ट्रंप फिर बढ़ा सकते हैं भारत पर टैरिफ का बोझ, चीन समेत दर्जनों देशों पर भी अमेरिका की नजर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत, चीन समेत दर्जनों देशों पर नया टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहे हैं. अमेरिका का आरोप है कि ये देश सरकारी सब्सिडी के जरिए जरूरत से ज्यादा उत्पादन कर रहे हैं, जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है. जानिए भारत पर कितना बढ़ सकता है टैरिफ और किन देशों पर पड़ेगा इसका असर.
Highlights
- अमेरिका भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ समेत कई अर्थव्यवस्थाओं पर नया टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है.
- EU, जापान और दक्षिण कोरिया पर टैरिफ 15% या उससे कम रह सकता है.
- चीन पर सबसे ज्यादा सख्ती हो सकती है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर भारत के खिलाफ टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं. इस बार अमेरिका का निशाना भारत, चीन समेत दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं. आरोप है कि ये देश अपनी कंपनियों को सरकारी सब्सिडी देकर जरूरत से ज्यादा उत्पादन कर रहे हैं. इससे वैश्विक में सस्ते सामान की सप्लाई बढ़ रही है और अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है.
द वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) Jamieson Greer इस हफ्ते औद्योगिक सब्सिडी को लेकर कई महीनों से चल रही जांच के नतीजे पेश कर सकते हैं. हालांकि, रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि घोषणा का समय बदल भी सकता है.
किन देशों पर लगेगा अमेरिका का निशाना?
अमेरिका की प्रस्तावित टैरिफ कार्रवाई में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों समेत कई अर्थव्यवस्थाएं शामिल हो सकती हैं. इसके तहत इन देशों से अमेरिका आने वाले ज्यादातर सामान पर नया टैरिफ लगाया जा सकता है.
हालांकि, स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल जैसे कुछ औद्योगिक उत्पादों को इससे छूट मिल सकती है. इन उत्पादों पर अमेरिका पहले ही राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अलग प्रावधानों के तहत टैरिफ लगा चुका है.
भारत पर कितना बढ़ सकता है टैरिफ?
फिलहाल यह साफ नहीं है कि भारत समेत दूसरे देशों पर कितनी दर से नया टैरिफ लगाया जाएगा. लेकिन ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि टैरिफ की दरें 2025 में घोषित दरों के आसपास हो सकती हैं. हालांकि, फरवरी 2026 में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के टैरिफ के पहले दौर को रद्द कर दिया था.
रिपोर्ट के मुताबिक, जिन देशों ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते किए हैं, उनकी कुल टैरिफ दरों पर इन समझौतों का असर दिख सकता है. यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया पर टैरिफ 15% या इससे कम रह सकता है. वहीं, भारत और वियतनाम जैसे देशों पर ज्यादा टैरिफ लगने की आशंका है. यह दर अमेरिका के साथ हुए समझौतों की शर्तों पर निर्भर करेगी.
चीन पर सबसे ज्यादा सख्ती की तैयारी
अमेरिका चीन के खिलाफ ज्यादा सख्त रुख अपना सकता है. ट्रंप प्रशासन का मानना है कि चीन अपनी कंपनियों को बड़े पैमाने पर सरकारी सब्सिडी देता है. इससे वहां की कंपनियां जरूरत से ज्यादा सामान बनाकर वैश्विक में सस्ती कीमतों पर बेचती हैं.
अमेरिका का आरोप है कि इससे उसके घरेलू निर्माताओं के लिए मुकाबला करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में चीन पर दूसरे देशों के मुकाबले ज्यादा टैरिफ लगाए जा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Stocks to Watch: Adani Enterprises से Tata Steel तक, आज इन शेयरों में दिखेगा एक्शन; जानें वजह
आगे भी बढ़ सकता है टैरिफ का दबाव
प्रस्तावित योजना में ऐसे प्रावधान भी शामिल हो सकते हैं, जिनके जरिए अमेरिका भविष्य में टैरिफ और बढ़ा सकेगा. अगर किसी देश में औद्योगिक जरूरत से ज्यादा उत्पादन की समस्या बढ़ती है या वह अमेरिका के साथ बातचीत के दौरान अपनी नीतियों में बदलाव नहीं करता है, तो उस पर अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है.
इसके अलावा, ये नए टैरिफ जुलाई में घोषित एक अलग व्यापारिक कार्रवाई के तहत लगाए गए शुल्क के ऊपर भी लागू हो सकते हैं. जुलाई की कार्रवाई में उन देशों को निशाना बनाया गया था, जहां जबरन मजदूरी से बने सामान के आयात को रोकने में नाकामी का आरोप लगाया गया था. इसके तहत करीब 60 अर्थव्यवस्थाओं पर 10% से 12.5% तक टैरिफ तय किया गया था. हालांकि, यह कदम भी कानूनी चुनौती का सामना कर रहा है.
Latest Stories
₹4400 सस्ती हुई चांदी, सोना ₹1400 लुढ़का, जानें आपके शहर में क्या हैं 24-22-18 कैरेट के ताजा भाव
RBI MPC: 0.50% की जगह 0.25% बढ़ सकता है रेपो रेट, SBI ने क्यों दी बड़ी चेतावनी?
सोने की कीमतों में गिरावट से RBI की बढ़ी चिंता, गोल्ड लोन कंपनियों को दी चेतावनी, जानें क्या है पूरा मामला
