों की कुंडली बनाने की सुविधा भी मिलेगी.
JioAstro App: Reliance Jio ने JioAstro नाम से AI आधारित वैदिक ज्योतिष ऐप पेश किया है. इस ऐप में सामान्य राशिफल की जगह आपकी जन्म तारीख, समय और जन्म स्थान के आधार पर कुंडली तैयार कराई जा सकती है. अगर आप अपनी कुंडली, ग्रहों की चाल और आने वाले समय के बारे में जानना चाहते हैं तो Jio का नया ऐप आपके काम आ सकता है. आप AI ज्योतिषी से करियर, रिश्ते, धन और जीवन से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं. खास बात यह है कि ऐप हिंदी समेत 4 भाषाओं में उपलब्ध है. इसमें एक अकाउंट से परिवार के 4 सदस्यों की कुंडली भी बनाई जा सकती है.
जन्म की जानकारी से बनेगी आपकी कुंडली
JioAstro ऐप की सबसे खास बात इसका पर्सनलाइज्ड ज्योतिष फीचर है. इसमें यूजर को अपनी जन्म तारीख, जन्म का समय और जन्म स्थान जैसी जानकारी देनी होगी. इसके आधार पर ऐप आपकी जन्म कुंडली तैयार करेगा. इसके बाद AI ज्योतिषी से बातचीत करके कुंडली, ग्रहों की स्थिति और आने वाले समय से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं. यह ऐप हिंदी, अंग्रेजी, मराठी और गुजराती भाषा को सपोर्ट करता है. यानी यूजर अपनी पसंद की भाषा में सवाल पूछकर जवाब पा सकते हैं.
40 से ज्यादा योग और दोष की मिलेगी जानकारी
ऐप में यूजर्स को लग्न कुंडली और नवांश कुंडली देखने का विकल्प मिलेगा. इन दोनों को उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय प्रारूप में देखा जा सकता है. इसके अलावा ऐप 40 से ज्यादा ज्योतिषीय योग की पहचान और उनकी जानकारी दे सकता है. इसमें मांगलिक दोष, पितृ दोष, कालसर्प दोष और ग्रहण दोष की जानकारी भी मिलेगी. साथ ही विंशोत्तरी दशा, ग्रहों के गोचर और साढ़ेसाती का विश्लेषण भी किया जा सकेगा.
करियर से लेकर रिश्तों तक की मिलेगी जानकारी
JioAstro में Life Snapshot नाम का फीचर भी दिया गया है. इसके जरिए यूजर करियर, रिश्ते, स्वास्थ्य, धन और आध्यात्मिक जीवन से जुड़ी ज्योतिषीय जानकारी देख सकते हैं. इसके अलावा My Life नाम का सेक्शन भी है, जिसमें जन्म कुंडली के आधार पर रोजाना राशिफल मिलेगा. इसमें लकी नंबर, शुभ रंग और शुभ समय जैसी जानकारी भी दी जाएगी. यूजर पुराने राशिफल को दोबारा देख सकते हैं और आने वाले साल का अनुमान भी जान सकते हैं.
एक अकाउंट से बनेंगी 4 लोगों की कुंडली
इस ऐप में परिवार के लोगों के लिए भी खास सुविधा दी गई है. यूजर एक ही अकाउंट से परिवार के अधिकतम 4 सदस्यों की अलग-अलग प्रोफाइल बना सकते हैं. हर सदस्य की जन्म जानकारी डालकर उसकी कुंडली देखी जा सकती है. इसके अलावा शुभ कामों के लिए मुहूर्त, सालाना वर्षफल रिपोर्ट और रोजाना पंचांग की सुविधा भी मिलेगी. पंचांग में तिथि, नक्षत्र, योग और करण की जानकारी दी जाएगी. यूजर अपनी ज्योतिषीय रिपोर्ट PDF फॉर्मेट में डाउनलोड भी कर सकते हैं.
प्राइवेसी को लेकर Jio ने किया यह दावा
Jio के मुताबिक, ऐप में यूजर्स की जन्म से जुड़ी जानकारी को एन्क्रिप्टेड रखा जाएगा. कंपनी का कहना है कि वह इस डेटा को न तो बेचेगी और न ही विज्ञापन दिखाने के लिए इसका इस्तेमाल करेगी. ऐप में JioID के जरिए लॉगिन की सुविधा भी दी गई है. हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि JioAstro केवल जानकारी और सलाह देने के लिए है. इसे मेडिकल, कानूनी या वित्तीय सलाह का विकल्प नहीं समझना चाहिए.
कैसे डाउनलोड करें JioAstro ऐप?
TV9 Hindi की रिपोर्ट के मुताबिक, JioAstro ऐप Google Play Store पर डाउनलोड के लिए मौजूद है. यूजर इसे वहां जाकर सर्च कर सकते हैं. ऐप में JioID के जरिए लॉगिन करने की सुविधा दी गई है. इसके बाद जन्म से जुड़ी जानकारी भरकर कुंडली और दूसरे फीचर्स का इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि, ऐप की उपलब्धता और एक्सेस से जुड़ी शर्तें लागू हो सकती हैं.
Latest Stories
जल्द लॉन्च होगा OnePlus Nord 7, पहली बार मिलेंगी RGB लाइट्स, 9000mAh बैटरी और 80W चार्जिंग का भी सपोर्ट
भारत में iPhone बनाने वाली कंपनी पर बढ़ा पेमेंट का दबाव, 143 करोड़ रुपये मांग रही वेंडर फर्म
इंटरनेट पर लीक हुआ 350 करोड़ लोगों का डेटा! पासवर्ड और फोन नंबर तक शामिल, कहीं आपका नाम भी तो नहीं?
