TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Flipkart के CEO ने दिया इस्तीफा, खत्म हुआ 10 साल का सफर, बालाजी थियागराजन संभालेंगे जिम्मेदारी

Walmart के स्वामित्व वाली Flipkart में बड़ा नेतृत्व बदलाव होने जा रहा है. कंपनी के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति 11 साल से ज्यादा समय बाद पद छोड़ेंगे. 25 नवंबर को कंपनी ने इसकी पुष्टि की. फिलहाल चीफ प्रोडक्ट एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर बालाजी थियागराजन और बोर्ड अंतरिम जिम्मेदारी संभालेंगे. कंपनी आने वाले हफ्तों में नए CEO के नाम का ऐलान करेगी.

Highlights

  • Flipkart के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति (Kalyan Krishnamurthy) ने इस्तीफा दिया है.
  • कल्याण कृष्णमूर्ति 2017 से कंपनी के CEO थे.
  • बालाजी थियागराजन संभालेंगे अंतरिम जिम्मेदारी.

Flipkart CEO Resign: Walmart के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनी Flipkart में बड़ा नेतृत्व बदलाव होने जा रहा है. कंपनी के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति (Kalyan Krishnamurthy) अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं. वह 11 साल से ज्यादा समय तक कंपनी से जुड़े रहे. उनके नेतृत्व में Flipkart का कारोबार पांच गुना से ज्यादा बढ़ा. कंपनी ने 25 नवंबर को उनके जाने की पुष्टि की है. फिलहाल, कंपनी के चीफ प्रोडक्ट एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर बालाजी थियागराजन (Balaji Thiagarajan) और Flipkart का बोर्ड अंतरिम तौर पर कंपनी की जिम्मेदारी संभालेंगे. कंपनी आने वाले हफ्तों में नए CEO के नाम का ऐलान करेगी.

खत्म हुआ 10 साल से ज्यादा का सफर

कल्याण कृष्णमूर्ति साल 2013 में Flipkart से जुड़े थे. जनवरी 2017 में उन्हें कंपनी का CEO बनाया गया. इसके बाद 2018 में उन्होंने ग्रुप CEO की जिम्मेदारी भी संभाली. उनके कार्यकाल के दौरान Flipkart ने अपने कारोबार का तेजी से विस्तार किया.

साल 2018 में Walmart ने करीब 16 अरब डॉलर में Flipkart की बड़ी हिस्सेदारी खरीदी थी. इस अधिग्रहण के बाद कंपनी के कारोबार को आगे बढ़ाने में कृष्णमूर्ति की अहम भूमिका रही. उनके नेतृत्व में Flipkart ने भारत के ऑनलाइन रिटेल बाजार में अपनी स्थिति मजबूत की.

कंपनी ने फैशन, ट्रैवल और फिनटेक जैसे नए क्षेत्रों में भी कारोबार का विस्तार किया. इसके अलावा Flipkart की सालाना सेल ‘The Big Billion Days’ देश के सबसे बड़े ऑनलाइन शॉपिंग इवेंट में शामिल हो गई.

बालाजी थियागराजन संभालेंगे अंतरिम जिम्मेदारी

कल्याण कृष्णमूर्ति के जाने के बाद फिलहाल बालाजी थियागराजन और Flipkart का बोर्ड कंपनी का संचालन करेंगे. बालाजी अभी कंपनी में चीफ प्रोडक्ट एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CPTO) के पद पर कार्यरत हैं. कंपनी ने कहा है कि नए CEO की नियुक्ति को लेकर आने वाले कुछ हफ्तों में जानकारी दी जाएगी.

Walmart International के प्रेसिडेंट और CEO क्रिस निकोलस ने कल्याण कृष्णमूर्ति के योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि कल्याण के नेतृत्व और कंपनी में बेहतर गवर्नेंस व्यवस्था स्थापित करने से Flipkart को फायदा हुआ है. उन्होंने कृष्णमूर्ति को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं.

IPO पर है कंपनी का फोकस

Flipkart में यह नेतृत्व बदलाव ऐसे समय में हो रहा है, जब कंपनी अपने कारोबार को मुनाफे में लाने और संभावित IPO की तैयारी कर रही है. कंपनी क्विक कॉमर्स जैसे नए क्षेत्रों में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है. इसके लिए उसने Flipkart Minutes सर्विस शुरू की है.

भारतीय ई-कॉमर्स बाजार में Amazon और Meesho जैसी कंपनियों से मिल रही चुनौती के बीच Flipkart अपने कारोबार का विस्तार कर रही है. वहीं, क्विक कॉमर्स सेगमेंट में भी प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है.

साल 2007 में स्थापित Flipkart के पास 50 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स हैं. कंपनी के प्लेटफॉर्म पर Shopsy सहित 14 लाख से ज्यादा सेलर्स जुड़े हुए हैं. इसके ग्रुप बिजनेस में Myntra, Flipkart Wholesale, Cleartrip और super.money शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: डिजिटल अरेस्ट में पैसे डूबे तो बैंक देगा मुआवजा! RBI के नए नियमों में मिलेंगे 25 हजार रुपये तक