₹66 से ₹170 पहुंचा शेयर! ₹28,900 करोड़ का है ऑर्डर बुक; दिया 154% तक रिटर्न; क्या बनेगा अगला मल्टीबैगर
HFCL के शेयर ने 2026 में अब तक 154% रिटर्न दिया है. कंपनी की ऑर्डर बुक 28,900 करोड़ रुपये है. जानें कंपनी की ग्रोथ की बड़ी वजहें और अगले तीन साल में शेयर की चाल किन बातों पर निर्भर करेगी.
Highlights
- HFCL के शेयर ने 2026 में अब तक 154% रिटर्न दिया है.
- कंपनी की ऑर्डर बुक ₹28,900 करोड़ है. FY27 में कम से कम 80% रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीद जताई गई है.
- AI इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर और टेलीकॉम नेटवर्क की बढ़ती मांग कंपनी के कारोबार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है.
Multibagger Stock: शेयर बाजार में 2026 के दौरान कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं. साल के ज्यादातर समय बाजार में सुस्ती रही, लेकिन नवंबर में शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है. इस माहौल में निवेशकों के लिए शानदार रिटर्न देने वाले शेयर चुनना आसान नहीं रहा. हालांकि, कुछ शेयरों ने बाजार के कमजोर प्रदर्शन के बावजूद शानदार कमाई कराई है. इनमें टेलीकॉम और टेक्नोलॉजी कंपनी HFCL का नाम भी शामिल है. HFCL के शेयर ने 2026 में अब तक 154 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है यानी इस साल शेयर में निवेश करने वालों की दौलत दोगुने से ज्यादा हो गई है. कंपनी के शेयर का प्रदर्शन Nifty 500 के मुकाबले भी बेहतर रहा है, जिसने इस दौरान लगभग सपाट रिटर्न दिया है. अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि आने वाले तीन साल में यह शेयर किस दिशा में जा सकता है.
क्या करती है HFCL?
HFCL Limited की शुरुआत 1987 में हुई थी. यह भारत की एक टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो ऑप्टिकल फाइबर केबल, टेलीकॉम और नेटवर्किंग उपकरण और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स बनाती है. कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में 5G नेटवर्किंग सॉल्यूशन, Wi-Fi सिस्टम, राउटर, सर्विलांस रडार, थर्मल वेपन साइट और इलेक्ट्रॉनिक फ्यूज शामिल हैं. इसके अलावा कंपनी टेलीकॉम ऑपरेटरों, सरकारी एजेंसियों और रक्षा संगठनों के लिए बड़े स्तर पर टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर और सिस्टम इंटीग्रेशन से जुड़े प्रोजेक्ट भी करती है.
वित्तीय प्रदर्शन में आई मजबूत तेजी
अगले तीन साल में HFCL के शेयर का प्रदर्शन काफी हद तक कंपनी की वित्तीय स्थिति पर निर्भर करेगा. कंपनी ने हाल की कुछ तिमाहियों में अच्छा प्रदर्शन किया है और FY27 की पहली छमाही में भी यह तेजी जारी रही. FY27 के पहले छह महीनों में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 132% बढ़ा. वहीं, कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 1401.31 फीसदी बढ़ गया. Q2FY27 में कंपनी ने अब तक का सबसे ज्यादा रेवेन्यू दर्ज किया.
कंपनी के मैनेजमेंट के मुताबिक, यह तेजी उन रणनीतिक फैसलों और निवेश का नतीजा है, जो कंपनी ने पहले किए थे. इसमें नई क्षमताएं विकसित करना, उत्पादन क्षमता बढ़ाना, बैकवर्ड इंटीग्रेशन, नई टेक्नोलॉजी वाले प्रोडक्ट विकसित करना और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाना शामिल है.
AI और डेटा सेंटर से बढ़ रही मांग
HFCL के कारोबार को आगे बढ़ाने में AI इंफ्रास्ट्रक्चर, बड़े डेटा सेंटर और टेलीकॉम नेटवर्क की मांग अहम भूमिका निभा सकती है. कंपनी के मैनेजमेंट का कहना है कि इन क्षेत्रों में मांग लगातार बढ़ रही है. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बड़े डेटा सेंटर चलाने वाली कंपनियों और टेलीकॉम ऑपरेटरों के साथ बातचीत भी आगे बढ़ रही है. इनमें से कई कारोबारी मौके पक्के कॉन्ट्रैक्ट में बदल रहे हैं. इससे कंपनी के ऑर्डर पाइपलाइन को मजबूती मिल रही है और आने वाले समय के कारोबार को लेकर बेहतर अनुमान लगाने में मदद मिल सकती है.
₹28,900 करोड़ की ऑर्डर बुक
HFCL की ऑर्डर बुक 289 अरब रुपये यानी करीब 28,900 करोड़ रुपये है. यह ऑर्डर बुक कंपनी को आने वाले कई सालों के कारोबार के लिए बेहतर विजिबिलिटी देती है. इसके अलावा कंपनी के पास कई ऐसे ऑर्डर भी हैं, जो बातचीत के आखिरी दौर में हैं और आने वाले समय में पक्के कॉन्ट्रैक्ट में बदल सकते हैं. अगर ये ऑर्डर कंपनी को मिलते हैं, तो इससे उसके कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
अगले तीन साल में शेयर की चाल किन बातों पर निर्भर करेगी?
26 नवंबर 2026 को HFCL का शेयर हरे निशान में कारोबार करता दिखा. इस दौरान शेयर की कीमत 169.81 रुपये प्रति शेयर रही. कंपनी के शेयर ने पिछले एक साल में 140% से ज्यादा और तीन साल में 154% से अधिक का रिटर्न दिया है.
अब आने वाले तीन साल में शेयर की चाल काफी हद तक कंपनी की रेवेन्यू और मुनाफे में बढ़ोतरी, ऑर्डर बुक को समय पर पूरा करने और नए ऑर्डर हासिल करने पर निर्भर करेगी. इसके अलावा, कंपनी की विस्तार योजनाएं कितनी तेजी से जमीन पर उतरती हैं, यह भी अहम होगा. AI इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर और टेलीकॉम नेटवर्क की बढ़ती मांग HFCL के लिए नए मौके बना सकती है. हालांकि, इन मौकों को वास्तविक कारोबार और मुनाफे में बदलना कंपनी के लिए बड़ी चुनौती होगी. ऐसे में निवेशकों को कंपनी के आने वाले तिमाही नतीजों, ऑर्डर बुक और विस्तार योजनाओं पर नजर रखनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें- NSE Share Price: रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा स्टॉक, लिस्टिंग के बाद 34% तक रिटर्न, मार्केट कैप 6 लाख करोड़ के करीब
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.
Latest Stories
NSE Share Price: रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा स्टॉक, लिस्टिंग के बाद 34% तक रिटर्न, मार्केट कैप 6 लाख करोड़ के करीब
81.5% बढ़ा मुनाफा और 600% डिविडेंड का धमाका! Siemens Energy के शेयर में आया 9% तक का उछाल
Sugar Stocks Rally: चीनी कंपनियों के शेयरों में तूफानी तेजी, Dhampur Sugar 14% तक उछला, जानें वजह
