TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

इंटरनेट पर लीक हुआ 350 करोड़ लोगों का डेटा! पासवर्ड और फोन नंबर तक शामिल, कहीं आपका नाम भी तो नहीं?

दो अलग-अलग डेटाबेस में 3.5 अरब से ज्यादा रिकॉर्ड बिना किसी सुरक्षा के उपलब्ध थे. इनमें लोगों के पासवर्ड, ईमेल, फोन नंबर और पहचान से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं.

डाटा लीक

Highlights

  • इंटरनेट पर दो असुरक्षित डेटाबेस में 3.5 अरब से ज्यादा रिकॉर्ड मिले.
  • इनमें 2 अरब लॉगिन और 1.64 अरब अन्य रिकॉर्ड शामिल हैं.
  • एक्सपर्ट्स ने पासवर्ड बदलने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन की सलाह दी है.

आज के समय में मोबाइल और इंटरनेट पर हमारी कई निजी जानकारियां मौजूद रहती हैं. ऐसे में डेटा लीक की इस बड़ी घटना ने ऑनलाइन सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. साइबर सुरक्षा रिसर्चर्स को इंटरनेट पर दो ऐसे डेटाबेस मिले, जिनमें 3.5 अरब से ज्यादा रिकॉर्ड मौजूद थे. इनमें करोड़ों यूजर्स के लॉगिन जानकारी, पासवर्ड, कुकीज और पहचान से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं. हालांकि, ये दो अलग-अलग डेटाबेस थे और यह साफ नहीं है कि कितने वास्तविक लोग इससे प्रभावित हुए हैं.

दो डेटाबेस में मिला 3.5 अरब से ज्यादा रिकॉर्ड

साइबर सुरक्षा रिसर्चर्स जेरेमिया फाउलर को एक डेटाबेस में करीब 2 अरब लॉगिन जानकारियां मिलीं. इनमें ईमेल एड्रेस, यूजरनेम, पासवर्ड, कुकीज और सेशन टोकन शामिल थे. वहीं, दूसरा डेटाबेस साइबर सुरक्षा कंपनी अपगार्ड के रिसर्चर ग्रेग पोलॉक ने खोजा. इसमें 1.64 अरब रिकॉर्ड मौजूद थे, जिनमें ज्यादातर चीन के लोगों और कारोबार से जुड़ी जानकारियां थीं. दोनों डेटाबेस पर कोई पासवर्ड सुरक्षा नहीं थी और इंटरनेट के जरिए इन्हें देखा जा सकता था.

84 करोड़ पहचान नंबर और 400,000 डॉक्यूमेंट्स भी मिले

दूसरे डेटाबेस में कम से कम 84 करोड़ अलग-अलग राष्ट्रीय पहचान नंबर, 30 करोड़ फोन नंबर, करीब 1.1 करोड़ छात्रों के रिकॉर्ड और लगभग 80 लाख कारोबार से जुड़ी जानकारियां मिलीं. वहीं, पहले डेटाबेस में करीब 4 लाख ऐसे डॉक्यूमेंट्स मिले, जिनमें लोगों की डिजिटल गतिविधियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी मौजूद थी. इनमें लॉगिन विवरण, ब्राउजर और एप की जानकारी, कुकीज और डिवाइस से जुड़ा डेटा शामिल था. हालांकि, रिकॉर्ड की कुल संख्या को प्रभावित लोगों की वास्तविक संख्या नहीं माना जा सकता, क्योंकि इनमें एक जैसी जानकारियां भी हो सकती हैं.

कैसे चोरी हुआ लोगों का निजी डेटा?

रिसर्चर्स के मुताबिक, करीब 2 अरब लॉगिन जानकारियों वाला डेटाबेस इन्फोस्टीलर नाम के नुकसानदायक सॉफ्टवेयर से चुराए गए डेटा से जुड़ा हो सकता है. यह सॉफ्टवेयर किसी संक्रमित मोबाइल या कंप्यूटर से पासवर्ड, ब्राउजर कुकीज और लॉगिन जानकारी चुरा सकता है. यह अक्सर नकली एप, पायरेटेड सॉफ्टवेयर, फर्जी गेम चीट्स और संदिग्ध डाउनलोड के जरिए डिवाइस तक पहुंचता है. हालांकि, रिसर्चरओं को ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला कि इस डेटा को जुटाने के लिए किसी एक कंपनी या संस्थान को हैक किया गया था.

दोनों डेटाबेस हटाए गए, यूजर्स कैसे रहें सुरक्षित?

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों डेटाबेस अब इंटरनेट पर उपलब्ध नहीं हैं. एक डेटाबेस को होस्टिंग कंपनी ने हटाया, जबकि दूसरा रिसर्च के दौरान ही पहुंच से बाहर हो गया. हालांकि, यह साफ नहीं है कि ये डेटाबेस कितने समय तक खुले रहे और किसी अन्य व्यक्ति ने इनकी जानकारी डाउनलोड की या नहीं. एक्सपर्ट्स के अनुसार, अलग-अलग खातों के लिए अलग पासवर्ड रखें, पासवर्ड मैनेजर का इस्तेमाल करें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें. इससे किसी के पास आपका पासवर्ड पहुंचने पर भी खाते की सुरक्षा मजबूत रहती है.

यह भी पढ़ें: Aadhaar Card में लगी पुरानी फोटो बदलवाना है? घर बैठे बुक करें अपॉइंटमेंट, जानें फीस और पूरा प्रोसेस